'विपक्ष ने भ्रूण हत्या की, इसकी सजा जरूर मिलेगी', महिला आरक्षण पर बोले PM मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात को राष्ट्र को संबोधित किया। अपने भाषण में पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर महिला आरक्षण की भ्रूण हत्या का आरोप लगाया और कहा कि इसकी सजा उन्हें जरूर मिलेगी। देश की नारी शक्ति कांग्रेस और उसके साथियों को माफ नहीं करेगी।

देश को संबोधित करते पीएम मोदी। ( Photo Credit: PB-SHABD)
लोकसभा में संविधान (131वां) संशोधन विधेयक गिरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात को देश को संबोधित किया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं होने पर देशभर की सभी महिलाओं से माफी मांगी। पीएम मोदी ने कहा कि देश का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे देश की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया है। उनके सपनों के बेरहमी से कुचल दिया गया है। पीएम मोदी आगे यह भी कहा कि भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और सपा पर निशाना साधा और उन पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाया।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, 'हमारे लिए देश हित सर्वोपरि है। जब कुछ लोगों के लिए दल ही सब कुछ हो जाता है। दल ही देश हित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति और देश हित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों के स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है।'
यह भी पढ़ें: ईरान ने दोबारा बंद किया स्ट्रेट ऑफ होर्मुज, डोनाल्ड ट्रंप पर लगाया बड़ा आरोप
पीएम मोदी ने आगे कहा, 'कल देश की करोड़ों महिलाओं की नजर संसद पर थी। देश की नारी शक्ति देख रखी थी। मुझे भी यह देखकर बहुत दुख हुआ। जब नारी हित का प्रस्ताव गिरा तो कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और सपा जैसी परिवारवादी पार्टियां खुशी से तालियां बजा रही थीं। महिलाओं से उनके अधिकार छीनकर ये लोग मेजें थपथपा रहे थे। उन्होंने जो किया वह केवल टेबल पर थाप नहीं थी। वह नारी के स्वाभिमान और आत्मसम्मान पर चोट थी। नारी सबकुछ भूल जाती है। अपना अपमान कभी नहीं भूलती। संसद में कांग्रेस और उसके व्यवहार की कसर हर नारी के मन में हमेशा रहेगी।'
विपक्ष को उसके पाप की सजा मिलेगी: मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी तो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने सांसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न और खुशियां मनाई थीं। अधिनियम का विरोध करने वाले दल भूल रहे हैं कि 21वीं सदी की नारी देश की हर घटना पर नजर रख रही है। वह उनकी मंशा भाप रही है और सच्चाई भी भलीभांति जान चुकी है। इसलिए महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है, इसकी उन्हें सजा जरूर मिलेगी। इन दलों ने संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान किया है। जनता द्वारा इसकी सजा से भी वह बच नहीं पाएंगे।
समय की मांग नारी शक्ति वंदन अधिनियम
पीएम मोदी ने बताया कि नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से कुछ छिनने का नहीं था। नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। यह 40 साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था। नारी शक्ति वंदन संशोधन 21वीं सदी की नारी को नए अवसर देने, नए उड़ान देने और उसके सामने से बाधाएं हटाने का महायज्ञ था। देश की 50 प्रतिशत यानी आधी आबादी को उसका अधिकारी देने का साफ नीयत और ईमानदारी से किया गया एक पवित्र प्रयास था। नारी को भारत की विकास यात्रा में सहयात्री बनाने और सबको जोड़ने का प्रयास था। नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है।
पीएम मोदी ने कहा, 'यह संशोधन उत्तर, दक्षिण, पूर्व और पश्चिम समेत सभी राज्यों की शक्ति में समान वृद्धि का प्रयास था। यह संसद में सभी राज्यों की आवाज को अधिक शक्ति देने का प्रयास था। इस ईमानदार प्रयास को कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने पूरे देश के सामने सदन में प्रण हत्या कर दी। भ्रूण हत्या कर दी है। कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और डीएमके जैसे दल इस भ्रूण हत्या के गुनाहगार हैं। ये देश के संविधान के अपराधी हैं। ये देश की नारी शक्ति के अपराधी हैं।'
'महिला आरक्षण से नफरत करती है कांग्रेस'
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला आरक्षण के विषय से ही नफरत करती है। उसने हमेशा से ही महिला आरक्षण को रोकने के लिए षड़यंत्र किए हैं। इस दिशा में पहले जितनी बार भी प्रयास हुए, हर बार कांग्रेस ने इसमें रोड़े अटकाए हैं। इस बार भी कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने महिला आरक्षण को रोकने के लिए एक के बाद एक नए झूठ का सहारा लिया। कभी संख्या को लेकर और कभी किसी और तरीके से। कांग्रेस और उसके साथियों ने देश को गुमराह करने का प्रयास किया। ऐसा करके इन दलों ने भारत की नारी शक्ति के सामने अपना असली चेहरा ला दिया है। अपना मुखौटा उतार दिया है।
यह भी पढ़ें: 'मैं ही बदनाम हो रही हूं', चहल ने तानिया पर मानहानि का केस क्यों किया?
