दुनियाभर में भारत डायबिटीज पर दूसरे नंबर पर है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक भारत में 77 मिलियन लोग टाइप 2 डायबिटीज से पीड़ित हैं जबकि 25 मिलियन लोग प्रीडायबिटीक हैं। हाल ही में माधुरी दीक्षित के पति डॉक्टर श्रीराम नेने ने बताया कि उनके पिता ने अपनी डायबिटीज को रिवर्स कर लिया था और दवाओं पर निर्भर नहीं रहे। ऐसे कई लोग हैं जिन्होंने बताया है कि उन्हें पहले डायबिटीज थी लेकिन अब नहीं है।
क्या सच में डायबिटीज को रिवर्स किया जा सकता है। इस बारे में हमने बेंगलुरु के एस्टर आरवी अस्पताल के एंडोक्राइनोलॉजी, डायबेटोलॉजी और बैरिएट्रिक मेडिसिन के एचओडी और लीड कंसल्टेंट डॉक्टर एस. सतीश कुमार से बात की।
यह भी पढ़ें: कितने कदम चलने से कम हो सकता है हार्ट अटैक का खतरा?
क्या होता है रिवर्स डायबिटीज?
कुछ लोगों में टाइप 2 डायबिटीज रिमिशन (Remission) की स्थिति में आ सकती है लेकिन मेडिकल की भाषा में इसे रिवर्स या इलाज कहने की बजाय 'डायबिटीज रिमिशन' (Diabetes Remission) कहना सही है। रिमिशन का मतलब है कि ब्लड में ग्लूकोज का लेवल नॉन डायबिटीक रेंज में आ जाए और बिना किसी ग्लूकोज कम करने वाली दवा के कम से कम तीन महीने तक उसी स्तर पर बना रहे। आमतौर पर इसे डायबिटीज की दवा के बिना HbA1c स्तर का 6.5% से कम होना माना जाता है।
रिमिशन का मतलब यह नहीं है कि डायबिटीज दोबारा होने की प्रवृत्ति पूरी तरह से खत्म हो गई है। आपको दोबारा भी यह बीमारी हो सकती है। खासतौर से जब आपका वजन बढ़ जाए या जीवनशैली की आदतें खराब हो जाए। हालांकि टाइप 1 डायबिटीज को जीवनशैली में बदलाव करके ठीक नहीं किया जा सकता है।
क्या डायबिटीज रिवर्स होने के बाद दवा खाना छोड़ना चाहिए?
किसी भी मरीज को खुद से दवा खाना नहीं छोड़ना चाहिए, भले ही आपका ग्लूकोज लेवल सामान्य स्तर पर पहुंच गया है। कई मामलों में शुगर का लेवल इसलिए सामान्य स्तर पर पहुंच जाता है क्योंकि मरीज दवाओं के साथ खानपान में बदलाव करता है, एक्सरसाइज करता है। इन सभी चीजों से उन्हें फायदा मिलता है। आप जैसे ही दवा खाना छोड़ देंगे तो ब्लड शुगर एकदम से बढ़ता है। हमेशा डॉक्टर से सलाह लेने के बाद ही कोई कदम उठाएं।
अचानक से दवा बंद करने की वजह से ब्लड में शुगर का लेवल बढ़ने से डिहाइड्रेशन, इंफेक्शन और गंभीर मामलों में हाइपरग्लाइसेमिक इमरजेंसी का खतरा बढ़ सकता है। अगर लंबे समय तक डायबिटीज को नियंत्रित नहीं किया तो किडनी, आंखें, नसें और हृदय को नुकसान पहुंच सकता है। डायबिटीज को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से HbA1c टेस्ट करवाएं। किसी भी प्रकार का लक्षण दोबारा दिखने पर तुंरत डॉक्टर से संपर्क करें।
यह भी पढ़ें: सर्दियों में महसूस होती है उदासी, जानिए क्या होता है विंटर डिप्रेशन?
किन कारणों से डायबिटीज के दोबारा होने का खतरा बढ़ता है?
- एक बार डायबिटीज ठीक होने का मतलब यह नहीं है कि शरीर का मेटाबॉलिज्म हमेशा के लिए ठीक हो गया है। अगर कोई व्यक्ति दोबारा वजन बढ़ा लेता है और एक्सरसाइज नहीं करता है या फिर से अपने खानपान पर ध्यान नहीं देता है तो ब्लड में ग्लूकोज का लेवल फिर से बढ़ सकता है।
- इसके अलावा बढ़ती उम्र, पैंक्रियाटिक बीटा-सेल के काम करने की क्षमता में लगातार गिरावट, हार्मोनल बदलाव, कुछ खास दवाएं और ऐसी स्थितियां शामिल हैं जो इंसुलिन रेजिस्टेंस को बढ़ाती हैं। तनाव और नींद की कमी भी ग्लूकोज को नियंत्रित करने की प्रक्रिया पर बुरा असर डाल सकती हैं। इसलिए, जिन जीवनशैली बदलावों की मदद से रेमिशन हासिल हुआ था, उन्हें आगे भी बनाए रखना उतना ही जरूरी है, जितना कि शुरुआत में उन्हें अपनाना था।
- इन लोगों को नियमित रूप से डॉक्टर से जांच करते रहना चाहिए।