पिछले कुछ सालों में कोरोना के कई वेरिएंट्स आ चुके हैं। कोविड 19 का एक नया वेरिएंट PJ.2.1 चर्चा में बना हुआ है क्योंकि यह नॉर्थ अमेरिका और दुनिया के अन्य हिस्सों में फैल रहा है। मई 2026 में कनाडा के ओंटारियों में पहली बार कोविड के इस नए वेरिएंट के बारे में पता चला था। क्या यह वेरिएंट खतरनाक है, क्या इससे आपकी इम्युनिटी पर असर पड़ेगा? इस तरह के कई सवाल लोगों के मन में उठ रहे हैं। आइए इस नए वेरिएंट के बारे में जानते हैं।
इस वेरिएंट के स्पाइक प्रोटीन में बहुत बदलाव हुए है। स्पाइक प्रोटीन, वह प्रोटीन होता है जो इंसानी सेल्स में एंट्री करने में मदद कर सकता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस बात पर जोर दिया कि कोविड 19 के लक्षण इन्फ्लूएंजा और सांस संबंधी अन्य संक्रमणों से मिलते जुलते हो सकते हैं इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर बीमारी की पहचान करना अविश्वसनीय लगता है। हालांकि PJ.2.1 के मामले सामने आने के बाद लगातार निगरानी रखने की जरूरत है। अभी ऐसे पर्याप्त सबूत नहीं है जिनसे यह साबित हो सके कि यह पहले मौजूद वेरिएंट्स की तुलना में अधिक गंभीर बीमारी पैदा कर सकता है।
यह भी पढ़ें: हेल्दी समझकर भर-भरकर खा रहे हैं डार्क चॉकलेट? सेहत को कितना नुकसान?
नया कोरोना वेरिएंट PJ.2.1 क्या है?
यह कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन है। रिसर्चर्स इसे साल्टेशन वेरिएंट कहते हैं जिसमें वायरस धीरे-धीरे म्यूटेशन जमा करने के बजाय एक ही बार जेनेटिक्स में कई बड़े बदलावों के साथ सामने आया है। PJ.2.1 का पहला मामला 2 मई 2026 को ओंटारियो में दर्ज किया गया था। इसके बाद कनाडा के अल्बर्टा, ब्रिटिश कोलंबिया और न्यू ब्रंसविक में भी इसके मामले सामने आए।
अमेरिका में इसका पहला मामला 30 जून को न्यूयॉर्क शहर में मिला। इसके बाद कैलिफोर्निया, एरिजोना, न्यू जर्सी, वर्जीनिया, नॉर्थ कैरोलिना, मिसौरी, ओक्लाहोमा, कोलोराडो और फ्लोरिडा सहित कई अन्य राज्यों में भी इसके मामले दर्ज किए गए।
क्या PJ.2.1 फैल सकता है?
शोध में बताया गया है कि PJ.2.1 इंसानी सेल्स की सतह पर पाए जाने वाले रिसेप्टर 'ACE2' के साथ कहीं अधिक प्रभाव ढंग से जुड़ता है। लैब में किए गए टेस्ट में शोधकर्ताओं ने पाया कि PJ.2.1 में एंटीबॉडी से बचने की बहुत अधिक क्षमता नहीं है। खासतौर पर जिन लोगों को LP.8.1-अडेप्टेड कोविड 19 वैक्सीन दी गई थी। उनके शरीर में बनी एंटीबॉडी PJ.2.1 को बेअसर करने में सक्षम थीं। LP.8.1 वेरिएंट की तुलना में, PJ.2.1 को बेअसर करने के मामले में एंटीबॉडी की प्रभावशीलता केवल 1.8 गुना कम थी। इन नतीजों से संकेत मिलता है कि इस वेरिएंट के फैलने के पीछे मुख्य कारण एंटीबॉडी से बचना नहीं, बल्कि ACE2 रिसेप्टर से इसका अधिक मजबूती से जुड़ना हो सकता है। ये टेस्ट लैब के मॉडलों पर किए गए थे।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर मिठाई-पकवान खाते समय बरतें सावधानी, सेहत पर पड़ सकता है असर
PJ.2.1 के लक्षण क्या है?
PJ.2.1 का अभी कोई लक्षण तय नहीं है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कोविड के सामान्य लक्षणों की तरह ही माना है।
- ठंड लगना, बुखार
- कफ
- गले में खराश
- नाक बहना
- सिरदर्द
- मांसपेशियों और शरीर में दर्द
- कमजोरी और थकान
कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत, पेट संबंधी परेशानियां हो सकती है। सिर्फ लक्षणों के आधार पर बीमारी का पता नहीं लगाया जा सकता है। यह लक्षण फ्लू के भी हो सकते हैं।पीसीआर टेस्ट के जरिए कोरोना वायरस का पता लगाया जा सकता है। इसके अलावा रैपिड एंटीजन टेस्ट वायरस के प्रोटीन का पता लगा सकता है। PJ.2.1 की पुष्टि के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग की जरूरत होती है।