उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में 5 बच्चों की विधवा मां को अपनी बहन की दामाद से प्यार हो गया है। अब दोनों एक दूसरे के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गए हैं। जब बच्चों और परिवार वालों ने इसका विरोध किया तो यह मामला कोतवाली तक पहुंच गया। दोनों परिवार के काफी समझाने के बाद भी एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस ने भी दोनों को काफी समझाने की कोशिश की। 

 

यह पूरा मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, महिला अपने दामाद के साथ एक रिश्तेदारी में आई हुई थी। इसी दौरान महिला के बच्चों और परिजनों को दोनों के बीच संबंध की जानकारी हुई। इसी को लेकर विवाद शुरू हो गया और बच्चों ने विरोध करते हुए खूब हंगामा किया। 

 

यह भी पढ़ें: 'बीवी की गुलामी करने वाला अच्छा मर्द', मुसलमानों से ऐसा क्यों कहने लगे ओवैसी?

क्या है पूरा मामला?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में 45 वर्षीय महिला के पति की मौत हो चुकी है। वह अपने पांच बच्चों के साथ रहती है, उसकी बहन भी उसी के घर के पास  में रहती है। बहन की बेटी की शादी करीब दो साल पहले ही हुई थी। शादी के बाद युवक अपने ससुराल आने-जाने लगा, इस दौरान उसकी महिला के साथ नजदीकियां बढ़ीं। जब परिवार के लोगों को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई तो बवाल मच गया। 

शादी की जिद पर अड़े दोनों

बच्चों और परिवार के सदस्यों ने उनका विरोध किया, महिला के बच्चों ने उससे संबंध खत्म करने की धमकी दी फिर भी दोनों की बातचीत चलती रही। बुधवार को घर में पंचायत बुलाकर मामले को सुलझाने की कोशिश की गई। महिला अपनी बहन के दामाद के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। जब काफी देर तक समझाने के बाद भी दोनों नहीं माने तो परिवार के लोग उन्हें लेकर कोतवाली पहुंच गए।

 

इस रिश्ते को लेकर बच्चे और परिवार वालों के अलावा आस-पास को लोगों को भी ऐतराज है। यह मामला खरगजीत नगर और आसपास के इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। महिला के बच्चों और अन्य परिजनों के विरोध के चलते मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।