अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ चुका है। एक हफ्ते में अमेरिका ने ईरान पर हमलों की तीसरी लहर शुरू कर दी है। जवाब में ईरान ने ओमान, कुवैत और बहरीन पर हमला किया। आईआरजीसी ने अगले आदेश तक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद करने का ऐलान किया है। कुछ जगहों ने ईरान के बजाय ओमान तट के करीब से गुजर रहे हैं। ईरान ने स्पष्ट कहा कि मार्ग बदलना स्वीकार्य नहीं है। उधर, अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर धमकी दी कि ईरान ने गलत विकल्प चुना। अब उसे इसकी कीमत चुकानी होगी।
यूएस सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसकी सेनाओं ने ईरान के खिलाफ तीसरे दौर के हमले शुरू कर दिए हैं। अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य से स्वतंत्र रूप से गुजरने वाले नाविकों और वाणिज्यिक जहाजों पर हमला करने की ईरान की क्षमता को लगातार कमजोर कर उसे भारी कीमत चुकाने पर मजबूर कर रहा है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में गूगल की पूर्व अधिकारी को पति ने मारी गोली, मौत; बेटा भी घायल
होर्मुज पर जहाजों पर हमले के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पहुंच चुका है। ओमान तट के पास कंटेनर पर अटैक के बाद अमेरिका ने ईरान के बंदर अब्बास, सिरिक और चाबहार और केशम द्वीप पर हमले किए। जवाब में ईरान ने ओमान, कुवैत, बहरीन और जॉर्डन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं।
ओमान: ईरान ने बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, कतर और ओमान पर हमले की जिम्मेदारी ली है। ओमान के दुक्म बंदरगाह पर ईरान ने रसद सहायता केंद्र और ईंधन भरने वाले प्लेटफार्मों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। ईरान का दावा है कि हमले में यह केंद्र नष्ट हो चुके हैं।
कतर: ईरान ने अल उदैद एयरबेस पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ईरान की तरफ से आने वाली मिसाइलों को रोक दिया गया। वहीं कतर के गृह मंत्रालय के मुताबिक एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हैं। उधर, ईरान का दावा है कि उसके हमले में कमांड एंड कंट्रोल सेंटर और लड़ाकू विमान का एक रखरखाव केंद्र तबाह हो गया।
जॉर्डन: ईरान ने जॉर्डन के प्रिंस हसन एयरबेस पर भी हमला किया। ईरान का कहना है कि उसके बैलेस्टिक मिसाइल हमले में एमक्यू-9 ड्रोन रखने वाले हैंकर को नुकसान पहुंचा है। एक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर भी तबाह हुआ है।
बहरीन: ईरान के हमले के बीच बहरीन में सायरन बजने की आवाज सुनी गई। ईरान के मुताबिक उसने बहरीन में अमेरिका के रडार साइट और संचार प्रणाली को निशाना बनाया है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने हमला किया, IRGC ने बंद किया होर्मुज, तेल संकट के लिए तैयार भारत?
कुवैत: अमेरिका के सहयोगी कुवैत पर ईरान ने ड्रोन से हमला किया। यहां गोला-बारूद डिपो, रडार साइट और पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाकर हमलों को अंजाम दिया गया।
अमेरिका ने कितने स्थानों पर की बमबारी?
अमेरिका सेना ने अपनी तीसरी लहर में ईरान के भीतर 140 स्थानों पर भीषण बमबारी की। पहले चरण में 80 और दूसरे में 90 स्थानों पर बमबारी की गई थी। यूएस सेंट्रल कमांड ने बताया कि ताजा हमलों में ईरानी मिसाइल और ड्रोन साइट, नौसैनिक क्षमताएं, गोला-बारूद भंडारण सुविधाएं, संचार नेटवर्क और तटीय निगरानी स्थल को नष्ट किया गया है। अमेरिकी सेना के मुताबिक एक हफ्ते में 300 से अधिक लक्ष्यों पर हमलों को अंजाम दिया गया है।