भारत के ज्यादातर परिवारों में 30-40 साल पुराने सोने के गहने होना आम बात है। ये गहने अक्सर मां से बेटी, दादी से पोती या सास से बहू को विरासत या निशानी के तौर पर मिलते हैं। चूंकि ये कई दशक पुराने होते हैं, इसलिए किसी के पास इनकी खरीद का बिल नहीं होता। बिल न होने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि घर में रखा सोना अवैध है लेकिन अगर कभी किसी कानूनी या आयकर जांच में सवाल उठ जाए तो परिवार को यह बताना पड़ सकता है कि ये गहने कहां से आए और उन पर किसका हक है।
हाल ही में 2 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट (SC) ने स्टेट ऑफ बिहार vs फुलपरी कुमारी मामले में एक आदेश दिया है। इस केस में आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से घिरी एक महिला के खिलाफ पटना हाई कोर्ट ने आयकर विभाग के सोने से जुड़े निर्देशों का हवाला देकर कार्रवाई रद्द कर दी थी। SC ने हाई कोर्ट का आदेश पलटते हुए साफ किया कि किसी महिला के पास 500 ग्राम सोना होने का मतलब यह नहीं है कि उस सोने का स्रोत भी अपने-आप साबित हो गया। हालांकि यह आदेश एक आपराधिक मामले से जुड़ा है। हर आम परिवार पर लागू नहीं होता लेकिन इससे यह समझने की जरूरत है कि घर में सोना होने के साथ-साथ उसका हिसाब-किताब रखना भी कितना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: लाल निशान पर खुला शेयर मार्केट, सेंसेक्स लुढ़का; सोना चांदी का भाव जानिए
500, 250 और 100 ग्राम सोने का असली नियम क्या है?
सोने की सीमा को लेकर अक्सर लोगों में भ्रम रहता है। आयकर विभाग (CBDT) ने 11 मई 1994 को निर्देश संख्या 1916 जारी किया था। यह सिर्फ छापेमारी के दौरान सोना जब्त न करने के बारे में है। इसके तहत किसी शादीशुदा महिला के पास 500 ग्राम, गैर-शादीशुदा महिला के पास 250 ग्राम और पुरुष के पास 100 ग्राम तक सोना होने पर अधिकारी इसे जब्त नहीं करते।
परिवार की परंपरा और सामाजिक स्थिति को देखते हुए अधिकारी इससे ज्यादा सोना भी छोड़ सकते हैं। लेकिन तीन बातें हमेशा याद रखनी चाहिए। पहला, यह घर में सोना रखने की कोई अधिकतम कानूनी सीमा नहीं है। दूसरा, यह सोने पर मिलने वाली कोई टैक्स छूट नहीं है और तीसरा तय सीमा के भीतर सोना होने का मतलब यह नहीं कि उसके स्रोत पर कभी सवाल नहीं उठ सकता।
आयकर कानून क्या कहता है?
1 अप्रैल 2026 से लागू नए Income-tax Act, 2025 की धारा 11(2)(m) और उपधारा (3)(c) के तहत वसीयत या विरासत में मिले सोने पर कोई गिफ्ट टैक्स नहीं लगता। यानी पिता से बेटी या मां से बेटे को विरासत में मिले गहने टैक्स-फ्री हैं। हालांकि, इसी नए कानून की धारा 524 के मुताबिक, अगर IT डिपार्टमेंट की तलाशी में किसी के कब्जे या बैंक लॉकर से सोना मिलता है तो शुरुआती तौर पर यह माना जा सकता है कि वह सोना उसी व्यक्ति का है। इसलिए अगर एक ही बैंक लॉकर में परिवार के अलग-अलग सदस्यों के गहने रखे हैं तो हर गहने के असली मालिक का रिकॉर्ड रखना समझदारी है।
बिल नहीं है, तो कौन-से सबूत आएंगे काम?
कानून में ऐसा कोई एक कागज तय नहीं है जिसे दिखाते ही पुश्तैनी सोना साबित हो जाए। ऐसे में अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से परिवार को कागज संभालकर रखने चाहिए। पहला, विरासत में मिला सोना के कागज, फैमिली सेटलमेंट का कोई रिकॉर्ड, पुराने लॉकर या इश्योरेंस के दस्तावेज पास होने चाहिए। दूसरा, शादी में मिले गिफ्ट्स की पुरानी लिस्ट, गहने देने वाले का नोट और शादी के फोटो और वीडियो। और तीसरा, खुद खरीदा पर बिल खो गया तो उस स्थिति में बैंक स्टेटमेंट, चेक या क्रेडिट कार्ड से हुए भुगतान का रिकॉर्ड, पुराने ITR में संपत्ति का ब्योरा या सुनार से निकलवाई गई डुप्लीकेट रसीद। इसके अलावा पुराने गहने की फोटो, अनुमानित वजन, सुनार की कोई पर्ची और नए गहने का पक्का बिल जिसमें पुराने सोने का हिसाब लिखा हो।
यह भी पढ़ें: बीमा कंपनियों के दो हिसाब होंगे एक जैसे, IRDAI क्यों बदलना चाहता है नियम?
शुरू करें पुश्तैनी सोने का हिसाब रखना
किसी भी तरह की कानूनी उलझन से बचने के लिए परिवार आज से ही अपने पुराने गहनों का एक साधारण रिकॉर्ड तैयार कर सकता है। गहने जैसे हार, चूड़ी, कंगन आदि की अलग-अलग साफ फोटो खींचें और उसका नाम लिखें। हर गहने का मौजूदा वजन नाप कर लिखें और यह दर्ज करें कि वह किससे और किस साल के आसपास मिला था। परिवार में जब भी कोई गहना एक सदस्य से दूसरे को दिया जाए तो उसका एक रिकॉर्ड बना लें। किसी सरकारी मान्यता प्राप्त ज्वेलर से गहनों की मौजूदा शुद्धता, वजन और कीमत का वैल्यूएशन सर्टिफिकेट बनवा लें। ध्यान रहे कि यह आज की स्थिति का प्रुफ है। 30 साल पहले की खरीद का नहीं, इसलिए पुराने पारिवारिक कागजात भी साथ में संभालकर रखें।