उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के बछरावां में स्थित सामुदायकि स्वास्थ्य केंद्र बारिश के बाद जलमग्न हो गया। सोशल मीडिया वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि पानी वार्ड के अंदर तक भरा है। मरीज और तीमारदार बेड पर बैठने को मजबूर हैं। अगर किसी को वार्ड में जाना है तो पानी से ही जाने का विकल्प है। बताया जा रहा है कि रविवार को इलाके में मूसलाधार बारिश हुई। जल निकासी व्यवस्था ठीक न होने के कारण पानी अस्पताल परिसर के अलावा वार्ड में भर गया।

 

वायरल वीडियो में शख्स कह रहा है, 'सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां के जच्चा-बच्चा केंद्र की यह तस्वीर है। जहां पर जलभराव है। कोई व्यवस्था नहीं। मरीज मजबूर हैं, क्योंकि गरीब लोग यहां पर आते हैं। कोई धन्नासेठ घर का नहीं है।' वीडियो में ही एक तीमारदार ने पूछने पर बताया कि यहां कोई नहीं है। कोई पूछने तक नहीं आया है। महिलाओ ने भी बताया कि शौच आदि जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वीडियो बनाने वाला शख्स कहता है कि कोई संज्ञान नहीं ले रहा है। बछरावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवान भरोसे है।

 

यह भी पढ़ें: रूस पर यूक्रेन का बड़ा हमला, वाइल्डबेरीज के गोदाम को किया धुआं-धुआं; 6 की मौत

 

यहां देखें वायरल वीडियो-

 

 

पूरे वार्ड में भरा गंदा पानी

वीडियो में दिख रहा है कि सभी तीमारदार और मरीज एक ही बेड पर बैठने को मजबूर हैं। पूरे वार्ड में गंदा पानी भरा है। लोगों का आरोप है कि अस्पताल का कोई स्टाफ व्यवस्था देखने नहीं आया। लोगों को गंदा पानी भरने के बाद संक्रमण का खतरा सताने लगा है। दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक सीएचसी अधीक्षिक अर्पिता श्रीवास्तव ने कहा कि तेज बारिश की वजह से वार्डों में पानी भरा है। जल निकासी व्यवस्था को जल्द ही सही कर दिया जाएगा।

अस्पताल का कामकाज प्रभावित

जच्चा-बच्चा वार्ड के अलावा अधीक्षक कक्ष, जन औषधि केंद्र और सभागार में पानी भरा है। इससे न केवल अस्पताल का कामकाज प्रभावित हो रहा, बल्कि अस्पताल तक पहुंचने और वार्ड में इलाज करवा रहे मरीजों को भी खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है। 

 

यह भी पढ़ें: वेनेजुएला में तेल निकालेगी भारत की ONGC, अमेरिका से मिला लाइसेंस

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का वीडियो भी हुआ था वायरल

हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का एक वीडियो वायरल हुआ था। एयरपोर्ट में फोर कोर्ट से पार्किंग एरिया को जोड़ने वाले अंडरपास बारिश के बाद जलमग्न हो गया था। विपक्ष ने इस मामले में सरकार को घेरा। इसके अलावा उन्नाव से लखनऊ के बीच बना कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस वे भी उद्घाटन के बाद हल्की बारिश में कई जगह धंस गया। नतीजा यह हुआ कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को टोल तक फ्री करना पड़ा।