'नरेंद्र मोदी भ्रष्ट लेकिन TMC पीछे नहीं,' बंगाल में ममता को घेर गए राहुल गांधी
राहुल गांधी ने दावा किया है कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की असफलताओं की वजह से ही बीजेपी को कामयाबी मिली है।

पश्चिम बंगाल के रायगंज में राहुल गांधी। Photo Credit: PTI
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर गभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने रायगंज में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया और कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी का अस्तित्व इसलिए टिका हुआ है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस ने अच्छा काम नहीं किया है। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार पर नफरत फैलाने का आरोप भी लगाया है।
राहुल गांधी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी दोनों महिलाओं की बात नहीं करती हैं, रोजगार की बात नहीं करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी सरकार में महिलाओं को लेकर सुरक्षा दुरुस्त नहीं है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर गुंडागर्दी फैलाने का भी आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें: जिन चेहरों के भरोसे बंगाल जीतती हैं ममता, BJP ने उनके खिलाफ किसे उतारा?
'अगर TMC ने काम किया होता, BJP नहीं होती'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
बंगाल में TMC, बीजेपी के लिए रास्ता बना रही है क्योंकि अगर TMC ने अपना काम किया होता, आपको रोजगार दिया होता और नफरत नहीं फैलाई होती तो के यहां उभरने का सवाल ही नहीं उठता। बीजेपी बंगाल में दिखाई भी नहीं देती।
'TMC के गुंडे जो करना चाहते हैं वह करते हैं'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
पश्चिम बंगाल में हम हिंसा और अपराध की बात करते हैं, तो हमें आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुए दुष्कर्म और हत्या मामले की भी बात करनी होगी। आज बंगाल में TMC के गुंडे जो करना चाहते हैं, वो करते हैं। कांग्रेस के नेताओं को मारते हैं। हमारे नेता तपन कुंडू की हत्या कर दी गई।
यह भी पढ़ें: 'हाथ जोड़ेगा, माफी मांगेगा, जेल जाएगा...', CM हिमंता पर राहुल गांधी का पलटवार
राहुल गांधी ने कहा, 'BJP और TMC के नेता हिंसा का प्रयोग करते हैं, लेकिन कांग्रेस हिंसा के खिलाफ है।'
'पहले लेफ्ट, अब TMC, बंगाल में बढ़ा रहे बेरोजगारी'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, 'TMC ने 2021 के घोषणापत्र में 5 लाख लोगों को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनता को कुछ नहीं मिला। उल्टा यहां की कंपनियां और मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स बंद हो गईं।'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
एक तरफ TMC कहती है- हम 5 लाख लोगों को रोजगार देंगे। दूसरी तरफ, 84 लाख युवा बेरोजगारी भत्ता मांग रहे हैं। पश्चिम बंगाल के लोगों के साथ मजाक किया जा रहा है। पहले लेफ्ट ने उद्योगों को बंद किया, अब TMC कर रही है।
यह भी पढ़ें: 'वोटिंग के दिन घर पर ही रहें TMC के गुंडे', पश्चिम बंगाल में अमित शाह की चेतावनी
'नरेंद्र मोदी भ्रष्ट, TMC भी पीछे नहीं'
राहुल गांधी ने कहा, 'नरेंद्र मोदी तो भ्रष्ट हैं ही, लेकिन TMC भी भ्रष्टाचार की रेस में पीछे नहीं है। शारदा चिट फंड घोटाला, 17 लाख निवेशकों का 1,900 करोड़ रुपए वापस नहीं किया गया। रोज वैली चिट फंड घोटाला, 31 लाख निवेशकों का 6,600 करोड़ रुपए अभी तक वापस नहीं किया गया। कोल स्मगलिंग, गैरकानूनी खनन, गुंडा टैक्स से TMC अपने सिंडिकेट को फायदा पहुंचाने में लगी हुई है।'
'BJP के लोग नफरत फैलाते हैं'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
मोदी सरकार ने बंगाल को 2 लाख करोड़ रुपए नहीं दिए। मनरेगा का पैसा काट दिया, बजट में पश्चिम बंगाल को कोई प्रोजेक्ट नहीं दिया। TMC सिर्फ अपने लिए काम करने में व्यस्त है, उन्हें यहां की जनता की कोई फिक्र नहीं है।
राहुल गांधी ने रायगंज में कहा, 'BJP के लोग 24 घंटा नफरत फैलाते हैं। एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं और हर जगह वोट चोरी करके चुनाव जीतते हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हरियाणा के बाद BJP अब पश्चिम बंगाल में वोट चोरी कर चुनाव जीतने की कोशिश कर रही है और बंगाल में BJP को मौका देने का काम TMC कर रही है।'
'नरेंद्र मोदी का कंट्रोल, ट्रंप के हाथ में है'
राहुल गांधी ने कहा, 'अडानी कंपनी, BJP का फाइनेंशियल स्ट्रक्चर है और इस बात को डोनाल्ड ट्रंप समझ गया है, इसीलिए अमेरिका में अडानी पर केस लगा दिया है। आज अडानी के पास भले ही बहुत पैसा है लेकिन वो हिन्दुस्तान से बाहर नहीं जा सकता, क्योंकि जैसे ही अडानी देश से बाहर जाएगा, अमेरिका उसे पकड़ लेगा और मोदी के नाम का गुब्बारा फट जाएगा। यानी नरेंद्र मोदी का पूरा कंट्रोल ट्रंप के हाथ में है।'
यह भी पढ़ें: अमित शाह ने खुद ही BJP के पैर पर मार दी कुल्हाड़ी! UCC के मुद्दे से खुश TMC
'संविधान खत्म करने की कोशिश हो रही है'
राहुल गांधी ने कहा, 'हम आज अंबेडकर जी को याद कर रहे हैं। अंबेडकर जी, गांधी जी और नेहरू जी ने देश को संविधान दिया। आज RSS-BJP की नफरत से भरी विचारधारा संविधान को ख़त्म करने की कोशिश कर रही है।'
राहुल गांधी, नेता विपक्ष, लोकसभा:-
RSS-BJP के लोग सीधे तौर पर संविधान पर हमला नहीं करते, लेकिन संस्थाओं में अपने लोगों को बैठाकर और वोट चोरी कर देश के संविधान-लोकतंत्र को खत्म करने का प्रयास कर रहे हैं।
'RSS-BJP के खिलाफ है हमारी लड़ाई'
राहुल गांधी ने कहा, 'हमारी लड़ाई RSS-BJP की नफरत भरी विचारधारा के खिलाफ है। भारत जोड़ो यात्रा में कन्याकुमारी से कश्मीर तक हम 4 हजार किलोमीटर चले और नारा दिया- नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोलनी है। हमने पूरे देश को संदेश दिया कि नफरत, हिंसा, बंटवारे से कुछ नहीं होने वाला। मोहब्बत और एकता से ही देश आगे बढ़ेगा।'
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


