प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली में आम आदमी पार्टी के एक और नेता को गिरफ्तार कर लिया है। इस बार यह कार्रवाई गोवा में AAP के सह- प्रभारी दीपक सिंगला के खिलाफ की गई है। सोमवार की सुबह उनके ठिकानों पर छापेमारी करने पहुंची ईडी की टीम ने कुछ घंटों के बाद ही दीपक सिंगला को गिरफ्तार कर लिया। इस केस में AAP की नेता और पूर्व सीएम आतिशी ने बयान जारी करके कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दिख रहा है कि गोवा में AAP की लोकप्रियता ब़ढ़ रही है इसलिए ईडी की छापेमारी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाए कि जो लोग बीजेपी में शामिल हो गए उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दीपक सिंगला से जुड़े ठिकानों पर दिल्ली में हुई छापेमारी के अलावा गोवा में भी कुछ जगहों पर छापेमारी की गई है। गोवा में उन जगहों पर छापेमारी हुई है जहां AAP के संगठन से जुड़े लोग रहते हैं। इससे पहले 2024 में दीपक सिंगला के दिल्ली स्थित घर और अन्य ठिकानों पर आबकारी नीति केस में छापेमारी की गई थी लेकिन तब उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था। इस बार का मामला महेश टिंबर प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दर्ज 155 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि आरोप है कि आरोपी कंपनियों और लोगों ने बैंक से धोखाधड़ी करके ये पैसे हड़प लिए।
यह भी पढ़ें: AAP का बिजनेसमैन मंत्री जेल में, BJP का बिजनेसमैन सांसद हो गया एक्टिव, समझिए गेम
क्या बोली आम आदमी पार्टी?
इस मामले में बयान जारी करते हुए दिल्ली की पूर्व सीएम और AAP की नेता आतिशी ने कहा है, 'पूरे देश ने देखा कि किस तरह बंगाल के चुनाव में बीजेपी ने टीएमसी के खिलाफ ईडी का प्रयोग किया। जो एजेंसी I-PAC टीएमसी को चुनाव लड़वा रही थी, उसमें काम करने वालों को जेल भेज दिया। टीएमसी के सारे संगठन का डेटा ईडी के माध्यम से चुनाव से पहले चुरा लिया गया। चुनाव खत्म हुआ, सब लोगों को जेल से छोड़ दिया गया। बंगाल के बाद अगला हमला पंजाब में शुरू हुआ। पंजाब में AAP नेताओं के घरों पर रेड शुरू हो गई। जो नेता बीजेपी में भाग गए, उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। संजीव अरोड़ा जैसे जिन नेताओं ने बीजेपी में जाने से इनकार कर दिया, उन्हें जेल भेज दिया गया।'
आतिशी ने आगे कहा, 'पंजाब के बाद अगला नंबर गोवा का आ गया है क्योंकि बीजेपी को पता है कि गोवा के लोग उसकी सरकार से नफरत करते हैं। उन्हें पता है कि आने वाले चुनाव में गोवा के लोग उन्हें निकालकर बाहर फेंकने वाले हैं। उन्हें दिख रहा है कि गोवा में AAP की लोकप्रियता बढ़ रही है। इसी वजह से आज सुबह से AAP के गोवा के सह-प्रभारी दीपक सिंगला के घर पर ईडी की रेड चल रही है। ईडी की 15 गाड़ियां खड़ी है। ईडी के पचासों अफसर खड़े हैं। गोवा में भी हमारे कार्यकर्ताओं पर ईडी की रेड चल रही है। आखिर संगठन के प्रभारी पर ईडी की रेड क्यों होगी? संगठन का डेटा चुराने के लिए। जैसा ईडी ने पश्चिम बंगाल में टीएमसी के सारे संगठन का डेटा बीजेपी को दे दिया। आज वही कोशिश गोवा में हो रही है कि AAP का सारा डेटा चुराकर दिया जाए।'
यह भी पढ़ें: पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा को ED ने क्यों किया गिरफ्तार, उन पर क्या आरोप?
कौन हैं दीपक सिंगला?
दिल्ली में आम आदमी पार्टी के नेता दीपक सिंगला पूर्वी दिल्ली में चलने वाली मशहूर मिठाई की दुकान सिंगला स्वीट्स के मालिक हैं। पहले भी वह ईडी के निशाने पर रहे हैं। 2024 में आबकारी नीति मामले में भी उनके ठिकानों पर छापेमारी हुई थी। वह साल 2020 और 2025 में दिल्ली की विश्वास नगर विधानसभा सीट से ओम प्रकाश शर्मा के खिलाफ चुनाव लड़े लेकिन उन्हें हार ही मिली। विश्वास नगर वह सीट है जहां आम आदमी पार्टी को कभी भी जीत नहीं मिली है।
AAP गोवा के प्रभारी दीपक सिंगला पर आरोप था कि आबकारी नीति के पैसों को गोवा में खपाने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई। इससे पहले, वह एमसीडी में AAP के सह-प्रभारी भी रह चुके हैं। गोवा के अलावा वह महाराष्ट्र में भी पार्टी के प्रभारी रहे हैं।