Exit Polls में बंगाल जीत रही BJP, लोग क्यों नहीं कर रहे यकीन? ममता फैक्टर समझिए
2011 के विधानसभा चुनावों से पश्चिम बंगाल में स्थापित हुईं ममता बनर्जी का चुनावी आधार, चुनाव-दर-चुनाव बढ़ता गया है। पहले भी वह एग्जिट पोल के खेल में फेल हुईं लेकिन सरकार उन्हीं की बनी।

शुभेंदु अधिकारी, पीएम नरेंद्र मोदी और ममता बनर्जी। AI इमेज। Photo Credit: ChatGPT
पश्चिम बंगाल में करीब डेढ़ दशक से सत्ता में बैठी ममता बनर्जी सरकार की राज्य से विदाई हो सकती है। 29 अप्रैल को मतदान खत्म होने के बाद जारी हुए ज्यादातर चुनाव पूर्व अनुमानों (Exit Polls) में भारतीय जनता पार्टी की राज्य में प्रचंड बहुमत से सरकार बनती नजर आ रही है। साल 2011 में पहली बार ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थीं, तब से लेकर अब तक, पड़ोसी राज्यों में कई सरकारें बदल गईं लेकिन ममता बनर्जी का दबदबा कायम रहा। साल 2011, 2016, और 2021 के विधानसभा चुनावों में भी ममता बनर्जी की ताकत लगातार बढी, कम नहीं हुई।
2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में भी ममता बनर्जी मजबूत ही हुईं, कमजोर नहीं पड़ीं। ऐसे में अब 2026 के विधानसभा चुनावों के बाद आए एग्जिट पोल्स को लेकर सवाल उठ रहे हैं। ज्यादातर सर्वे में उनकी सरकार गिरती दिखाई जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेता दावा कर रहे हैं कि 4 मई को ममता बनर्जी सरकार बंगाल से विदा हो जाएगी लेकिन कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस दोनों का दावा है कि यह इतना भी आसान होने वाला नहीं है। आम लोगों को भी भरोसा नहीं हो रहा है कि एग्जिट पोल्स के दावे सही हैं।
यह भी पढ़ें: आंसू बहाने वाले प्रदीप गुप्ता ने क्यों नहीं जारी किए बंगाल के Exit Polls?
ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल:-
हम मां‑माटी‑मानुष की सरकार बना रहे हैं। जय बंगाल।
एग्जिट पोल्स में बंगाल में कौन-कौन दिखा रहा TMC की विदाई?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए टूडेज चाणक्य ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 48 प्रतिशत वोट शेयर मिल सकता है, बीजेपी 192 से ज्यादा सीटें जीत सकती है, वहीं तृणमूल कांग्रेस 100 सीटों पर सिमट सकती है। मैट्रिज न्यूज के एग्जिट पोल में दावा किया गया है कि बीजेपी 146 से 161 सीटें जीत सकती है और TMC को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान है। पी मार्क में दावा किया गया है कि तृणमूल कांग्रेस 118 से 138 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है, वहीं बीजेपी आसान बहुमत हासिल कर सकती है। बीजेपी को इस सर्वे में 150-175 सीटें हासिल कर रही है।
चाणक्य स्ट्रेटजीज ने टीएमसी को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान जताया है, बीजेपी को 138 से 159 सीटें मिल सकती हैं लेकिन जंग मुश्किल हो सकती है। जेवीसी का दावा है कि टीएमसी को 131 से 152 सीटें मिल सकती हैं, बीजेपी 138 से 159 सीटें हासिल कर सकती है। दोनों दलों के बीच कड़ा मुकाबला हो सकता है।
एग्जिट पोल्स के खेल में BJP आगे है
पश्चिम बंगाल के एग्जिट पोल्स के खेल में बीजेपी आगे नजर आ रही है। सिर्फ पीपुल्स पल्स के सर्वे में यह अनुमान जताया गया है कि टीएमसी ही जीत हासिल करेगी। 
यह भी पढ़ें: एक दिन बाद आए Exit Poll में पलटा पासा, बंगाल में इस पार्टी को प्रचंड बहुमत
क्यों एग्जिट पोल्स पर सवाल उठ रहे हैं?
तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि ये एग्जिट पोल गलत हैं, इन्हें BJP के इशारे पर जारी किया गया है। ममता बनर्जी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी आराम से सरकार बना लेगी। 4 मई को चुनावी नतीजे आ रहे हैं, उससे पहले बंगाल में सियासी बवाल मचा है। चुनाव में धांधली से लेकर ईवीएम हैक करने तक दावे किए जा रहे हैं, खुद ममता बनर्जी, भवानीपुर के एक कंट्रोल रूम में गुरुवार देर रात पहुंची।
एग्जिट पोल्स के कई सर्वे गलत साबित होते रहे हैं। कई बार एग्जिट पोल्स के नतीजों ने चौंका दिया। पीपुल्स पल्स के सर्वे में दावा किया गया है कि बीजेपी 95 से 110 सीटें हासिल कर सकती है, जबकि तृणमूल कांग्रेस सत्ता में वापसी कर सकती है। टीएमसी को 177 से 187 सीटें मिल सकती हैं। यह इकलौता बड़ा सर्वे है जो TMC को स्पष्ट बहुमत दे रहा है। बाकी के सर्वे सबसे अलग हैं।
एक और एग्जिट पोल एक्सिस माई इंडिया ने बंगाल में एग्जिट पोल नहीं किया। कंपनी के डायरेक्टर प्रदीप गुप्ता ने बताया कि 60 से 70 प्रतिशत लोगों ने चुप्पी साधी थी। हां या न में जवाब ही नहीं दिया। उनका दावा है कि बंगाल के वोटरों में असाधारण चुप्पी है। महिलाएं भी कुछ बताने के लिए तैयार नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: 'BJP दफ्तर से आए हैं Exit Polls', रुझानों पर भड़कीं ममता बनर्जी
गलत क्यों हो सकते हैं ये आंकड़े?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 के एग्जिट पोल्स में तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच कांटे की टक्कर बताई गई थी। कई सर्वे में दावा किया गया था कि राज्य में त्रिशंकु विधानसभा हो सकती है। पोल ऑफ पोल्स में TMC को 141 और BJP को 138 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया था, एक्सिस माई इंडिया ने TMC को 143 और BJP-147 सीटें मिलने का अनुमान जताया था।
इंडिया टीवी ने TMC को 88 और BJP-192 सीटें मिलने का अनुमान जताया था, पोलस्ट्रैट ने TMC को 147 और BJP को 130 सीटें जीतने का वादा किया था। जब नतीजे आए तो चौंकाने वाले रहे। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC ने भारी बहुमत के साथ सरकार बनाई, जबकि बीजेपी सिर्फ 77 सीटों पर सिमट गई। ऐसे ही अनुमान फिर जताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें: 2021 में कितने सही साबित हुए Exit Polls? चौंका देगी इनकी सच्चाई
ममता फैक्टर को कमजोर नहीं मान रहे लोग?
पश्चिम बंगाल के संदर्भ में एग्जिट पोल्स पर लोगों को भरोसा इसलिए नहीं हो रहा है कि क्योंकि साल 2011 से लेकर अब तक, तृणमूल कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड, सफलता वाला रहा है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने जड़ें तो जमाई हैं लेकिन इतनी मजबूत स्थिति में अभी तक आ नहीं पाई है। 2021 के विधानसभा चुनावों में भी 2026 की तरह लगभग सभी प्रमुख एग्जिट पोल्स ने बीजेपी की जीत या कांटे की टक्कर की भविष्यवाणी की थी, लेकिन नतीजे पूरी तरह से अलग रहे। ममता बनर्जी की टीएमसी ने तगड़ी जीत हासिल की थी। एग्जिट पोल्स पर लोग भरोसा ही नहीं जता पाए।
पश्चिम बंगाल में बंगाल में 'साइलेंट वोटर' की बड़ी भूमिका रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस बेहद मजबूत स्थिति में है। एक यह बात भी है कि पश्चिम बंगाल में करीब 27 फीसदी मुस्लिम वोटर हैं। मुस्लिम वोटर, ममता बनर्जी के कट्टर समर्थक माने जाते रहे हैं। कांग्रेस भी मानती है कि तृणमूल कांग्रेस ने इतना ज्यादा तुष्टीकरण किया है, जिसकी वजह से बीजेपी वहां मजबूत हुई है। राज्य में करीब 85 सीटें ऐसी हैं, जिन पर मुस्लिम मतदाता जीत हार तय करते हैं। बीजेपी, चुनाव में घूम-घूमकर हिंदू हितों की बात कर रही है, ऐसे में ये समीकरण, बीजेपी के खिलाफ जाते नजर आ रहे हैं। लोग, एग्जिट पोल्स पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap

