साफ-सफाई रखने के बावजूद क्यों हो जाता है UTI? डॉक्टर से समझें
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) एक गंभीर बीमारी है। भारत में 10 में से 8 महिलाएं इससे पीड़ित हैं। कुछ महिलाओं को साफ-सफाई रखने के बावजूद भी यूटीआई इन्फेक्शन हो जाता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo credit: freepik
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) यानी मूत्रमार्ग में होने वाला एक आम संक्रमण है। पुरुषों के मुकाबले महिलाओं को यह बीमारी ज्यादा होती है। यूटीआई तब होता है, जब बैक्टीरिया मूत्र मार्ग में प्रवेश करके संक्रमण पैदा करते हैं। यह संक्रमण मूत्राशय (Bladder), मूत्रमार्ग (Urethra) और कभी-कभी किडनी तक पहुंच सकता है। समय रहते इसकी पहचान और उपचार न होने पर संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। कई लोगों को जीवन में एक से अधिक बार यूटीआई होता है।
Women Healthgov. की रिपोर्ट में हर 10 में से 6 महिलाओं को कभी न कभी यूटीआई की समस्या से गुजरना पड़ा है। कुछ महिलाएं ऐसी भी हैं जिन्हें साफ-सफाई रखने के बावजूद यूटीआई हो जाता है। इस बारे में हमने गुड़गांव की क्लाउडनाइन ग्रुप ऑफ अस्पताल की प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की निदेशक डॉक्टर चेतना जैन से बात की।
यह भी पढ़ें: महिलाओं में PMS से कितना अलग है PMDD? जानिए लक्षण
स्वच्छता रखने के बाद भी बार-बार यूटीआई क्यों होता है?
यूटीआई मुख्य रूप से तब होता है, जब पाचन तंत्र में पाए जाने वाले बैक्टीरिया, विशेषकर ई. कोलाई (E. coli), मूत्रमार्ग के रास्ते शरीर में प्रवेश कर जाते हैं और संक्रमण फैलाते हैं। सामान्य परिस्थितियों में शरीर पेशाब के जरिए इन बैक्टीरिया को बाहर निकाल देता है, लेकिन जब ये मूत्र मार्ग में बढ़ने लगते हैं, तो संक्रमण हो सकता है।
यह एक आम गलतफहमी है कि यूटीआई केवल साफ-सफाई की कमी के कारण होता है। वास्तव में, अच्छी व्यक्तिगत स्वच्छता रखने वाले लोगों को भी बार-बार यूटीआई हो सकता है। इसके पीछे कई शारीरिक और चिकित्सकीय कारण हो सकते हैं।
- महिलाओं में मूत्रमार्ग पुरुषों की तुलना में छोटा होता है और गुदा के अधिक नजदीक होता है। इस वजह से बैक्टीरिया के मूत्राशय तक पहुंचने की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, यौन संबंध के दौरान बैक्टीरिया मूत्रमार्ग में प्रवेश कर सकते हैं। कुछ महिलाओं में यह समस्या यौन संबंध के बाद बार-बार देखने को मिलती है।
- मेनोपॉज के बाद एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम होने से योनि और मूत्रमार्ग के आसपास के ऊतकों में बदलाव आता है। इससे प्राकृतिक सुरक्षा कम हो सकती है और यूटीआई का खतरा बढ़ सकता है।
इसके अलावा, डायबिटीज, किडनी या मूत्राशय की पथरी, पेशाब पूरी तरह खाली न होना, कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली और कैथेटर का इस्तेमाल भी बार-बार संक्रमण का कारण बन सकते हैं। - यदि छह महीने में दो या उससे अधिक बार या एक साल में तीन या उससे अधिक बार यूटीआई होता है, तो इसे बार-बार होने वाला यूटीआई (Recurrent UTI) कहा जाता है। ऐसी स्थिति में केवल बार-बार एंटीबायोटिक लेने के बजाय संक्रमण के वास्तविक कारण की जांच जरूरी है।

UTI के लक्षण
- बार-बार पेशाब आने की इच्छा होना, भले ही पेशाब की मात्रा कम हो।
- पेशाब करते समय जलन, दर्द या चुभन महसूस होना।
- पेशाब का रंग धुंधला होना या उसमें तेज गंध आना।
- पेट के निचले हिस्से या पेल्विक क्षेत्र में दर्द और दबाव महसूस होना।
- पेशाब में खून आना।
- पेशाब करने के बाद भी मूत्राशय खाली न होने जैसा महसूस होना।
- यदि संक्रमण किडनी तक पहुंच जाए, तो तेज बुखार, ठंड लगना, कमर या पीठ के एक तरफ दर्द, मतली और उल्टी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और तुरंत
- डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
पुरुष कैसे UTI से सुरक्षित रह सकते हैं?
