अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ब्रिटिश किंग चार्ल्स तृतीय के सामने एक ऐसी बात की जिसकी चर्चा अब पूरी दुनिया में है। ट्रंप ने कहा कि उनकी मां को चार्ल्स पर क्रश था। उन्होंने यह बात व्हाइट हाउस में ब्रिटिश महाराजा चार्ल्स के स्वागत समारोह के दौरान कही। इस मौके पर महाराजा चार्ल्स तृतीय की पत्नी महारानी कैमिला और ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रंप समेत अमेरिका और ब्रिटेन के कई बड़े अधिकारी और नेता वहां मौजूद थे। ब्रिटिश किंग चार्ल्स तृतीय अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं सालगिरह मनाने अमेरिका के चार दिवसीय दौरे पर हैं।
व्हाइट हाउस में ब्रिटिश किंग चार्ल्स तृतीय के स्वागत में एक समारोह रखा गया था। इस समारोह में जब ट्रंप ने बोलना शुरू किया तो उन्होंने अपने परिवार का किंग चार्ल्स के प्रति आकर्षण जाहिर किया। उन्होंने कहा, 'किसी भी समारोह या ऐसे ही किसी मौके पर, मेरी मां टीवी से चिपकी रहती थीं और कहती थीं कि देखो डोनाल्ड यह कितना सुंदर है।'
यह भी पढ़ें: Live: पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 सीटों पर वोटिंग, TMC पर भारी पड़ेगी BJP?
चार्ल्स को बताया मां का क्रश
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उनकी मां को सचमुच उस परिवार से बहुत प्यार था। उन्होंने कहा, 'मुझे यह भी साफ-साफ याद है कि वह कहती थीं कि नन्हे चार्ल्स को देखो, वह कितना प्यारा है। यह मेरी मां थीं जिन्हें चार्ल्स पर क्रश था।' ट्रंप ने आगे कहा कि क्या आप इस बात पर यकीन कर सकते हैं।
अपनी मां के बारे में और क्या बोले ट्रंप?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपनी मां के बारे में बताते हुए कहा कि उनका जन्म स्कॉटलैंड के स्टोर्नोवे में हुआ था और वह 19 साल की उम्र में अमेरिका आई थीं। उन्होंने कहा कि उनकी मां को अपनी जड़ों और परंपराओं पर गर्व था। इसके साथ ही ट्रंप ने कहा कि उन्हें ब्रिटेन के राजपरिवार से बहुत प्यार था।
यह भी पढ़ें: ईरान को लेकर फिर बोले ट्रंप, कहा- होर्मुज खोलने के लिए सिफारिश की
अमेरिका में किंग चार्ल्स के कार्यक्रम
अपने चार दिन के अमेरिकी दौरे पर ब्रिटेन के किंग चार्ल्स कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। इस दौरान उनकी और अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की द्विपक्षीय बैठक भी होगी। उनके साथ उनकी पत्नी भी अमेरिका पहुंची हैं। अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रंप और क्वीन कैमिला ने एक कार्यक्रम के दौरान उन छात्रों से मुलाकात की जो अमेरिका और ब्रिटेन के इतिहास के बारे में पढ़ाई कर रहे हैं।