• NEW DELHI 03 Mar 2025, (अपडेटेड 03 Mar 2025, 8:19 AM IST)
हरियाणा में कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या हो गई है। उनकी लाश एक सूटकेस में संपाला बस स्टैंड के पास मिली है। पढे़ं पूरी रिपोर्ट।
कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल। (File Photo Credit: Facebook/himaninarwal1995)
हरियाणा में रोहतक-दिल्ली हाइवे पर संपाला बस स्टैंड के पास एक ब्लैक सूटकेस नजर आया। यह बैग लावारिस पड़ा था। जब लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इस लावारिस बैग की सूचना दी। मौके पर आनन-फानन में पुलिस पहुंची। जब सूटकेस खुला तो लोगों के होश उड़ गए। सूटकेस में एक 22 साल की लड़की की लाश पड़ी है।
लाश की नाक के पास खून के थक्के जमे थे। ऐसा लग रहा था कि लाश ज्यादा पुरानी नहीं है। पुलिस खुद हैरान रह गई कि इस तरह कौन कत्ल कर सकता है। पुलिस के बैग खोलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जब तस्वीरें वायरल हुईं तो लोगों के होश उड़ गए।
यह लाश हरियाणा कांग्रेस के युवा नेताओं में शुमार हिमानी नरवाल की थी। वह सोनीपत के कथूरा गांव की रहने वाली हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुई हैं। वह अलका लांबा और कांग्रेस के अन्य बड़े नेताओं के साथ मुलाकात कर चुकी हैं। उन्हें दीपेंद्र हुड्डा भी जानते थे। दोनों की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर हैं।
कौन थीं हिमानी नरवाल? हिमानी नरवाल लोक कलाकार भी थीं। वह हरियाणा के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। उनकी मौत की खबर सुनकर कांग्रेस नेताओं ने दुख जताया है। उनकी लाश रहस्यमयी परिस्थितियों में मिली है।
रोहतक में कांग्रेस की सक्रीय कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की बर्बर हत्या का समाचार बेहद दुःखद और स्तब्ध करने वाला है। दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि व परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ।
एक लड़की की इस तरह हत्या होना और उसका सूटकेस में शव मिलना, बेहद दुखदाई और आघात…
— Bhupinder Singh Hooda (@BhupinderShooda) March 1, 2025
बस स्टैंड से 200 मीटर की दूरी पर मिली लाश संपाला बस स्टैंड से सिर्फ 200 मीटर की दूरी पर एक लावारिस सूटकेस पड़ा था। स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को इस सूटकेस के बारे में सूचना दी। रोहतक पुलिस प्रवक्ता सनी लौरा ने कहा, 'सूटकेस खोलने पर पुलिस को हिमानी नरवाल की लाश मिली। गले पर चोट के निशान हैं। उनका गला घोटा गया है।'
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ हिमानी नरवाल।
क्या कर रही है पुलिस? संपाला पुलिस सबूत जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीमों की मदद ले रही है। पुलिस को शक है कि हिमानी की हत्या कहीं और की गई है, लाश संपाला में फेंकी गई है। सीसीटीवी फुटेज तलाशे जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने क्या कहा? हिमानी नरवाल की हत्या ने सियासी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि इस वारदात की निष्पक्षता के साथ जांच हो। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने रोहतक के पुलिस अधीक्षक से SIT गठन की अपील की है। उन्होंने कहा है कि आरोपी को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, 'NCRB और केंद्र सरकार के सामाजिक प्रगति सूचकांक के अपराध आंकड़ों से पता चलता है कि हरियाणा महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्यों में से एक बन गया है। बीजेपी सरकार सुरक्षा सुनिश्चित करने में बुरी तरह विफल रही है।'
किन धाराओं के तहत दर्ज केस? शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। संपाला थाने अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) और 238 (ए) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस हिमानी की कॉल डिटेल भी निकाल रही है।