गुजरात के मोरबी जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जिसकी चर्चा अब पूरे देश में हो रही है। यहां एक गांव में स्थित एक कुएं में पिछले कुछ दिनों से करीब 18 फीट गहरे इस कुएं में बिना किसी बाहरी कारण के पानी में लगातार लहरें उठती दिखाई दे रही हैं। इस नजारे ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ वैज्ञानिकों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे अलग-अलग तरह से परिभाषित करने में लगे हुए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कुएं का पानी आमतौर पर स्थिर ही रहता था लेकिन हाल के दिनों में अचानक उसमें समुद्र जैसी छोटी-छोटी लहरें उठने लगीं। खास बात यह है कि उस समय आसपास तेज हवा भी नहीं थी और न ही कुएं में किसी ने कोई चीज गिराई जिससे लहरें उठ सकें। अब कुएं पर यह लहरें देखने लोग पहुंच रहे हैं। कुछ लोग इसे भूकंप का संकेत या कोई दिव्य घटना की तरह पेश कर रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल इसे किसी अलौकिक घटना या भूकंप का संकेत मानने का कोई वैज्ञानिक आधार नहीं है।
यह भी पढ़ें: 'मेरे पास 42 लोगों की लिस्ट है, मुझे जिंदा जलाना चाहते थे', बृजभूषण का पलटवार
एक्सपर्ट्स क्या बोले?
विशेषज्ञों का मानना है कि इस घटना के पीछे कई प्राकृतिक कारण हो सकते हैं। उनका कहना है कि एयर प्रेशर में बदलाव, भूजल स्तर में अचानक परिवर्तन या मॉनसून के दौरान भूजल का तेजी से बढ़ना इसके कारण हो सकते हैं। जानकारों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद जमीन के भीतर पानी का दबाव बदलने से भी कुओं में इस तरह की हलचल देखने को मिल सकती है।
लगातार हो रही बारिश
मोरबी और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव और नदियों का जलस्तर बढ़ा है। जानकारों का मानना है कि इसी वजह से भूजल प्रणाली में तेजी से बदलाव आया होगा, जिससे कुएं के पानी में लहरें बन रही हैं।
क्यों उठ रही लहरें?
स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं। जिला भूविज्ञानी जेएस वधेर ने कहा कि पहली नजर में यह घटना किसी भूकंपीय गतिविधि से जुड़ी हुई नहीं लगती। उन्होंने कहा, 'यह भूकंपीय गतिविधि नहीं है। शुरुआती तौर पर ऐसा लगता है कि ऊपरी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के बाद भूजल का तेजी से रीचार्ज हो रहा है। इसी दौरान चट्टानों के बीच में फंसी हवा बाहर निकल रही है, जिससे कुएं के पानी में हलचल और लहरें पैदा हो रही हैं।'
यह भी पढ़ें: UP के विधायक काम नहीं कराते या पोर्टल में दिक्कत? MLA फंड की तस्वीर धुंधली है!
कुएं में लहरें देखने आ रहे लोग
जिस किसान के खेत में यह कुआं है उसने बताया कि उसने और उसके बेटे ने 2 अगस्त को पहली बार इस तरह की लहरें देखी थी। इसके बाद लगातार यह लहरें उठ रही हैं और लोग इसे देखने आ रहे हैं। स्थानीय लोग भी इसे देखने आ रहे हैं और अब सोशल मीडिया पर भी इस घटना की वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि इसकी जानकारी राज्य सरकार को दे दी गई है और जिलाधिकारी के नेतृत्व में मामले की जांच की जाएगी।
