आजकल लोग बाहर जाकर सामान खरीदने की झंझट से बचने के लिए घर बैठे ऑनलाइन शॉपिंग को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। लेकिन जितनी तेजी से ऑनलाइन खरीदारी बढ़ रही है, उतनी ही तेजी से ऑनलाइन ठगी और फ्रॉड के मामले भी सामने आ रहे हैं।
नकली वेबसाइट, फर्जी डिस्काउंट, गलत प्रोडक्ट या पेमेंट स्कैम से कई लोग रोज परेशान हो रहे हैं। पूरे देश में डिजिटल क्रांति के चलते अब लोग घर बैठे कपड़े, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स और रोज की जरूरत का सामान आसानी से मंगवा लेते हैं।
ऑनलाइन शॉपिंग में सावधानी बरतना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं कुछ आसान टिप्स, जिनकी मदद से आप धोखाधड़ी से बच सकते हैं और सुरक्षित तरीके से खरीदारी का मजा ले सकते हैं-
यह भी पढ़ें: सुबह की भागदौड़ से बचना है? रात में ऐसे तैयार करें स्कूल बैग
1. हमेशा भरोसेमंद वेबसाइट या ऐप से ही खरीदारी करें
ऑनलाइन शॉपिंग के लिए केवल भरोसेमंद और लोकप्रिय वेबसाइट या उसके आधिकारिक ऐप का ही इस्तेमाल करें। किसी अनजान वेबसाइट या सोशल मीडिया पर मिले लिंक से खरीदारी करने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।
2. प्रोडक्ट की रेटिंग और रिव्यू जरूर पढ़ें
कोई भी सामान खरीदने से पहले उसकी रेटिंग और ग्राहकों के रिव्यू पढ़ें। इससे आपको प्रोडक्ट की गुणवत्ता और विक्रेता की विश्वसनीयता का अंदाजा लग जाएगा।
3. बहुत ज्यादा सस्ते ऑफर से सावधान रहें
अगर किसी महंगे प्रोडक्ट पर असामान्य रूप से भारी छूट मिल रही है तो पहले उसकी सच्चाई जांच लें। कई बार ऐसे ऑफर लोगों को ठगी का शिकार बनाने के लिए दिए जाते हैं।
4. वेबसाइट का URL जरूर जांचें
पेमेंट करने से पहले देखें कि वेबसाइट का एड्रेस https:// से शुरू हो रहा है या नहीं। साथ ही एड्रेस बार में लॉक का निशान भी होना चाहिए जिससे पता चलता है कि यह वेबसाइट सुरक्षित है।
यह भी पढ़ें: वॉशिंग मशीन में कपड़े धुलने के बाद आती है बदबू, आजमाएं ये 6 घरेलू उपाय
5. सुरक्षित तरीके से पेमेंट करें
जहां संभव हो तो हर बार कैश ऑन डिलीवरी का ही विकल्प चुनें। अगर ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं, तो OTP, UPI PIN, CVV या बैंक से जुड़ी कोई भी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
6. डिलीवरी मिलते ही सामान चेक करें
प्रोडक्ट मिलने के बाद तुरंत उसकी जांच करें। अगर सामान गलत, टूटा हुआ या नकली हो, तो तय समय के भीतर रिटर्न या रिप्लेसमेंट के लिए आवेदन कर दें।
7. ऑर्डर और पेमेंट का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें
ऑर्डर की रसीद, पेमेंट का स्क्रीनशॉट और कन्फर्मेशन ईमेल संभालकर रखें। किसी भी तरह की शिकायत या रिफंड की स्थिति में ये आपके काम आएंगे।
8. अनजान लिंक और फर्जी कॉल से बचें
WhatsApp, SMS या ईमेल पर आए किसी भी अनिश्चित लिंक पर क्लिक न करें। अगर कोई खुद को कंपनी का कर्मचारी बताकर OTP या बैंक की जानकारी मांगे तो तुरंत सावधान हो जाएं।