आजकल गर्मी इतनी बढ़ गई है कि पारा 42-43 डिग्री तक पहुंच रहा है। ऐसे में AC हमारे लिए बहुत ज़रूरी हो गया है लेकिन पिछले कुछ दिनों में दिल्ली और आस-पास के इलाकों से AC फटने या उसमें आग लगने की खबरें आ रही हैं। विवेक विहार की घटना ने सबको डरा दिया है। लोग अब AC चलाने से डरने लगे हैं लेकिन अगर हम कुछ आसान बातों का ध्यान रखें, तो हम अपने AC को बम बनने से रोक सकते हैं।

 

अक्सर लोग क्या करते हैं कि जैसे ही गर्मी शुरू होती है सीधा पुराना AC चालू कर देते हैं। अगर AC काफी समय से बंद है तो उसे चलाने से पहले किसी अच्छे मैकेनिक से उसकी सर्विस जरूर करवा लेनी चाहिए। सर्विस होने से मशीन के अंदर जमी धूल निकल जाती है और उसकी वायरिंग चेक हो जाती है, जिससे शॉर्ट सर्किट का खतरा कम हो जाता है।

 

यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर की झंझट खत्म, अब घर बैठे ऐसे लें नया PNG कनेक्शन

जलने की गंध पर रखें खास नजर

अगर आपका AC चलते समय अचानक कोई अजीब आवाज करने लगे या फिर उसमें से जलने की स्मेल आने लगे तो उसे तुरंत बंद कर दें। यह संकेत है कि मशीन के अंदरूनी हिस्से या तार बहुत ज्यादा गर्म हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में लापरवाही करना भारी पड़ सकता है, इसलिए तुरंत मैकेनिक को बुलाकर उसकी जांच करवाएं।

कंडेनसर की नियमित सफाई

AC के एयर फिल्टर में धूल जमने से हवा का रास्ता रुक जाता है, जिससे मशीन पर दबाव बढ़ता है और वह गर्म होने लगती है। फिल्टर को समय-समय पर साफ करें या जरूरत पड़ने पर बदल दें। इसके साथ ही बाहर लगी कंडेनसर कॉइल को भी सादे पानी से धोते रहें ताकि वह ठंडी बनी रहे लेकिन ध्यान रहे कि पानी का प्रेशर बहुत तेज न हो।

आउटडोर यूनिट के पास रखें खाली जगह

AC का जो हिस्सा घर के बाहर लगा होता है उसे खुली जगह की जरूरत होती है। आउटडोर यूनिट के चारों तरफ कम से कम 3 से 4 फीट की खाली जगह होनी चाहिए ताकि वह गर्मी को आसानी से बाहर निकाल सके। कोशिश करें कि यह यूनिट किसी छाया वाली जगह पर हो और इसके आसपास कोई भी जलने वाला सामान न रखा हो।

ओवरहीटिंग से बचाएं

AC को लगातार कई घंटों तक बिना ब्रेक के चलाने से वह ओवरहीट हो सकता है। जब कमरा पूरी तरह ठंडा हो जाए, तो मशीन को थोड़ी देर का आराम दें। मशीन को ठंडा होने का समय देना उसे सुरक्षित रखने और उसकी लाइफ बढ़ाने का सबसे अच्छा तरीका है।

 

यह भी पढ़ें: आपके फोन पर भी अचानक बजने लगा इमरजेंसी सायरन, घबराएं नहीं, असली बात जानिए

बिजली के तारों की क्वालिटी

वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से बचने के लिए हमेशा एक अच्छी कंपनी का स्टेबलाइजर इस्तेमाल करें। इसके अलावा एसी की मेन वायरिंग और प्लग को चेक करते रहें। अगर तार पुराने हो गए हैं या कनेक्शन ढीले हैं तो उन्हें तुरंत ठीक करवाएं क्योंकि खराब वायरिंग ही अक्सर शॉर्ट सर्किट और आग लगने का कारण बनती है।