आज के समय में ब्लॉग, वीडियो, फोटो, सोशल मीडिया पोस्ट और डिजिटल डिजाइन जैसे कंटेंट को बनाना जितना आसान हो गया है उतना ही आसान उसे कॉपी करना भी हो गया है। कई बार लोगों की मेहनत से तैयार किया गया कंटेंट बिना अनुमति के दूसरे लोग इस्तेमाल कर लेते हैं जिससे कंटेंट क्रिएटर और बिजनेस को नुकसान उठाना पड़ता है। अगर आपने भी कोई ओरिजिनल कंटेंट बनाया है या अपना कोई ब्रांड शुरू किया है तो उसे कानूनी सुरक्षा देना बेहद जरूरी है।

 

भारत में कॉपीराइट और ट्रेडमार्क जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं जो आपके कंटेंट और ब्रांड की पहचान को सुरक्षित रखने में मदद करती हैं। कई लोगों को कॉपीराइट और ट्रेडमार्क के बीच का अंतर पता नहीं होता। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि किस स्थिति में कॉपीराइट की जरूरत होती है, ट्रेडमार्क कब कराया जाता है और अपने कंटेंट को कानूनी रूप से कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है।

 

यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स: डेकाथलॉन में मेडल जीतने वाले तेजस्विन शंकर की कहानी क्या है?

कॉपीराइट क्या होता है?

कॉपीराइट एक कानूनी अधिकार है जो किसी व्यक्ति द्वारा बनाए गए ओरिजिनल रचनात्मक कार्य की सुरक्षा करता है। इसमें लेख, किताब, ब्लॉग, फोटो, वीडियो, संगीत, फिल्म, पेंटिंग, सॉफ्टवेयर और अन्य रचनात्मक कंटेंट शामिल होता है। जब कोई व्यक्ति अपना ओरिजिनल कंटेंट तैयार करता है तो उस पर उसका अधिकार होता है और बिना उसकी अनुमति के कोई दूसरा व्यक्ति उसे कॉपी, प्रकाशित, बेच या इस्तेमाल नहीं कर सकता।

 

अगर कोई आपकी अनुमति के बिना आपके कंटेंट का उपयोग करता है तो आप उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं। कॉपीराइट का उद्देश्य कंटेंट बनाने वाले व्यक्ति की मेहनत और Intellectual Property की सुरक्षा करना है।

अपने कंटेंट को कॉपीराइट से कैसे सुरक्षित करें?

अगर आप ब्लॉग, वीडियो, फोटो, संगीत, डिजाइन या किसी अन्य तरह का ओरिजिनल कंटेंट बनाते हैं तो उसे सुरक्षित रखना जरूरी है। यह कैसे होगा, तरीका जानिए-

 

1. ओरिजिनल कंटेंट बनाएं
ऐसा कंटेंट तैयार करें जो पूरी तरह आपका अपना हो। किसी दूसरे के काम को कॉपी करने से बचें।

2. अपने काम का रिकॉर्ड रखें
कंटेंट की मूल फाइल, ड्राफ्ट, फोटो, वीडियो और उसे बनाने की तारीख सुरक्षित रखें। जरूरत पड़ने पर ये आपके मालिकाना हक का सबूत बन सकते हैं।

3. कॉपीराइट रजिस्ट्रेशन कराएं
किसी ओरिजिनल रचना पर कॉपीराइट अपने आप मिल जाता है लेकिन आधिकारिक रजिस्ट्रेशन कराने से कानूनी विवाद की स्थिति में अपना दावा साबित करना आसान हो जाता है।

4. कॉपीराइट नोटिस का इस्तेमाल करें
अपनी वेबसाइट, ब्लॉग, फोटो या वीडियो पर अपना नाम या कंपनी का नाम लिखें। इससे लोगों को पता चलता है कि कंटेंट कॉपीराइट से सुरक्षित है।

5. बिना अनुमति इस्तेमाल होने पर कार्रवाई करें
अगर कोई व्यक्ति आपके कंटेंट का बिना इजाजत इस्तेमाल करता है तो पहले उसे कंटेंट हटाने के लिए कहें। जरूरत पड़ने पर संबंधित प्लेटफॉर्म पर शिकायत करें या कानूनी कार्रवाई का सहारा लें।

 

यह भी पढ़ें: PPO वेरिफिकेशन का झांसा, रिटायर्ड रेल कर्मचारी के खाते से 7 लाख उड़ाए

क्या होता है ट्रेडमार्क ?

