'मैं ना रोकता तो पाकिस्तानी PM मारे जाते...', ट्रंप ने अब नया दावा कर डाला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जो देश टैरिफ दे रहे हैं वे भी खुश हैं और हम भी खुश हैं। उन्होंने दावा किया कि वह अर्थव्यवस्था को 12 नोबेल पुरस्कार विजेताओं से ज्यादा समझते हैं।

डोनाल्ड ट्रंप । Photo Credit: PTI
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2026 के अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में पिछली सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने पद संभाला था, तब देश में रिकॉर्ड स्तर पर महंगाई थी, सीमा पर संकट था, दुनिया में अस्थिरता थी और सेना व पुलिस में भर्ती कम हो रही थी। ट्रंप ने इसे 'देश संकट में' होने जैसा बताया।
फिर अपने शासनकाल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि सिर्फ एक साल में देश ने बड़ा बदलाव देखा है। ट्रंप ने दावा किया कि उनकी सरकार ने महंगाई कम की है, सीमा को मजबूत किया है और दुनिया में अमेरिका की इज्जत फिर से बढ़ाई है। उन्होंने कहा, 'यह अमेरिका का सुनहरा युग है। देश पहले से बड़ा और मजबूत हो गया है।'
यह भी पढ़ें: 'हमसे खेल मत करो...', ट्रेड डील से बच रहे देशों को धमका रहे डोनाल्ड ट्रंप
पाकिस्तानी पीएम की जान बचाने का दावा
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अपने 10 महीने के कार्यकाल में 8 युद्धों को खत्म किया है। इस दौरान फिर से वह भारत पाकिस्तान युद्ध का जिक्र करना नहीं भूले। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध खत्म करके उन्होंने न्यूक्लियर युद्ध को टाला। साथ ही यह भी कहा कि अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया होता पाकिस्तान के प्रधानमंत्री मार दिए गए होते। इस युद्ध को टालकर उन्होंने 3.5 करोड़ लोगों की जान बचाई है।
हम और बेहतर, और बेहतर, और बेहतर होते जाएंगे। यह अमेरिका का सुनहरा दौर है। उन्होंने कहा, ‘जब मैं पिछले साल इस सदन में आया था, तब मैंने एक ऐसी देश की कमान संभाली थी जो संकट में थी, अर्थव्यवस्था रुकी हुई थी, महंगाई रिकॉर्ड स्तर पर थी, बॉर्डर पूरी तरह खुला हुआ था, सेना और पुलिस में भर्ती बहुत कम हो रही थी, अपराध बहुत बढ़ गए थे, और दुनिया भर में युद्ध और अराजकता मची हुई थी लेकिन आज, सिर्फ एक साल बाद, मैं गर्व और सम्मान से कह सकता हूं कि हमने ऐसी तब्दीली लाई है जो पहले कभी किसी ने नहीं देखी, और इतिहास की सबसे बड़ी वापसी हुई है। हां, यह सचमुच इतिहास की सबसे बड़ी वापसी है।’
कहा- फेंटानिल की सप्लाई में कमी
प्रवासियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘पिछले नौ महीनों में अमेरिका में एक भी गैरकानूनी प्रवासी को एंट्री नहीं दी गई। हम हमेशा कानूनी तरीके से आने वालों को इजाजत देंगे। ऐसे लोग जो हमारे देश से प्यार करेंगे और इसे मजबूत बनाए रखने के लिए मेहनत करेंगे। हमारे बॉर्डर से खतरनाक फेंटेनिल की सप्लाई एक साल में रिकॉर्ड 56% कम हो गई है।’
क्राइम पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा, ‘पिछले साल हत्या की दर इतिहास में सबसे ज्यादा गिरी है, यह सबसे बड़ी गिरावट है और 125 सालों में सबसे कम संख्या है। बाइडेन प्रशासन और कांग्रेस में मौजूद उनके साथियों ने हमें देश के इतिहास की सबसे खराब महंगाई दी लेकिन मेरे 12 महीनों में कोर महंगाई 5 साल से ज्यादा समय में सबसे कम स्तर पर आ गई है। 2025 के आखिरी तीन महीनों में यह सिर्फ 1.7% रह गई।’
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि ईंधन की कीमत उनके समय में सबसे कम हो गई। उन्होंने कहा, ‘पेट्रोल, जो मेरे पहले वाले के समय में कुछ राज्यों में $6 प्रति गैलन से ज्यादा पहुंच गया था, वह सच में तबाही थी, अब ज्यादातर राज्यों में $2.30 से कम है और कुछ जगहों पर $1.99 प्रति गैलन तक की कीमत है। कुछ हफ्ते पहले जब मैं आईओवा राज्य गया था, तो वहां पेट्रोल $1.85 प्रति गैलन तक देखा। पिछले चार सालों में पिछली सरकार ने अमेरिका में नए निवेश सिर्फ $1 ट्रिलियन से कम लाए। लेकिन मेरे 12 महीनों में दुनिया भर से $18 ट्रिलियन से ज्यादा के निवेश के वादे मिले हैं। सोचिए, चार साल में $1 ट्रिलियन से कम बनाम एक साल में $18 ट्रिलियन से ज्यादा। राष्ट्रपति बदलने से क्या फर्क पड़ता है!’
