अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को कितना आसान बनाएगा Digi Yatra, नया प्लान क्या बदलेगा?
डिजी यात्रा ऐप से लोगों के लिए एयरपोर्ट पर सफर करना आसान हुआ है। अब विदेश जाने के लिए भी एयरपोर्ट पर बार-बार पासपोर्ट और बोर्डिंग पास दिखाने की झंझट कम हो सकती है।

सांकेतिक तस्वीर, Photo Credit-ChatGPT
भारत में घरेलू हवाई यात्रा में डिजी यात्रा (Digi Yatra) ऐप से लोगों के लिए एयरपोर्ट पर सफर करना आसान हुआ है। इसके जरिए लोगों को एयरपोर्ट पर बार-बार टिकट और पहचान पत्र दिखाने की जरूरत कम हुई है। अब विदेश जाने के लिए भी एयरपोर्ट पर बार-बार पासपोर्ट और बोर्डिंग पास दिखाने की झंझट कम हो सकती है। क्योंकि सरकार Digi Yatra की सुविधा को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
इसके लिए नवंबर 2026 से देश के सात बड़े एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए ट्रायल शुरू किया गया है। इसके जरिए भारतीय ई-पासपोर्ट रखने वाले यात्री चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चेहरे की पहचान यानी फेस रिकग्निशन के जरिए एयरपोर्ट के कुछ चेकपॉइंट पार कर पाएंगे। फिलहाल यह सुविधा एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा उड़ानों में दी जा रही है। यात्रियों के अनुभव और फीडबैक के आधार पर 2027 में इसे बड़े स्तर पर लागू किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'पहले प्रायश्चित, फिर दर्शन', अखिलेश यादव के खिलाफ BJP का पोस्टर वार
डिजी यात्रा का नया प्लान क्या है?
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के मुताबिक, नवंबर से दिसंबर 2026 तक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए इसका ट्रायल चलेगा। इसमें सात एयरपोर्ट शामिल किए गए हैं, जिसमें दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई, कोच्चि और अमृतसर शामिल है। इन एयरपोर्ट पर सुविधा उपलब्ध होने पर यात्री तीन जगहों पर Digi Yatra का इस्तेमाल कर सकेंगे। पहला टर्मिनल एंट्री पर एयरपोर्ट के अंदर प्रवेश के समय, दूसरा सिक्योरिटी होल्ड एरिया में सुरक्षा जांच के बाद वाले क्षेत्र में और तीसरा बोर्डिंग गेट यानी प्लेन में चढ़ने से पहले।
इस नई व्यवस्था के तहत भारतीय ई-पासपोर्ट यानी चिप वाले पासपोर्ट रखने वाले यात्री चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में चेहरे की पहचान यानी फेस रिकग्निशन के जरिए एयरपोर्ट के कुछ चेकपॉइंट पार कर सकेंगे। फिलहाल यह सुविधा एयर इंडिया और इंडिगो की चुनिंदा उड़ानों में दी जा रही है। बता दें कि यह सुविधा हर उड़ान और हर चेकपॉइंट पर उपलब्ध नहीं होगी। यह एयरपोर्ट के इंफ्रास्ट्रक्चर और संबंधित एयरलाइन की व्यवस्था पर निर्भर करेगी।
आंकड़े क्या बताते हैं?
भारत में घरेलू उड़ानों के लिए डिजी यात्रा ऐप का इस्तेमाल लगातार बढ़ रहा है। अब तक 2.65 करोड़ से ज्यादा लोग इस प्लेटफॉर्म से जुड़ चुके हैं। देश के 39 एयरपोर्ट पर इसके जरिए 11 करोड़ से ज्यादा बार यात्रियों ने सफर की प्रक्रिया पूरी की है। सरकार की योजना है कि 2027 तक 25 और एयरपोर्ट को भी इससे जोड़ा जाए।

कैसे काम करेगा?
