उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में गालीबाज महिला के हाईवोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रात के समय महिला ने ऑनलाइन कुछ खाने पीने का सामान मंगाया था। जब डिलीवरी बॉय सामान लेकर सोसाइटी के गेट पर पहुंचा तो सुरक्षा गार्ड ने उसे वेरिफिकेशन के लिए रोक लिया। इसी बात को लेकर महिला नाराज भड़क गई। महिला सोसाइटी के गेट पर जाकर वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों से बहस करने लगी। 

 

मामला बिसरख थाना क्षेत्र स्थित आम्रपाली सेंचुरियन पार्क टेरेस होम्स सोसाइटी का है। वायरल वीडियो में महिला गार्डों के साथ जमकर गाली-गलौज करती दिख रही है। बताया जा रहा है कि महिला शराब के नशे में थी। हालांकि, इसको लेकर पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। 

 

यह भी पढ़ें: सिक्किम, केदारनाथ और अब नेपाल, क्या है GLOF जिसकी वजह से हर बार मची तबाही?

क्या है पूरा मामला? 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, महिला ने बीती रात ऑनलाइन सैनिटरी पैड और खाने का सामान ऑर्डर किया था। डिलीवरी बॉय जब सामान लेकर सोसाइटी पहुंचा तो गेट पर मौजूद गार्ड ने वेरिफिकेशन के लिए उसे रोक लिया। महिला इस बात से नाराज हो गई और गेट पर आकर वहां मौजूद गार्ड्स के साथ बदसलूकी करने लगी। उनके साथ जमकर गाली-गलौज किया। वायरल वीडियो में महिला कहती नजर आ रही है कि अमीर हूं, पुलिस मेरा क्या बिगाड़ेगी? SSP, CID और DIG जिसे बुलाना है बुला ले। तेरी कोई औकात नहीं, जूते साफ करवाऊंगी।  

महिला पर गार्डों के साथ मारपीट की कोशिश करने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि इस दौरान महिला द्वारा कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल भी किया गया। महिला के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, अभी तक इसको लेकर पुलिस की ओर से कोई पुष्टि नहीं की गई है। 

पुलिस इस मामले की जांच कर रही है

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना के पीछे की शुरुआत डिलीवरी बॉय को वेरिफिकेशन के लिए रोके जाने से हुई थी। पुलिस ने बताया कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर चर्चा में है।