यह भी पढ़ें: टैरिफ पर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट खिलाफ, फिर भी 15 फीसदी टैरिफ बढ़ा गए ट्रंप
कहा- 70 हजार नए जॉब क्रिएट किए
तेल उत्पादन को लेकर भी ट्रंप ने अपनी तारीफ की और कहा, ‘जो नई कंपनियां बन रही हैं, फैक्टरियां, प्लांट और लैब बन रहे हैं। हमने बहुत कम समय में 70,000 नए मैन्युफैक्चरिंग के जॉब जोड़े हैं। यह और बड़ा, और मजबूत होता जा रहा है। अमेरिकी तेल उत्पादन रोज़ 600,000 बैरल से ज्यादा बढ़ गया है, और हमारे नए दोस्त और पार्टनर वेनेज़ुएला से हमें 80 मिलियन बैरल से ज्यादा तेल मिला है। अमेरिकी नेचुरल गैस उत्पादन अब इतिहास में सबसे ज्यादा है, क्योंकि मैंने अपना 'ड्रिल, बेबी, ड्रिल' का वादा निभाया।’
टैरिफ का जिक्र करने से भी डोनाल्ड ट्रंप नहीं चूके। उन्होंने कहा, ‘जो देश दशकों से हमें लूटते थे, अब वे हमें सैकड़ों अरब डॉलर दे रहे हैं और अब वे देश भी खुश हैं, हम भी खुश हैं। हमने डील की, सब डील हो गई और वे खुश हैं। महंगाई नहीं है, जबरदस्त विकास है। बड़ी बात यह है कि डोनाल्ड ट्रंप ने अर्थव्यवस्था को सही समझा, जबकि अर्थशास्त्र के 22 नोबेल पुरस्कार विजेताओं ने गलत समझा। सिर्फ चार दिन पहले अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का एक दुखद फैसला आया लेकिन अच्छी बात यह है कि लगभग सभी देश और कंपनियां अपनी पहले की डील बरकरार रखना चाहती हैं।’
यह भी पढ़ें: डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ प्लान पर पानी फेरने वाली कंपनी की कहानी क्या है?
भाषण के मुख्य हाइलाइट्स
-
अमेरिका में प्राकृतिक गैस का उत्पादन अब सबसे ज्यादा है। ट्रंप ने कहा, 'मैंने वादा किया था 'ड्रिल, बेबी, ड्रिल' और वह पूरा किया।'
-
तेल उत्पादन में 6 लाख बैरल प्रतिदिन की बढ़ोतरी हुई है। वेनेजुएला से 8 करोड़ से ज्यादा बैरल तेल मिला है।
-
निर्माण क्षेत्र में 70,000 नए रोजगार आए हैं। कारखाने और बिजनेस बढ़ रहे हैं।
-
पिछली बाइडेन सरकार को 'देश के इतिहास में सबसे खराब महंगाई' का जिम्मेदार ठहराया।
-
कोर महंगाई अब 5 साल में सबसे कम है, पिछले तीन महीनों में 1.7%।
-
पेट्रोल की कीमतें पहले कुछ राज्यों में 6 डॉलर प्रति गैलन से ज्यादा थीं, अब ज्यादातर जगहों पर 2.30 डॉलर से कम हैं। कुछ जगहों पर 1.99 या 1.85 डॉलर तक।
-
पिछले 9 महीनों में 'जीरो अवैध प्रवासी' देश में आए हैं।
-
बॉर्डर से फेंटानिल (एक खतरनाक ड्रग) का प्रवाह 56% कम हुआ है।
-
पिछले साल हत्या की दर इतिहास में सबसे ज्यादा घटी है जो कि पिछले 125 साल में सबसे कम है।
-
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने एक ठहरी हुआ अर्थव्यवस्था, खुली सीमाएं और वैश्विक अराजकता वाली स्थिति से बड़ा बदलाव किया है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