महिलाओं की तुलना में पुरुषों में यूटीआई कम होता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें इसका खतरा नहीं होता। पुरुषों में बढ़ती उम्र, प्रोस्टेट ग्रंथि का बढ़ना, मूत्राशय में पेशाब का जमा रहना, किडनी या मूत्राशय की पथरी और डायबिटीज इसके जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
पुरुष कुछ सावधानियां अपनाकर यूटीआई का खतरा कम कर सकते हैं:
• दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, ताकि पेशाब नियमित रूप से हो।
• पेशाब को लंबे समय तक रोककर न रखें।
• जननांगों की नियमित और सही तरीके से सफाई करें।
• यौन संबंध के बाद पेशाब करने की आदत डालें।
• यदि पेशाब की धार कमजोर हो, बार-बार पेशाब आए या पेशाब करने में परेशानी हो, तो डॉक्टर से परामर्श लें।
• डायबिटीज को नियंत्रित रखें।
पुरुषों में यूटीआई के लक्षण दिखाई देने पर डॉक्टर से जांच कराना विशेष रूप से जरूरी है, क्योंकि इसके पीछे प्रोस्टेट या मूत्र मार्ग से जुड़ी समस्या भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें: अगर आप भी पुष्कर मेला घूमने गए हैं, तो मेले के अलावा इन 4 जगहों पर जरूर जाएं
किस उम्र की महिलाओं को यूटीआई का खतरा ज्यादा रहता है?
- यूटीआई किसी भी उम्र की महिला को हो सकता है, लेकिन जीवन के अलग-अलग चरणों में इसका खतरा अलग-अलग कारणों से बढ़ता है।
युवा और प्रजनन आयु की महिलाएं - लगभग 18 से 40 वर्ष की उम्र में यौन सक्रियता, गर्भावस्था और कुछ गर्भनिरोधक तरीकों के कारण यूटीआई का खतरा बढ़ सकता है।
गर्भवती महिलाएं - गर्भावस्था के दौरान हार्मोनल बदलाव और मूत्र मार्ग पर बढ़ते दबाव के कारण पेशाब का प्रवाह प्रभावित हो सकता है। इस वजह से बैक्टीरिया के पनपने की संभावना बढ़ जाती है। गर्भावस्था में बिना लक्षण वाले बैक्टीरियल संक्रमण की भी जांच जरूरी होती है, क्योंकि अनुपचारित संक्रमण जटिलताएं पैदा कर सकता है।
मेनोपॉज के बाद की महिलाएं - 45 से 50 वर्ष या उससे अधिक उम्र में एस्ट्रोजन का स्तर कम होने लगता है। इससे मूत्र मार्ग और योनि के आसपास के प्राकृतिक सुरक्षात्मक बदलाव प्रभावित होते हैं। इसलिए मेनोपॉज के बाद महिलाओं में बार-बार यूटीआई होने की आशंका बढ़ सकती है।
हालांकि, उम्र अकेले यूटीआई का कारण नहीं है। व्यक्तिगत स्वास्थ्य, हार्मोनल बदलाव और अन्य चिकित्सकीय स्थितियां भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
यूटीआई से बचने के लिए क्या करें?
यूटीआई से बचाव के लिए रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है।
1. पर्याप्त पानी पिएं: दिनभर पानी पीते रहें। इससे पेशाब नियमित होता है और मूत्र मार्ग से बैक्टीरिया बाहर निकलने में मदद मिलती है। पानी की मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और मौसम के अनुसार अलग हो सकती है।
2. पेशाब न रोकें- लंबे समय तक पेशाब रोकने से बचें। शरीर में पेशाब आने पर समय से मूत्राशय खाली करें।
3. सही तरीके से सफाई करें- महिलाओं को शौच के बाद आगे से पीछे की ओर सफाई करनी चाहिए, ताकि गुदा क्षेत्र के बैक्टीरिया मूत्रमार्ग तक न पहुंचें।
4. सही अंडरगारमेंट चुनें- सूती और आरामदायक अंडरगारमेंट पहनें। गीले कपड़ों को लंबे समय तक न पहनें और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखें।
5. यौन संबंध के बाद पेशाब करें- इससे मूत्रमार्ग में प्रवेश करने वाले कुछ बैक्टीरिया बाहर निकलने में मदद मिल सकती है।
6. डायबिटीज नियंत्रित रखें- ब्लड शुगर का स्तर नियंत्रित रखना संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए जरूरी है।
7. लक्षणों को नजरअंदाज न करें- पेशाब में जलन, दर्द या बार-बार पेशाब आने जैसे लक्षण होने पर डॉक्टर से मिलें।
इलाज में लापरवाही न करें
- यूटीआई का निदान आमतौर पर यूरिन रूटीन जांच और जरूरत पड़ने पर यूरिन कल्चर के जरिए किया जाता है। संक्रमण की गंभीरता और बैक्टीरिया के प्रकार के अनुसार डॉक्टर एंटीबायोटिक दवाएं देते हैं। दवाओं का कोर्स डॉक्टर की सलाह के अनुसार पूरा करना चाहिए। बार-बार संक्रमण होने पर यूरिन कल्चर और अन्य जरूरी जांचों से इसके कारण का पता लगाना महत्वपूर्ण है।
- बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेना या पुरानी दवाएं दोबारा शुरू करना नुकसानदायक हो सकता है।
- याद रखें, यूटीआई एक सामान्य लेकिन नजरअंदाज न की जाने वाली समस्या है। सही जानकारी, पर्याप्त पानी, उचित स्वच्छता और समय पर चिकित्सकीय सलाह से इसके जोखिम को कम किया जा सकता है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




