शिरोमणि अकाली दल (SAD) अध्यक्ष सुखबीर बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में कृपाण से हमला किया गया। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनके दाहिने हाथ में तीन टांके लगे हैं। पार्टी ने बताया कि सुखबीर बादल की हालत ठीक और खतरे से बाहर है। नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक नीलाभ रोहन ने बताया कि सुखबीर बादल पर एक निहंग ने हमला किया था। उसे हिरासत में ले लिया गया है। महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने फोन पर सुखबीर बादल का हालचाल जाना और मामले की जांच का आदेश दिया।
नांदेड़ पुलिस के मुताबिक सुखबीर बादल अपनी पत्नी हरसिमरत कौर बादल के साथ एक दिन पहले ही नांदेड़ स्थित श्री हजूर साहिब गए थे। गुरुवार को सुखबीर बादल गुरुद्वारा श्री माता साहिब देवान जी मुगत पहुंचे। यहां दोपहर को लगभग एक बजकर 45 मिनट पर उन पर हमला किया गया। बादल की विशेष सुरक्षा यूनिट में तैनात पुलिस अधिकारी संतोष केंद्रे को भी चोट आई है। वे बादल को बचाने का प्रयास कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: 190 करोड़ की लागत, 107 कमरे; दिल्ली में बन रहा हिमाचल का तीसरा गेस्ट हाउस
कौन है आरोपी, किस वजह से खफा था?
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान जसपाल सिंह (62) के तौर पर हुई। वह पुणे के सोलापुर का रहने वाला है। वह पिछले दो साल से बतौर सेवादार गुरुद्वारे में काम करता था। नांदेड़ एसपी के मुताबिक आरोपी पंजाब में ड्रग्स की समस्या से खफा था। हालांकि अभी तक स्पष्ट वजह का पता नहीं चला है। मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सुखबीर सिंह बादल का दौरा निजी था। कलेक्टर ऑफिस में इसकी कोई जानकारी नहीं दी गई थी। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने भी हमले की निंदा की और कहा कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दो साल में दूसरी बार हमला
दो साल पहले दिसंबर 2024 में अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के प्रवेश द्वार पर सुखबीर सिंह बादल पर फायरिंग हुई थी। हालांकि वे बाल-बाल बच गए थे। हमले को बब्बर खालसा इंटरनेशनल के पूर्व आतंकी नरैन सिंह चौरा ने अंजाम दिया था।
यह भी पढ़ें: 'पूरा देश देखेगा झारखंड का आंदोलन', केंद्र को CM सोरेन ने क्यों दी चेतावनी?
अकाली दल ने की सीबीआई जांच की मांग
अकाली दल ने बताया कि सुखबीर सिंह बादल ठीक हैं और चढ़दी कलां में हैं। हालांकि विक्रम सिंह मजीठिया समेत शिअद के तमाम नेताओं ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की और कहा कि यह हमला खुफिया विफलता है। शिअद प्रवक्ता ने अर्शदीप सिंह क्लेर ने कहा, 'कुछ पंथ-विरोधी ताकतें ऐसी साजिशें रच रही हैं। उन पर पहले भी हमला हो चुका है, भगवान ने उन्हें तब भी बचाया था और बृहस्पतिवार को भी।
सुखबीर सिंह बादल के साले और शिअद के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा, 'यह पूरी तरह से खुफिया तंत्र की नाकामी है। हमें यह समझना होगा कि गुरु घर पर कोई हमला नहीं करता। ऐसे काम वही लोग करते हैं जो नास्तिक होते हैं।' मजीठिया ने मामले की सीबीआई जांच की मांग की।
