अगर आप अक्सर नेशनल हाईवे पर सफर करते हैं तो आपके लिए काम की खबर है। हाईवे पर सफर के दौरान अगर आपको टोल प्लाजा का टॉयलेट गंदा मिलता है तो आप उसकी फोटो खींचकर शिकायत कर सकते हैं। शिकायत सही पाए जाने पर आपके FASTag में 1,000 रुपये का रिचार्ज किया जाएगा। यह पहल NHAI के ‘Clean Toilet Picture Challenge’ का हिस्सा है।
हाईवे पर बने टॉयलेट की यात्रियों को सफर के दौरान काफी जरूरत पड़ती है लेकिन कई जगह साफ-सफाई ठीक नहीं रहती। इसी समस्या को दूर करने के लिए यह पहल शुरू की गई है। यह स्कीम सितंबर 2025 में शुरू हुई थी और अब इसे 30 जून 2027 तक बढ़ा दिया गया है। 2026 में अब तक करीब 429 यात्रियों को गंदे टॉयलेट की शिकायत करने पर 1,000 रुपये का FASTag रिवॉर्ड दिया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: ट्रेन में कचरा फेंकना पड़ेगा महंगा, रेलवे ने जुर्माना बढ़ाया, आप पर असर क्या?
ऐसे मिलेगा 1000 रुपये का रिवॉर्ड
इस स्कीम में हिस्सा लेने के लिए सबसे पहले आपको अपने मोबाइल में Rajmargyatra ऐप का लेटेस्ट वर्जन रखना होगा। अगर नेशनल हाईवे के किसी NHAI मैनेज्ड टोल प्लाजा पर टॉयलेट गंदा मिलता है तो उसकी साफ फोटो खींचकर ऐप के जरिए शिकायत करनी होगी। फोटो जियो-टैग और टाइम-स्टैम्प के साथ होनी चाहिए। शिकायत के साथ अपना नाम, लोकेशन, गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर और मोबाइल नंबर जैसी जानकारी भी देनी होगी।
फोटो और दी गई जानकारी की जांच के बाद शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित गाड़ी के FASTag में 1,000 रुपये का रिचार्ज क्रेडिट किया जाएगा। इस स्कीम के दौरान एक गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर पर सिर्फ एक बार रिवॉर्ड मिलेगा। यह पैसा कैश में नहीं मिलेगा और इसे किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर भी नहीं किया जा सकता।
यह भी पढ़ें: पीएम सूर्य घर योजना में बदलेंगे सब्सिडी के नियम, कम आय वालों को फायदा
अगर एक ही टॉयलेट की शिकायत एक ही दिन में कई लोग करते हैं तो सिर्फ पहली सही रिपोर्ट को ही रिवॉर्ड के लिए माना जाएगा। NHAI शिकायतों की जांच स्क्रीनिंग और मैनुअल वेरिफिकेशन के जरिए करता है। ध्यान रखें कि यह स्कीम सिर्फ उन टॉयलेट के लिए है जो NHAI के तहत आते हैं। पेट्रोल पंप, ढाबे या दूसरी जगहों के टॉयलेट इसमें शामिल नहीं हैं।