इसका इस्तेमाल करने के लिए यात्रियों को डिजी यात्रा ऐप के जरिए अपने ई-पासपोर्ट से डिजिटल पहचान बनानी होगी। इसे आप 5 स्टेप्स में पूरा कर सकते हैं। सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में Digi Yatra ऐप खोलें, फिर ई-पासपोर्ट पर मौजूद मशीन रीडेबल जोन (MRZ) को स्कैन करना होगा। इसके बाद फोन के NFC फीचर से पासपोर्ट में लगी चिप रीड होगी। इसके बाद यात्री अपनी सेल्फी लेकर पहचान का वेरीफाई करेंगे।
वेरीफिकेशन के बाद डिजिटल पहचान यानी Verifiable Credential (VC) यात्री के फोन में मौजूद डिजी यात्रा वॉलेट में सेव हो जाएगी। इसके बाद जिन एयरपोर्ट चेकपॉइंट पर यह सुविधा चालू होगी, वहां यात्री चेहरे की पहचान के जरिए आगे बढ़ सकेंगे।
डिजी यात्रा अंतरराष्ट्रीय यात्रा के मौजूदा नियमों की जगह नहीं लेगा, बल्कि उन्हें पूरा करने में मदद करेगा। इसके लिए यात्रियों को अभी भी अपना असली पासपोर्ट साथ रखना होगा। अलग-अलग एयरलाइन की जरूरी दस्तावेज जांच पूरी करनी होगी।
इमिग्रेशन की प्रक्रिया से गुजरना होगा। सुरक्षा जांच और अन्य अनिवार्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। डिजी यात्रा से एयरपोर्ट के कुछ चेकपॉइंट पार करना आसान होगा लेकिन विदेश जाने के लिए जरूरी सरकारी जांच खत्म नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: 'कोई VIP शामिल नहीं', अंकिता भंडारी केस के दोषी के पिता ने पब्लिक की चैट
सरकार के इस प्लान से क्या बदलेगा?
आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में अभी यात्रियों को अलग-अलग जगहों पर अपना पासपोर्ट, बोर्डिंग पास और दूसरे यात्रा दस्तावेज दिखाने पड़ते हैं, जिसमें घंटों का समय लग जाता है। नए प्लान के लागू होने से एयरपोर्ट के प्रवेश पर पहचान की प्रक्रिया आसान हो सकती है। सिक्योरिटी और बोर्डिंग के दौरान बार-बार दस्तावेज दिखाने की जरूरत कम हो सकती है, एयरपोर्ट पर लंबी कतारों और भीड़ को कम करने में मदद मिल सकती है। इससे समय की भी बचत होगी।
हालांकि फिलहाल इस ट्रायल में हर अंतरराष्ट्रीय यात्री शामिल नहीं हैं। इसके लिए कुछ शर्तें रखी गई हैं। जैसे यात्री भारतीय नागरिक होना चाहिए, उसके पास चिप वाला ई-पासपोर्ट होना चाहिए, उसकी उड़ान एयर इंडिया या इंडिगो की चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में शामिल होनी चाहिए और यात्रा उन सात एयरपोर्ट में से किसी एक से शुरू होनी चाहिए, जहां ट्रायल चल रहा है। ऐसे में ऐप डाउनलोड करने से हर यात्री को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में यह सुविधा नहीं मिलेगी। इसके लिए पात्रता और उड़ान की उपलब्धता दोनों जरूरी हैं।
डेटा की सुरक्षा की बात
सरकार के मुताबिक, डिजी यात्रा की व्यवस्था में यात्रियों की निजी पहचान से जुड़ा डेटा किसी केंद्रीय डेटाबेस में स्टोर नहीं किया जाता। डेटा एन्क्रिप्ट करके यात्री के स्मार्टफोन वॉलेट में रखा जाता है और जरूरत के अनुसार एयरपोर्ट के साथ सीमित समय के लिए शेयर किया जाता है। लोकसभा में 6 अगस्त 2026 को दिए गए जवाब के मुताबिक, यात्री की निजी जानकारी तय प्रक्रिया के तहत उड़ान के निर्धारित प्रस्थान समय के 24 घंटे के भीतर सिस्टम से हटा दी जाती है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




