उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में एक गाय सुर्खियों में है, जो पिछले 8 दिनों से लगातार खेत के चारों तरफ चक्कर लगा रही थी। डॉक्टरों के मुताबिक गाय को गंभीर सर्रा हाइपोग्लाइसीमिया (Hypoglycemia) की बीमारी हुई है, जिस वजह से वह लगातार चक्कर लगा रही थी। इससे पहले कुछ लोगों ने गाय को चमत्कारी मान लिया था। इसी वजह से कई लोगों ने गाय की पूजा-पाठ की थी। साथ ही कई लोगों ने गाय के साथ खेत की परिक्रमा भी की थी। दूसरी तरफ कुछ लोगों ने सूझबूझ से काम लिया और डॉक्टर को जांच के लिए बुलाया। डॉक्टरों ने गाय की जांच की तो पता चला कि गाय को बीमारी हुई है।
यह मामला इकौना ब्लॉक के बसभरिया पुरैना गांव का है, जहां एक गाय लगातार चक्कर लगा रही थी। 8 दिनों बाद गाय के इलाज के लिए कुछ लोगों ने डॉक्टरों की एक टीम को बुलाया। इसके बाद डॉक्टरों ने गाय को एक इंजेक्शन लगाया, जिससे उसका लगातार चलना बंद हो गया। फिलहाल गाय को इलाज के लिए भेजा गया है।
यह भी पढ़ें: '370 रुपये की बिरयानी' पर हंगामा मचा, अब रेप पर जोक कस गए मधुर विरली
डॉक्टरों ने गाय के बारे में क्या कहा?
इस मामले को लेकर डॉ. सुनील सिंह ने कहा कि गाय की सेहत फिलहाल कमजोर है। गाय के शरीर में ग्लूकोज की मात्रा कम है। गाय का इलाज इंजेक्शन और ड्रिप के जरिए किया गया था। फिलहाल गाय को गांव में एक जगह बांधकर रखा गया है। डॉक्टरों ने गांव के लोगों को भी यही सलाह दी है कि गाय को बांधकर रखा जाए।
यह उत्तर प्रदेश में पहली बार नहीं हुआ है जब जानवरों के बार-बार चक्कर लगाने को लोगों ने चमत्कार माना हो। इससे पहले एक कुत्ते की घटना सामने आई थी, जो भगवान की मूर्ति के चारों तरफ चक्कर लगा रहा था, जिसे लोगों ने चमत्कार माना था।
यह भी पढ़ें: कटौती से परेशान महिला तकिया लेकर बिजली ऑफिस पहुंच गई, वीडियो वायरल
कुत्ते को भी समझा गया चमत्कारी
इसी साल जनवरी में बिजनौर के नंदपुर गांव में एक मामला सामने आया था, जब एक स्थानीय कुत्ता हनुमान भगवान की मूर्ति की परिक्रमा करने लगा था। इसे देखकर कई लोगों ने कुत्ते को भैरव का एक अवतार मानकर उसकी पूजा शुरू कर दी थी। कुत्ते का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
