उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एमबीबीएस डॉक्टर ने खुदकुशी कर ली है। पीजी की तैयारी कर रही 26 वर्षीय डॉक्टर ने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से मिले सुसाइड नोट में उसने डिप्रेशन, एंजायटी और निराशा से जूझने की बात लिखते हुए अपनी मौत के लिए किसी अन्य को जिम्मेदार न ठहराने की अपील की है। घटना शहर के फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित अर्जुन नगर पक्का बाग इलाके की है। यहां कारोबारी रविकांत दीक्षित अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी सौम्या दीक्षित ने कानपुर के एक निजी मेडिकल संस्थान से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों नीट पीजी की तैयारी कर रही थीं।

 

बताया गया कि सौम्या की मां बड़े बेटे के पास बेंगलुरु गई हुई थीं। गुरुवार को सौम्या घर में अकेली थीं, जबकि उनके पिता रोज की तरह अपने कारोबार के सिलसिले में बाहर गए थे। रात करीब आठ बजे जब रविकांत दीक्षित घर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो सौम्या का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। बेटी की हालत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

 

यह भी पढ़ें: 18 हजार की घूस लेते वन दरोगा गिरफ्तार, एंटी करप्शन की कार्रवाई से मचा हड़कंप

सुसाइड नोट में लिखी भावुक बातें

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें सौम्या ने लिखा कि वह लंबे समय से डिप्रेशन, एंजायटी और निराशा से जूझ रही थीं। उन्होंने लिखा कि उनके इस कदम के लिए कोई अन्य जिम्मेदार नहीं है। सुसाइड नोट में उन्होंने परिवार और परिचितों से माफी मांगते हुए लिखा कि वह सभी से बहुत प्यार करती हैं और हर सहयोग के लिए सभी की आभारी हैं। साथ ही उन्होंने अपने टैबलेट में दो वीडियो होने का भी जिक्र किया और उसके पासवर्ड संबंधी जानकारी लिखी।

15 दिन पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश

मृतका के मामा पल्लव दुबे ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में मिले वीडियो से पता चला है कि करीब 15-16 दिन पहले भी सौम्या ने आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना इरादा बदल दिया था। परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए शव का पोस्टमार्टम तीन डॉक्टरों के पैनल की निगरानी में कराया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।

 

यह भी पढ़ें: SBI के लॉकर से गायब हो गए 1 करोड़ के गहने, रिटायर्ड सूबेदार ने उठाए सवाल

पुलिस कर रही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच

फ्रेंड्स कॉलोनी थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मौके से मिले सुसाइड नोट, टैबलेट, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। इनमें कुछ वीडियो भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।

नोट: खुदकुशी से बेहतर जिंदगी है। अगर आप किसी मानसिक तनाव या अवसाद से जूझ रहे हैं और आपके मन में भी ऐसे ख्याल आ रहे हैं तो तत्काल 9152987821 पर कॉल करें और अपनी परेशानी बताएं।। कोशिश करें कि किसी ऐसे अपने से बात करें जो आपसे ज्यादा समझदार हो। आपकी जिंदगी अनमोल है, इसे खत्म करने का हक आपको नहीं है।