बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पढ़ाई के समय नींद आने लगती है और नींद आने का मतलब सिर्फ आलस नहीं होता। इसके पीछे कई सारे कारण होते हैं जिसमें गलत बैठने की तरीका, नींद की कमी, भारी भोजन और अनहेल्दी खानपान आदि शामिल हैं। इन कारणों की वजह से शरीर में सुस्ती महसूस होती है जिससे नींद आना सामान्य बात है। इस समस्या को दूर करने के लिए कुछ बहुत ही आसान तरीके हैं जिनकी मदद से आप पढ़ाई पर अच्छे से फोकस कर पाएंगे।
अक्सर आपने देखा होगा कि पढ़ाई करने से पहले बच्चे काफी एक्टिव होते हैं लेकिन पढ़ाई के समय उनकी आखें बंद होने लगती है। लोगों को लगता है कि बच्चे पढ़ाई न करने के लिए बहाने बाजी करते हैं। हालांकि ऐसा बिल्कुल नहीं है। नींद की समस्या के पीछे ऐसे कई सारे कारण होते हैं जिससे पढ़ाई के दौरान ध्यान लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर आप चाहते हैं कि पढ़ाई के दौरान आखें खुली रहें तो किताब को उठाने से पहले जान लिजिए ये आसान तरीके।
यह भी पढ़ें: किचन का सिंक जाम हो तो क्या करें? 6 नुस्खे जो बनाएंगे आपका काम
पढ़ाई करते समय नींद आने के कारण
1. पर्याप्त नींद न लेना
अगर आप रात में 7 से 8 घंटे की नींद नहीं लेते हैं तो शरीर और दिमाग दोनों थका हुआ महसूस करता हैं। ऐसे में किताब खोलते ही नींद आने लगती है।
2. एक ही जगह और एक ही पोजीशन में बैठना
लंबे समय तक एक ही स्टाइल में बैठे रहने से शरीर आलसी हो जाता है। इससे दिमाग सुस्त पड़ने लगता है और नींद आने लगती है।
3. भारी भोजन करना
पढ़ाई से पहले ज्यादा तला-भुना या भारी खाना खाने से शरीर भोजन पचाने में अधिक ऊर्जा लगाता है। इससे शरीर में थकान और नींद महसूस हो सकती है।
4. पढ़ाई में रुचि की कमी
कई बार विषय कठिन या उबाऊ लगने पर दिमाग पढ़ाई से बचने की कोशिश करता है जिससे नींद आने जैसी स्थिति महसूस होती है।
5. पानी की कमी
शरीर में पानी की कमी होने पर थकान, सिरदर्द और सुस्ती महसूस हो सकती है। इसका असर पढ़ाई पर भी पड़ता है।
यह भी पढ़ें: घर और गार्डन में नहीं पैदा होगा एक भी मच्छर, अपनाएं ये तरीके
पढ़ाई करते समय नींद से बचने के उपाय
1. पूरी और अच्छी नींद लें
हर दिन कम से कम 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें। अच्छी नींद लेने से दिमाग तरोताजा रहता है और पढ़ाई में ध्यान बेहतर लगता है।
2. छोटे-छोटे ब्रेक लें
लगातार कई घंटे पढ़ने की बजाय 45 से 50 मिनट पढ़ने के बाद 5 से 10 मिनट का ब्रेक लें। इससे दिमाग को आराम मिलता है और पढ़ने का मन बना रहता है।
3. पढ़ाई की जगह बदलते रहें
कभी-कभी पढ़ाई का माहौल बदलने से भी नींद कम आती है। ऐसी जगह पढ़ें जहां अच्छी रोशनी और ताजी हवा आती हो।
4. पर्याप्त पानी पिएं
पढ़ाई के दौरान अपने पास पानी की बोतल रखें और समय-समय पर पानी पीते रहें। इससे शरीर हाइड्रेटेड और उर्जा से भरा महसूस करता है।
5. हल्का व्यायाम करें
जब भी नींद महसूस हो, कुछ मिनट टहल लें, स्ट्रेचिंग करें या गहरी सांस लेने का अभ्यास करें। इससे शरीर में ऊर्जा बढ़ती है और नींद कम होती है।
6. पढ़ाई को रोचक बनाएं
सिर्फ पढ़ने की बजाय नोट्स बनाएं, महत्वपूर्ण बातों को हाइलाइट करें या खुद से सवाल-जवाब करें।
7. देर रात की बजाय सुबह पढ़ने की कोशिश करें
कई लोगों का दिमाग सुबह के समय चलता है। सुबह पढ़ाई करने से नींद की समस्या भी कम हो सकती है। रात में पढ़ने से नींद आने की संभावना ज्यादा होती है।