ईरान ने अमेरिका के सामने युद्ध को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को एक नया 14-पॉइंट का प्रस्ताव दिया है। इस प्रस्ताव के साथ में ईरान ने अमेरिका को से गतिरोध के लिए जिम्मेदार मुद्दों को 30 दिनों के भीतर सुलझाने का भी आह्वान किया है। ईरान ने कहा कि इसका मकसद युद्धविराम को बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त करना है।
ईरानी सरकार से जुड़ी मीडिया ने यह खबर दी है। ईरान के प्रस्ताव के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि वह युद्ध समाप्त करने के लिए ईरान के एक नए प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं। लेकिन उन्होंने ईरान के साथ कोई समझौता होने की संभावना पर संदेह भी जताया।
यह भी पढ़ें: 44,447 की गई जान, अमेरिका में बात-बात पर क्यों चल जाती है गोली?
ईरान के प्रस्ताव में क्या है?
ईरानी सेना से संबंध रखने वाली अर्ध-सरकारी नूर न्यूज एजेंसी ने बताया कि खाड़ी देश की ओर से भेजे गए 14 सूत्री प्रस्ताव में युद्धविराम की अवधि बढ़ाने के बजाय युद्ध को समाप्त का आह्वान किया गया है। इसमें बताया गया है कि अमेरिका की नौ सूत्री योजना के जवाब में दिए गए इस प्रस्ताव में अमेरिका से ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने, नौसैनिक नाकेबंदी समाप्त करने, क्षेत्र से सेना वापस बुलाने और लेबनान में इजरायल के सैन्य अभियानों सहित सभी प्रकार की दुश्मनी समाप्त करने का आह्वान किया गया है।
पाकिस्तान के जरिये भेजा प्रस्ताव
समाचार एजेंसी के मुताबिक ईरान ने मध्यस्थ देश पाकिस्तान के जरिये अपना जवाब भेजा है। पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच पहली सीधी वार्ता की मेजबानी कर चुका है। इस बीच, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने रविवार को ओमान के अपने समकक्ष बदर अल बुसैदी से बात की, जिन्होंने लड़ाई के नवीनतम दौर से पहले अमेरिका-ईरान वार्ता में पर्यवेक्षक की भूमिका निभाई थी।
यह भी पढ़ें: 'ईरान से लौटते क्यूबा पर कब्जा करेंगे', ट्रंप ने बताया अपना मिलिट्री प्लान
ईरान की अमेरिका को दो टूक
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की एक नई योजना पेश की है, जहां से दुनिया के तेल और प्राकृतिक गैस व्यापार का लगभग पांचवां हिस्सा आमतौर पर गुजरता है। ईरानी संसद के उपाध्यक्ष अली निकजाद ने रविवार को कहा कि ईरान 'होर्मुज स्ट्रेट पर अपने रुख से पीछे नहीं हटेगा और युद्ध-पूर्व की स्थिति में वापस नहीं लौटेगा। होर्मुज स्ट्रेट इस्लामिक गणराज्य ईरान का है।'
संपत्ति की भरपाई के लिए काम कर रहा ईरान
अली निकजाद ने कहा कि देश युद्ध के दौरान क्षतिग्रस्त हुए व्यवसायों और संपत्ति की भरपाई के लिए काम कर रहा है, और ट्रंप की नाकेबंदी योजना निश्चित रूप से विफल होगी। नॉर्वे की नोबेल समिति ने ईरान से आग्रह किया कि जेल में बंद नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी को उनकी बिगड़ती सेहत के मद्देनजर तत्काल तेहरान में चिकित्सा उपचार के लिए स्थानांतरित किया जाए।
समिति ने कहा कि वह मोहम्मदी के परिवार और वकील के संपर्क में है। उपचार के बिना 2023 की पुरस्कार विजेता का जीवन खतरे में है। मोहम्मदी शुक्रवार को उत्तर पश्चिमी शहर ज़ंजन की जेल में दो बार बेहोश हो गई थीं। उनके फाउंडेशन के मुताबिक उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। मोहम्मदी के वकीलों ने कहा है कि माना जा रहा है कि उन्हें मार्च के अंत में दिल का दौरा पड़ा था।