डेस्क जॉब के कारण आजकल कई लोग दिन भर थकान, सुस्ती और शरीर के अलग-अलग हिस्सों में दर्द महसूस करते हैं। अगर आप भी ऑफिस में घंटों एक ही जगह बैठकर काम करते हैं और जिम जाने का समय नहीं निकाल पाते तो परेशान न हों। आप अपनी सीट पर ही कुछ आसान और असरदार एक्सरसाइज करके खुद को फिट रख सकते हैं।
फिटनेस एक्सपर्ट और योग ट्रेनर साई श्रीवास्तव का कहना है कि ऑफिस की कुर्सी पर बैठे-बेठे केवल 5 मिनट का समय निकालकर आप मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर और स्ट्रेस जैसी गंभीर समस्याओं को काफी हद तक कम कर सकते हैं। शरीर को फुर्तीला रखने के लिए आपको किसी भारी जिम मशीन या महंगे सामान की जरूरत नहीं है बल्कि काम के बीच में लिए गए छोटे-छोटे ब्रेक और सही स्ट्रेचिंग की मदद से आप खुद को कई बड़ी बीमारियों से बचा सकते हैं और अपनी कार्यकुशलता, दक्षता, योग्यता, सामर्थ्य, क्षमता को बढ़ा सकते हैं।
यह भी पढ़ें: उम्र 55 पार, फिटनेस में 30 वाले शर्मा जाएं, मिलिंद, अक्षय, सलमान करते क्या हैं?
1. सीटेड स्पाइनल ट्विस्ट (Seated Spinal Twist)
यह एक्सरसाइज आपकी रीढ़ की हड्डी के तनाव को कम करने के लिए जादू की तरह काम करती है। अपनी कुर्सी पर सीधे बैठें और पैरों को जमीन पर टिका कर रखें। अपने दाएं हाथ को कुर्सी के पिछले हिस्से पर रखें और अपने ऊपरी शरीर को धीरे-धीरे दाई ओर घुमाएं। अपनी बाई हथेली को दाएं घुटने पर रखकर थोड़ा और खिंचाव दें। 15 से 30 सेकंड तक रुकें, फिर यही प्रक्रिया बाई ओर भी दोहराएं। इससे आपकी पीठ की जकड़न तुरंत कम होगी।
2. शोल्डर ब्लेड स्क्वीज (Shoulder Blade Squeeze)
झुककर बैठने से हमारे कंधे आगे की ओर लटक जाते हैं। इसे ठीक करने के लिए सीधे बैठें और अपने दोनों कंधों के पीछे की हड्डियों को एक-दूसरे के पास लाने की कोशिश करें जैसे आप उनके बीच कोई चीज़ दबा रहे हों। इसे 5 सेकंड तक रोकें और फिर ढीला छोड़ दें। इसे 10 से 15 बार दोहराएं। यह आपके बैठने के तरीके यानी पोस्टर को एकदम सही कर देता है।
3. डेस्क पुश-अप्स (Desk Push-Ups)
यह एक्सरसाइज न सिर्फ आपकी पीठ बल्कि आपके कोर यानी पेट की मांसपेशियों और हाथों को भी मजबूत बनाती है। अपने डेस्क से दो कदम पीछे खड़े हों। अपने हाथ डेस्क के किनारे पर रखें, कंधों की चौड़ाई के बराबर। अपनी छाती को डेस्क की तरफ नीचे ले जाएं और फिर हाथों के जोर से वापस खड़े हो जाएं। इसे 10 से 12 बार करें।
4. हिप फ्लेक्सर स्ट्रेच (Hip Flexor Stretch)
बैठे रहने से हमारे कूल्हों के सामने की मांसपेशियां बहुत सख्त हो जाती हैं जिससे निचली पीठ में दर्द होता है। इससे बचने के लिए अपनी कुर्सी से खड़े हो जाएं। एक पैर को आगे बढ़ाएं और दूसरे को पीछे रखें। अपने कूल्हों को धीरे-धीरे आगे की ओर धकेलें जब तक कि आपको पीछे वाले पैर के ऊपरी हिस्से में खिंचाव महसूस न हो। 20-30 सेकंड तक रुकें और फिर पैर बदल लें।
5. कैट-काउ स्ट्रेच (Seated Cat-Cow)
यह योग का एक बहुत ही आसान तरीका है जो आपकी रीढ़ की हड्डी को लचीला बनाता है। अपनी कुर्सी पर बैठें और हाथों को घुटनों पर रखें। सांस अंदर लेते समय अपनी पीठ को आगे की तरफ झुकाएं और ऊपर की तरफ देखें इसे 'काउ' पोज कहते हैं। फिर सांस छोड़ते हुए अपनी पीठ को पीछे की तरफ गोल करें और अपनी ठुड्डी को छाती से लगाएं इसे 'कैट' पोज कहते हैं। इसे 5 से 10 बार करने से आपकी पूरी पीठ को बहुत आराम मिलता है।
यह भी पढ़ें: कम बजट में इन 8 जगहों पर मना सकते हैं हनीमून, जिंदगी भर याद रहेगी ट्रिप
डेस्क एक्सरसाइज करने के कुछ और बड़े फायदे
इन आसान एक्सरसाइज को करने से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है बल्कि दिमाग भी ज्यादा तेज काम करता है। जब आप काम के बीच में शरीर को हिलाते-डुलाते है तो शरीर में एंडोर्फिन जैसे अच्छे हार्मोन बनते हैं जो तनाव और चिड़चिड़ेपन को कम करते हैं। इससे काम में फोकस बढ़ता है और कंप्यूटर स्क्रीन के कारण होने वाली आंखों की थकान भी कम होती है। अच्छी सेहत के लिए इन एक्सरसाइज के साथ-साथ दिन भर ज्यादा पानी पीते रहें और हर दो-तीन घंटे में अपनी सीट से उठकर थोड़ी स्ट्रेचिंग जरूर करें।