कांग्रेस परजीवी की तरह: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि मुझे व्यक्तिगत तौर पर आशा थी कि कांग्रेस अपनी दशकों पुरानी गलती को सुधारेगी। कांग्रेस अपने पापों का प्रायश्चित करेगी। लेकिन कांग्रेस ने इतिहास रचने और महिलाओं के पक्ष में खड़े होने का अवसर खो दिया। कांग्रेस खुद देश के अधिकांश हिस्सों में अपना वजूद खो चुकी है। कांग्रेस परजीवी की तरह क्षेत्रीय दलों की पीठ पर सवार होकर खुद को जिंदा रखे हुए हैं, लेकिन कांग्रेस यह भी नहीं चाहती कि क्षेत्रीय दलों की ताकत बढ़े। इसलिए कांग्रेस ने इस संशोधन का विरोध करवा कर अनेक क्षेत्रीय दलों के भविष्य को अंधेरे में धकेलने का राजनीतिक षंड्यत्र किया।
देश की नारी कांग्रेस और उसके सहयोगियों को माफ नहीं करेगी
पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल कोई न कोई न कोई टेक्निकल पेंच फंसा कर यह महिलाओं के अधिकारों पर डांका डालते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पारिवारवादी पर्टियां अपने डर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर रही हैं। इन्हें डर है कि अगर महिलाएं सशक्त हो गईं तो इन परिवारवादी पार्टियों का नेतृत्व खतरे में पड़ जाएगा। ये कभी नहीं चाहेंगे कि उनके परिवार के बाहर की महिलाएं आगे बढ़ें। पीएम मोदी ने कहा कि परिसीमन के बाद महिलाओं के लिए ज्याद सीटें होती। उनका कद बढ़ता। इसलिए विपक्ष ने नारी शक्ति वंदन का विरोध किया। देश की नारी शक्ति कांग्रेस और उसके सहयोगियों को इस पाप के लिए कभी माफ नहीं करेगी।
परिसीमन पर विपक्ष फैला रहा झूठ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर डिलिमिटेशन पर झूठ बोलने और विभाजन की आग भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 'बांटो और राज करो' की राजनीति कांग्रेस अंग्रेजों से विरासत में सीखकर आई है। कांग्रेस आज भी उसी के सहारे चल रही है। कांग्रेस ने हमेशा देश में दरार पैदा करने वाली भावनाओं को हवा दी है। यह झूठ फैलाया गया कि परिसीमन से कुछ राज्यों को नुकसान होगा, जबकि सरकार ने पहले दिन से स्पष्ट किया है कि न किसी राज्य की भागेदारी का अनुपात बदलेगा और न ही किसी राज्य की भागेदारी घटेगी, बल्कि सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात पर ही बढ़ेंगी। फिर भी कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दल इसको मनाने को तैयार नहीं हुए।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap



