हर साल इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) भरने की बात होती है। टीवी, अखबार और सोशल मीडिया पर भी ITR की आखिरी तारीख को लेकर खबरें आती रहती हैं। इसके बावजूद आज भी कई लोग को यह समझ नहीं आता कि ITR आखिर होता क्या है, इसे कौन भरता है और इसे भरना क्यों जरूरी है।
कुछ लोगों को लगता है कि सिर्फ ज्यादा कमाने वाले लोगों को ही ITR भरना पड़ता है जबकि ऐसा हर बार नहीं होता है। अगर आप नौकरी करते हैं, बिजनेस करते हैं या किसी भी तरह की कमाई करते हैं तो आपको ITR के बारे में जानकारी जरूर होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: PPF अकाउंट हो गया है बंद? इन आसान स्टेप्स से फिर हो जाएगा चालू
ITR क्या है?
इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) एक ऐसा फॉर्म है जिसके जरिए कोई भी व्यक्ति अपनी सालभर की कमाई की जानकारी आयकर विभाग (इनकम टैक्स डिर्पाटमेंट को देता है। इसमें बताया जाता है कि पूरे साल आपकी कुल कमाई कितनी रही, उस पर कितना टैक्स बना और अगर आपकी सैलरी से पहले ही टैक्स (TDS) काटा गया है तो उसकी भी जानकारी दी जाती है। यह सिर्फ टैक्स देने के लिए नहीं बल्कि अपनी कमाई किए हुए पैसो का कानूनी सबूत भी है।
कई लोग सोचते हैं कि ITR सिर्फ टैक्स देने के लिए भरा जाता है लेकिन ऐसा नहीं है। अगर आपकी सैलरी से जरूरत से ज्यादा टैक्स कट गया है तो ITR फाइल करने के बाद आप उसका रिफंड भी ले सकते हैं। यही वजह है कि इसे एक जरूरी वित्तीय दस्तावेज माना जाता है।
ITR फाइल करना क्यों जरूरी है?
ITR फाइल करना सिर्फ एक सरकारी नियम पूरा करना नहीं है बल्कि इससे आपको कई फायदे भी मिलते हैं। अगर आप समय पर ITR भरते हैं तो भविष्य में कई जरूरी काम आसान हो जाते हैं।
1. टैक्स का सही हिसाब रहता है
ITR भरने से आयकर विभाग को आपकी कमाई और टैक्स की पूरी जानकारी मिल जाती है। इससे यह साफ हो जाता है कि आपने नियमों के अनुसार टैक्स दिया है या नहीं।
2. ज्यादा कटा टैक्स वापस मिल सकता है
कई बार कंपनी कर्मचारी की सैलरी से जरूरत से ज्यादा TDS काट लेती है। ऐसे में ITR फाइल करने पर आप टैक्स रिफंड का दावा कर सकते हैं। अगर आपका रिफंड बनता है तो आयकर विभाग जांच के बाद वह रकम आपके बैंक खाते में भेज देता है।
3. बैंक से लोन लेने में मदद मिलती है
अगर आप भविष्य में होम लोन, कार लोन या पर्सनल लोन लेना चाहते हैं तो बैंक अक्सर पिछले कुछ सालों की ITR मांगते हैं। इससे बैंक को आपकी कमाई का रिकॉर्ड मिल जाता है और लोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है।
4. आय का सरकारी रिकॉर्ड बन जाता है
ITR आपकी कमाई का आधिकारिक रिकॉर्ड होता है। भविष्य में अगर कभी आय का प्रमाण (Income Proof) देना पड़े, तो ITR काफी काम आता है।
यह भी पढ़ें: F&O और इंट्राडे वालों के लिए ITR में क्या बदल गया? सब जान लीजिए
5. वीजा बनवाने में भी मदद मिलती है
अगर आप विदेश घूमने, पढ़ाई करने या नौकरी के लिए जाना चाहते हैं तो कई देशों की एंबेसी वीजा आवेदन के दौरान ITR की कॉपी मांग सकती है। इससे आपकी आय की जानकारी साबित होती है।
6. भविष्य की परेशानियों से बच सकते हैं
अगर आपकी आय ITR भरने के दायरे में आती है और आप समय पर रिटर्न फाइल नहीं करते हैं तो बाद में जुर्माना या अन्य टैक्स संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए समय पर ITR भरना बेहतर माना जाता है।
अगर ITR नहीं भरेंगे तो क्या होगा?
कई लोग सोचते हैं कि आईटीआर नहीं भरने से कोई फर्क नहीं पड़ता जब्कि ऐसा नहीं है। अगर आपको आईटीआर भरना जूरूरी था और आपने नहीं भरा तो बाद में आपको ऐसा करने के लिए जुर्माना देना पड़ सकता है। जरूरत से ज्यादा कटा टैक्स वापस नहीं मिलेगा। इसके अलावा बैंक लोन लेने में दिक्कत आ सकती है और भविष्य में आयकर विभाग की तरफ से नोटिस भी आ सकता है।


