आज के समय में लोग हर चीज का हेल्दी ऑप्शन निकाल लेते हैं। बाजारों में भी ऑर्गेनिक, शुगर फ्री के नाम पर इन चीजों की ब्रांडिंग होती है। इन चीजों को बिना किसी गिल्ट के लोग आराम से खाते हैं। उदाहरण के लिए डार्क चॉकलेट, शुगर फ्री कोक, मिठाइयां आदि चीजें मार्केट में उपलब्ध है। खासतौर से डार्क चॉकलेट जिसे लोग हेल्दी मानते हैं। सोशल मीडिया पर इसे हार्ट हेल्थ, ब्रेन फंक्शन, मूड और एंटीऑक्सीडेंट जोड़कर खूब प्रमोट किया जाता है। क्या यह सच में इतना हेल्दी है जितना दावा किया जाता है।
डार्क चॉकलेट में कोको की मात्रा ज्यादा होती है। इसमें फ्लेवनॉल्स नाम के प्राकृतिक कंपाउड्स पाए जाते हैं जिन्हें एंटी ऑक्सीडेंट से भरपूर पॉलीफेनोल्स कहा जाता है। यह सामान्य चॉकलेट से ज्यादा अच्छा होता है। कुछ पोषक तत्व मौजूद होते हैं लेकिन इसमें सैचुरेटेड फैट, कैफीन, थियोब्रोमाइन मौजूद होते हैं। इसके अलावा लेड और कैडमियम जैसे भारी धातु शामिल होते हैं जो सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। इस बारे में हमने डाइटिशियन और न्यूट्रीप्लस की डायरेक्टर डॉक्टर अंजलि फाटक से बात की।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर मिठाई-पकवान खाते समय बरतें सावधानी, सेहत पर पड़ सकता है असर
डार्क चॉकलेट को हेल्दी क्यों माना जाता है?
डार्क चॉकलेट में फ्लेवनॉल्स होते हैं जो एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है। ये शरीर की अंदरुनी सूजन को कम करने में मदद कर सकता है। इसके अलावा इसे खाने से आपका मूड अच्छा होता है। कभी- कभी डार्क चॉकलेट खाना नुकसानदायक नहीं होता है।
क्यों नुकसानदायक है डार्क चॉकलेट?
आपको जानकर हैरानी होगी कि साल 2022 में कंज्यूमर रिपोर्ट ने 28 डार्क चॉकलेट का लेब टेस्ट किया था। इन सभी चॉकलेट्स में लीड और कैडमियम जैसे हैवी मेटल्स पाए गए थे। ये दोनों मेटल्स सेहत के लिए खतरनाक है। कोकोआ के प्लांट में कैडमियम मिट्टी से एब्जॉर्ब होता है और लेड जो है बाद में बनता है जब इन बीन्स को खुले में सुखाया और फर्मेंट किया जाता है। लोग 70%, 85%, 90% वाली डार्क चॉकलेट्स को खा रहे हैं। जितना ज्यादा कोकोआ की मात्रा होगी उतनी ही ज्यादा मात्रा हैवी मेटल्स की भी होगी। इस रिपोर्ट के आने के बाद मार्केट में ऑर्गेनिक डार्क चॉकलेट की मार्केटिंग शुरू हो गई।
ऑर्गेनिक डार्क चाकलेट में दावा किया गया कि इनमें आर्टिफिशियल पॉम ऑयल और शुगर को नहीं मिलाया जाएगा। साथ ही इसमें बीन्स की क्वॉलिटी भी अच्छी होगी। साल 2024 में George Washington University ने 72 ऑर्गेनिक डार्क चॉकलेट को टेस्ट किया। इस रिपोर्ट को National Library Of Medicine में पब्लिश किया गया था। इन सभी में अधिक मात्रा में लीड और कैडमियम पाया गया। अगर आप इस चॉकलेट को रोजाना हेल्दी फूड समझकर खा रहे हैं तो थोड़ा सोचिए। डॉक्टरों के मुताबिक अगर आप हफ्ते भर में एक या दो चॉकलेट के छोटे से पीस खा रहे हैं तो कोई दिक्कत नहीं होगी।

वजन बढ़ना: डार्क चॉकलेट में भले ही चीनी कम हो, लेकिन इसमें कैलोरी और फैट की मात्रा बहुत अधिक होती है। जरूरत से ज्यादा खाने से शरीर में कैलोरी सरप्लस हो जाता है, जिससे वजन तेजी से बढ़ सकता है।
एसिडिटी और सीने में जलन: इसमें कैफीन और थियोब्रोमीन जैसे उत्तेजक तत्व होते हैं, जो पेट में एसिड का स्तर बढ़ा देते हैं। इससे एसिडिटी, गैस और सीने में जलन की समस्या हो सकती है।
माइग्रेन और सिरदर्द : डार्क चॉकलेट में टायरामीन नामक एमिनो एसिड होता है, जो कुछ लोगों में गंभीर सिरदर्द या माइग्रेन के दौरे को ट्रिगर कर सकता है।
हड्डियों का कमजोर होना: कुछ शोधों के अनुसार, चॉकलेट में ऑक्सलेट और कैडमियम की मात्रा पाई जाती है, जो लंबे समय तक अधिक मात्रा में सेवन करने पर हड्डियों के घनत्व को प्रभावित कर सकती है।
नींद में खलल: इसमें मौजूद कैफीन नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करता है। यदि आप शाम या रात के समय डार्क चॉकलेट खाते हैं, तो आपको अनिद्रा या सोने में परेशानी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: Air Pollution: हार्ट से लेकर फेफड़ों तक के मरीज, कैसे रखें सेहत का ध्यान?

किन लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए?
- एसिडिटी या आईबीएस (IBS) के मरीज: जिन्हें गैस्ट्रिक अल्सर, एसिड रिफ्लक्स या इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम की समस्या है, उनके लिए डार्क चॉकलेट नुकसानदायक है।
- माइग्रेन के मरीज: जिन्हें बार-बार तेज सिरदर्द या माइग्रेन की शिकायत होती है, वे 70% या उससे अधिक कोकोआ वाली चॉकलेट से दूर रहें।
- किडनी के रोगी: डार्क चॉकलेट में ऑक्सालेट्स होते हैं, जो किडनी स्टोन की समस्या को बढ़ा सकते हैं। इसलिए क्रोनिक किडनी डिजीज के मरीज इसे खाने से बचें।
- गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं: इनमें कैफीन की अधिक मात्रा भ्रूण या शिशु के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है, इसलिए सीमित मात्रा ही उचित है।
- मधुमेह (Diabetes) के रोगी: भले ही डार्क चॉकलेट में शुगर कम हो, लेकिन 90% या 100% से कम वाली वैरायटी में शुगर और कैलोरी होती है, जो ब्लड शुगर लेवल को असंतुलित कर सकती है।
इन बातों का रखें ध्यान
- एक बार में 10 से 20 ग्राम चॉकलेट खाएं।
- 70% या उससे अधिक वाले कोकोआ वाली चॉकलेट चुनें।
- कम शुगर वाली चॉकलेट का चुनाव करें।
- बार बार चॉकलेट खाने की आदत से बचें।