उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिला न्यायालय में शुक्रवार को वंदना गुप्ता नाम की महिला ने कोर्ट रूम में घुसकर जज की कुर्सी संभाल ली, हथौड़ा बजाया और खुद को जिला जज घोषित करते हुए मामलों की सुनवाई शुरू कर दी। असली जज के छुट्टी पर होने के कारण वह कोर्ट रूम खाली था जहां महिला ने जज की कुर्सी पर बैठकर वकीलों को निर्देश दिए और अदालत का काम रोकने की कोशिश की जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।  

 

शिवपुर इलाके में रहने वाली वंदना गुप्ता शुक्रवार सुबह लगभग 9 बजे कोर्ट परिसर में आई। उसने कोर्ट रूम में जाकर पूछा कि जज साहब कब आएंगे। इसके बाद वह सीधे जज की कुर्सी पर जाकर बैठ गई जहां स्टाफ ने काम के लिए फाइलें रखी थीं। महिला ने वे फाइलें अपने पास रख लीं और कुर्सी संभाल ली।  

 

यह भी पढ़ें: शबरी के जूठे बेर की तरह DK के जूठे सेब, वायरल वीडियो पर फंसे शिवकुमार

वकीलों को निर्देश

कुर्सी पर बैठने के बाद महिला ने वहां मौजूद वकीलों और लोगों पर अपना रौब जमाया। उसने हाथ में रखा हथौड़ा मेज पर जोर-जोर से पटका और चिल्लाकर कहा कि ऑर्डर ऑर्डर। उसने वकीलों को साफ निर्देश दिए कि वे गवाहों को सामने लाएं और केस से जुड़े सबूत पेश करें। उसने दावा किया कि आज वह खुद जिला जज है और सभी मामलों की सुनवाई करेगी। वहां मौजूद लोग उसे कुर्सी से हटने के लिए कहते रहे लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही और किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थी।

 

यह ड्रामा करीब एक घंटे तक चलता रहा। जब कुछ वकीलों ने घटना का वीडियो बनाना शुरू किया तो वह और अधिक नाराज हो गई। अंत में पुलिस को बुलाया गया और महिला पुलिस अधिकारी ने उसे कुर्सी से नीचे उतारा। उसे हिरासत में लेकर कैंट पुलिस स्टेशन ले जाया गया जहां उससे पूछताछ की जा रही है और उसकी मानसिक स्थिति की जांच भी करवाई जा रही है।  

 

यह भी पढ़ें: 5 बच्चों की मां, उम्र 45 साल, 19 बरस के लड़के पर आ गया दिल, फरार हो गईं

सुरक्षा पर सवाल

इस घटना के तुरंत बाद एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह वहां पहुंचे। उन्होंने कोर्ट के प्रवेश द्वार पर सुरक्षा की कमी पर गंभीर चिंता जताई है और इस मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी है। कोर्ट प्रशासन ने सभी एंट्री गेट के कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी है कि अब वंदना गुप्ता को अदालत परिसर में किसी भी हाल में अंदर न आने दिया जाए।  

 

स्थानीय वकीलों ने बताया कि वंदना गुप्ता का वाराणसी कोर्ट में कोई भी केस लंबित नहीं है। वह पहले भी कई बार कोर्ट में आकर इसी तरह जज की कुर्सी पर बैठने का प्रयास कर चुकी है। पुलिस अभी इस बात की जांच कर रही है कि उसके पास कोई कानूनी केस न होने के बावजूद वह कोर्ट के अंदर कैसे घुस पाई। फिलहाल उन पर कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।