महाराष्ट्र के नासिक जिले में आवारा कुत्तों के खिलाफ विरोध का एक अनोखा तरीका देखने को मिला। जब आवारा कुत्तों पर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट से जुड़े पदाधिकारियों ने अधिकारी के टेबल पर कुत्ता छोड़ दिया। यहां निफाड शहर में लोग आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से काफी ज्यादा परेशान चल रहे थे। लगातार कुत्तों के हमले और काटने की घटनाओं से नागरिकों में नाराजगी बढ़ रही थी। 

 

इसपर प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध जताने के लिए नेता ने बोरी में कुत्ते को ले जाकर अधिकारी के टेबल पर छोड़ दिया। इससे जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। 

 

यह भी पढ़ें: CBI के निशाने पर क्यों आया ईसाई मिशनरी नेटवर्क? 92.55 करोड़ पर सवाल

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि नासिक के निफाड में आवारा कुत्तों ने भारी आतंक मचा रखा है। इन कुत्तों ने कई छोटे बच्चों और नागरिकों को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। इस मुद्दे पर नगर पंचायत प्रशासन से लगातार आवारा कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की जा रही थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन की इस लापरवाही पर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के युवासेना जिला प्रमुख विक्रम रंधवे और नगरसेविका रूपाली रंधवे ने नागरिकों के साथ मिलकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने सीधे मुख्य अधिकारी (CO) धीरज भामरे के केबिन की टेबल पर एक आवारा कुत्ता छोड़ दिया।  

नोटों की माला भी पहनाई

आरोप है कि एक तरफ आवारा कुत्ते नागरिकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं, तो वहीं मुख्य अधिकारी केवल टेंडर प्रक्रियाओं में व्यस्त हैं। लोगों ने इसको लेकर भी प्रतीकात्मक विरोध जताया, उन्होंने अधिकारी की टेबल पर 'नोटों की माला' भी पहनाई। प्रदर्शनकारियों की चेतावनी दी कि अभी गणेशोत्सव, नवरात्रि और त्योहारों का समय चल रहा है, इसलिए तुरंत इन आवारा कुत्तों का बंदोबस्त किया जाए।  

शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों को लेकर पहले भी नगर पंचायत प्रशासन को कई बार शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके अलावा, लोगों ने लिखित आवेदन देकर भी समस्या की जानकारी दी लेकिन स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। लोगों को कहना है कि जब तक नगर पंचायत इस समस्या को गंभीरता से लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाती, तब तक शहर के लोगों के लिए खतरा बना रहेगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।