ट्रेडमार्क एक कानूनी अधिकार है जो किसी कंपनी, व्यवसाय या व्यक्ति के ब्रांड की पहचान को सुरक्षा देता है। इसमें ब्रांड का नाम, लोगो, टैगलाइन, सिंबल, पैकेजिंग का खास डिजाइन या कोई ऐसा चिन्ह शामिल हो सकता है जिससे लोग आपके ब्रांड या सेवा को पहचानते हैं। ट्रेडमार्क रजिस्टर कराने के बाद कोई दूसरा व्यक्ति आपके ब्रांड नाम या उससे मिलते-जुलते नाम और लोगो का इस्तेमाल नहीं कर सकता। इससे आपके ब्रांड की पहचान सुरक्षित रहती है और ग्राहकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा नहीं होती।

ट्रेडमार्क कैसे रजिस्टर कराएं?

अगर आप अपने ब्रांड का नाम, लोगो या टैगलाइन को कानूनी रूप से सुरक्षित करना चाहते हैं तो ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। सबसे पहले यह जांच लें कि आपका ब्रांड नाम पहले से किसी और के नाम पर रजिस्टर तो नहीं है। अगर नाम उपलब्ध है तो आप ट्रेडमार्क के लिए आवेदन कर सकते हैं।

 

आवेदन के दौरान ब्रांड का नाम, लोगो, व्यवसाय से जुड़ी जानकारी और जरूरी डॉक्यूमेंट जमा करने होते हैं। इसके बाद संबंधित विभाग आवेदन की जांच करता है। कोई आपत्ति नहीं आती है या उसका समाधान हो जाता है तो आपका ट्रेडमार्क रजिस्टर कर दिया जाता है।

 

ट्रेडमार्क रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद आप अपने ब्रांड के साथ रजिस्टरड ट्रेडमार्क का उपयोग कर सकते हैं। इससे आपके ब्रांड को कानूनी सुरक्षा मिलती है और कोई अन्य व्यक्ति बिना अनुमति आपके ब्रांड नाम या लोगो का इस्तेमाल नहीं कर सकता है।

 

यह भी पढ़ें: पंजाब और हरियाणा के 8 टोल पर लगेंगे ज्यादा पैसे, जानिए कितनी हुई बढ़ोतरी

अगर कोई आपका कंटेंट कॉपी कर ले तो क्या करें ?

अगर कोई व्यक्ति आपकी अनुमति के बिना आपके लेख, फोटो, वीडियो, डिजाइन, संगीत या अन्य ओरिजिनल कंटेंट का इस्तेमाल करता है तो सबसे पहले उसके सबूत इकट्ठा करें। संबंधित वेबपेज या सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट लें, उसका लिंक सुरक्षित रखें और कंटेंट कब प्रकाशित हुआ था इसका रिकॉर्ड भी संभालकर रखें।

 

भारत में कॉपीराइट एक्ट, 1957 रचनाकारों को उनके ओरिजिनल कार्य पर कानूनी अधिकार देता है। यदि कोई व्यक्ति बिना अनुमति आपके कॉपीराइट वाले कंटेंट की नकल करता है। उसे प्रकाशित करता है या व्यावसायिक रूप से इस्तेमाल करता है तो यह कॉपीराइट उल्लंघन माना जा सकता है। ऐसे मामलों में आप संबंधित व्यक्ति को लीगल नोटिस भेज सकते हैं और कंटेंट हटाने की मांग कर सकते हैं। 

 

इसके अलावा, जिस वेबसाइट या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपका कंटेंट कॉपी किया गया है, वहां कॉपीराइट उल्लंघन की शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है। यदि मामला गंभीर हो और आपको आर्थिक या प्रतिष्ठा का नुकसान हुआ हो तो कॉपीराइट एक्ट, 1957 के तहत अदालत में कानूनी कार्रवाई का विकल्प भी उपलब्ध है। ऐसी स्थिति में किसी कानूनी विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर रहता है।