आज के डिजिटल दौर में लोग अब यूपीआई से पेमेंट करना पसंद करते हैं। इसने पैसों के लेन-देन को काफी आसान और तेज बना दिया है। हालांकि कभी-कभार बस एक ही क्लिक से पैसे गलत मोबाइल नंबर या यूपीआई आईडी पर भेज दिए जाते हैं। अगर आपके साथ भी ऐसा हुआ है तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। बस आपको सही समय पर शिकायत करने और कुछ आसान स्टेप्स को फॉलो करने की जरूरत है।
यूपीआई की मदद से अब चंद सेकंड में कही भी पैसा भेजा जा सकता है लेकिन कई बार यही पैसे गलत यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर हो जाते हैं। ऐसे में लोग घबराने लगते हैं और समझ नहीं पाते कि अब पैसा मिलेगा या नहीं, जबकि सच्चाई इससे यह है कि तुरंत कार्रवाई करने पर आपके पैसे वापस आने की संभावना रहती है।
यह भी पढ़ें: घर बैठे आधार कार्ड में अपना पता कैसे बदलें? आसान तरीका जानिए
गलत यूपीआई ट्रांजैक्शन होने पर क्या करें
सबसे पहले जिस यूपीआई ऐप (Google, PhonePe, Paytm या BHIM) से अपने पेमेंट किया है उसमें जाकर Help, Support या Report a Problem के विकल्प से शिकायत दर्ज करें। शिकायत करते समय Transaction ID (UTR Number), ट्रांजैक्शन की तारीख और भेजी गई रकम की जानकारी अपने पास रखें।
अगर ऐप से मदद नहीं मिलती है तो अपने बैंक के कस्टमर केयर पर कॉल करें या बैंक शाखा में जाकर लिखित शिकायत दें। बैंक आपके मामले की जांच करके आगे की प्रक्रिया को शुरू करेगा।
अगर बैंक और ऐप दोनों से समाधान नहीं मिलता तो आप NPCI के Dispute Redressal पोर्टल या हेल्पलाइन 1800-120-1740 पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। शिकायत करते समय UTR नंबर, रकम, तारीख और UPI ID जैसी जानकारी देनी होगी।
यह भी पढ़ें: घर बैठे ऐसे करें अपना पासपोर्ट रिन्यू, जानें किन डॉक्यूमेंट की होगी जरूरत
किन मामलों में पैसा अपने आप वापस आ जाता है?
अगर आपके खाते से पैसे कट गए हैं लेकिन तकनीकी खराबी की वजह से सामने वाले के खाते में नहीं पहुंचे तो यह फेल ट्रांजैक्शन माना जाता है। ऐसे मामलों में तय समय के अंदर बैंक पैसा वापस कर देता है। अगर बैंक तय समय से ज्यादा देर करता है तो RBI के नियमों के अनुसार कुछ मामलों में मुआवजा भी देना पड़ सकता है।
30 दिन तक समाधान न मिले तो क्या करें?
अगर बैंक, UPI ऐप या NPCI में शिकायत करने के बाद भी 30 दिनों तक आपकी समस्या का समाधान नहीं होता तो आप RBI की Integrated Ombudsman Scheme के तहत शिकायत दर्ज करा सकते हैं। यह सुविधा ग्राहकों के लिए मुफ्त है।
इन बातों का रखें ध्यान
- पेमेंट करने से पहले UPI ID, मोबाइल नंबर और सामने वाले का नाम एक बार जरूर जांच लें।
- ट्रांजैक्शन का स्क्रीनशॉट और UTR नंबर सेव करके रखें।
- गलती का पता चलते ही तुरंत शिकायत दर्ज करें।
- किसी भी व्यक्ति के साथ अपना UPI PIN या OTP शेयर न करें।
