दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया
अरविंद केजरीवाल
अब E20 यानी
एथेनॉल
के मुद्दे को लेकर सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने एक बार फिर से आरोप लगाए हैं कि प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
अमेरिकी राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप
के दबाव में हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाए हैं कि ट्रंप के दबाव के कारण ही अमेरिका से एथेनॉल खरीदा जा रहा है और उसे भारत पर थोपा जा रहा है। मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च कर रहे अरविंद केजरीवाल और AAP समर्थकों ने दिल्ली पुलिस ने रोक लिया। इस दौरान AAP के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। अरविंद केजरीवाल वहीं सड़क पर बैठ गए और पुलिस से कहा कि उनका संदेश प्रधानमंत्री मोदी तक पहुंचा दें। इससे पहले केजरीवाल ने दावा किया था कि वह 2 लाख से ज्यादा पेटीशन लेकर प्रधानमंत्री आवास जाएंगे।
1 अगस्त को दिल्ली में ही अरविंद केजरीवाल ने एक टाउनहॉल का आयोजन किया था। दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए छात्रों के आंदोलन के बाद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी ने अपील की थी कि लगे हाथ E20 की समस्या का हल भी कर दिया जाना चाहिए। अब उनके मार्च पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद तरुण चुघ ने कहा है कि कोई शिकायत नहीं है लेकिन बिना कोई जानकारी के अरविंद केजरीवाल बेवजह और बेतुका व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आवास की ओर से मार्च करना बेहूदा और बेतुका है। तरुण चुघ ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल का यह मार्च किसान विरोधी है।
यह भी पढ़ें: त्रिशा पर की आपत्तिजनक टिप्पणी, DMK नेता उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार
क्या बोले अरविंद केजरीवाल?
इस मार्च की शुरुआत करने से पहले अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो पोस्ट करके कहा, 'ट्रंप के दबाव में मोदी जी अमेरिका से भारी मात्रा में एथेनॉल ख़रीद रहे हैं। ट्रंप की गुलामी ये कर रहे और गाड़ियां आम आदमी की ख़राब हो रही हैं। आज हम 2 लाख से ज़्यादा पेटीशन लेकर प्रधानमंत्री आवास जा रहे हैं उनसे निवेदन करने कि वह ऐसा न करें। हमारे साथ 100 ऐसे लोग हैं जिनकी गाड़ियां E20 ने खराब कर दीं। उम्मीद हैं प्रधानमंत्री जी जनता की आवाज़ ज़रूर सुनेंगे।'
पीएम आवास की ओर से मार्च कर रहे अरविंद केजरीवाल को जब पुलिस ने रोका तो उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री को सूचित कर दें। केजरीवाल ने वहीं से मीडिया से बातचीत में कहा, 'E20 के मुद्दे पर पूरा देश बहुत दुखी है। प्रधानमंत्री जी से हम लोग मिलना चाहते हैं, हमारे साथ 100 लोग और आए हैं जो कि पीड़ित हैं। हमारे में से बहुत सारे लोग सांसद-विधायक हैं। हम कोई आतंकवादी नहीं हैं। कोई तोड़फोड़ नहीं कर रहे हैं। आप जहां कहोगे हम वहीं बैठ जाएंगे, आप प्रधानमंत्री को सूचित कर दो।'
यह भी पढ़ें: 'अभिजीत दिपके को अरेस्ट करें', फैजान ने लगाई दिल्ली पुलिस से गुहार; शिकायत दर्ज
PM मोदी पर लगाए आरोप
केजरीवाल ने आगे कहा, 'US सरप्लस एथेनॉल प्रोड्यूस करता है, वह अपना एथेनॉल इस्तेमाल नहीं कर पा रहा है तो ट्रंप ने मोदीजी पर दबाव डाला है कि भारत अमेरिका का एथेनॉल खरीदे। मोदीजी की चलती नहीं है ट्रंप के सामने। वह ट्रंप के सामने नतमस्तक हैं इसलिए भारत ने अमेरिका का एथेनॉल खरीदना चालू किया है। पिछली साल हमने 1 बिलियन लीटर एथेनॉल अमेरिका से खरीदा जाएगा। इस साल 5 बिलियन लीटर खरीदा जाएगा। अमेरिका का कूड़ा खरीदकर हमारे देश की गाड़ियों में ठूंसा जा रहा है, जिससे गाड़ियां खराब हो रही हैं।'
AAP के मुखिया केजरीवाल ने मांग की है कि एथेनॉल थोपना बंद किया जाए और लोगों को शुद्ध पेट्रोल दिया जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि लोगों को सस्ता पेट्रोल मिलना चाहिए और पीएम मोदी को ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए। AAP का कहना है कि अरविंद केजरीवाल 2.3 लाख से ज्यादा पेटीशन लेकर पीएम मोदी से मिलना चाहते हैं। दिल्ली की सड़कों पर उतरे केजरीवाल के साथ लाखों की संख्या में कागजों का पुलिंदा भी मौजूद है। इससे पहले सोमवार को उन्होंने एक प्रेस वार्ता में भी ये कागज पेश किए थे।