लगभग हर भारतीय घरों में आपको ताबें और पीतल के बर्तन देखने को मिलेंगे। ताबें और पीतल के बर्तनों को न सिर्फ शुद्ध माना जाता है बल्कि यह हमारी सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। हालांकि इन बर्तनों की केवल यही समस्या है कि वह बहुत जल्दी काले हो जाते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि ताबें और पीतल के बर्तन हवा, नमी और धूल के संपर्क में आ जाते हैं जिससे इन पर एक काली, हरे रंग की परत जमने लगती है। इन बर्तनों को साफ करने के लिए कुछ ऐसे पुराने घरेलू नुस्खे मौजूद हैं जिनके इस्तेमाल के लिए आपको एक भी रुपये खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ताबें और पीतल के बर्तन का इस्तेमाल बहुत पुराना है। पूजा की थाली से लेकर, खाना खाने वाले बर्तन तक हर तरफ आपको ताबें और पीतल के बर्तनों का उपयोग देखने को मिलता है लेकिन समय के साथ इन बर्तनों की चमक कम होने लगती है। ऐसे में इनको साफ करने के लिए महंगे क्लीनर खरीदने की जरूरत नहीं है। हमारी दादी-नानी के समय से इस्तेमाल किए जाने वाले कुछ ऐसे आसान घरेलू नुस्खे मौजूद को जिनकी मदद से आपके बर्तन नए जैसे चमक उठेंगे। नींबू से लेकर सिरका तक, ताबें और पीतल के बर्तन को चमकाने के लिए जानिए असरदार तरीके।
यह भी पढ़ें: आटे में लग जाते हैं कीड़े तो आज ही अपनाएं ये 8 आसान घरेलू उपाय
1. नींबू और नमक का इस्तेमाल
पीतल और तांबे के बर्तनों को साफ करने का सबसे पुराना तरीका नींबू और नमक है। एक नींबू को बीच से काटकर उस पर नमक लगाएं और बर्तन पर अच्छी तरह रगड़ें। 5–10 मिनट बाद गुनगुने पानी से धोकर सूखे कपड़े से पोंछ दें। इससे जमी हुई मैल और कालापन आसानी से निकल जाता है।
2. इमली के गूदे से सफाई
इमली का गूदा प्राकृतिक रूप से अम्लीय होता है जो तांबे और पीतल पर जमी गंदगी हटाने में मदद करता है। इमली को पानी में भिगोकर उसका गूदा निकालें और बर्तन पर लगाकर कुछ मिनट तक रगड़ें और फिर साफ पानी से धो लें।
3. सिरका और नमक का मिश्रण
एक कटोरी में थोड़ा सिरका और एक चम्मच नमक मिलाकर पेस्ट जैसा बना लें। इसे बर्तन पर लगाकर 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद मुलायम स्क्रबर से साफ करें और पानी से धो लें। इससे बर्तनों की चमक वापस आने लगती है।
4. बेकिंग सोडा और नींबू
अगर बर्तनों पर ज्यादा जिद्दी दाग हैं, तो बेकिंग सोडा में थोड़ा नींबू का रस मिलाकर पेस्ट तैयार करें। इसे बर्तन पर हल्के हाथों से रगड़ें और कुछ मिनट बाद धो दें। यह तरीका दाग हटाने में काफी कारगर माना जाता है।
5. आटे, नमक और सिरके का लेप
एक चम्मच आटा, एक चम्मच नमक और थोड़ा सिरका मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बना लें। इसे बर्तन पर लगाकर 15 मिनट तक छोड़ दें। फिर मुलायम कपड़े से रगड़कर साफ पानी से धो लें। यह पारंपरिक नुस्खा पीतल और तांबे दोनों के लिए उपयोगी है।
6. टमाटर या टमाटर की चटनी
टमाटर में मौजूद नेचुरल एसिड बर्तनों की चमक लौटाने में मदद करता है। टमाटर का रस या थोड़ी-सी टमाटर की चटनी बर्तन पर लगाकर 10 मिनट बाद रगड़ें और धो लें।
7. राख (लकड़ी की राख)
पहले के समय में लोग चूल्हे की राख से पीतल और तांबे के बर्तन साफ करते थे। हल्की गीली राख को बर्तन पर रगड़ने से मैल निकल जाती है और बर्तन चमकने लगते हैं। आज भी कुछ घर ऐसे हैं जहां राख से घर के सारे बर्तन धोएं जाते हैं।
8. बेसन और नींबू
एक चम्मच बेसन में थोड़ा नींबू का रस मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे बर्तन पर लगाकर कुछ मिनट तक रगड़ें और फिर पानी से धो लें। इससे बर्तन साफ होने के साथ उनकी नेचुरल चमक भी बनी रहती है।
यह भी पढ़ें: किताब खोलते ही आने लगती है नींद? लंबी पढ़ाई के लिए अपनाएं ये तरीके
बर्तनों की चमक लंबे समय तक बनाए रखने के टिप्स
- बर्तनों को धोने के बाद हमेशा सूखे और मुलायम कपड़े से पोंछें।
- लंबे समय तक गीला छोड़ने से बचें।
- तेज केमिकल या खुरदरे स्क्रबर का इस्तेमाल न करें।
- समय-समय पर घरेलू नुस्खों सफाई करते रहें, ताकि कालापन जमा न हो।