logo

मूड

ट्रेंडिंग:

स्वराज बिल से सप्रू रिपोर्ट तक: आजादी से पहले भारत के संविधान की 5 अहम कोशिशें

आजादी से पहले ही भारत का संविधान बनाने की कोशिशें शुरू हो गई थीं। 1895 के स्वराज बिल से 1945 की सप्रू रिपोर्ट तक, पांच दस्तावेजों में शासन व्यवस्था और नागरिक अधिकारों के सुझाव दिए गए थे।

बाल गंगाधर तिलक और तेज बहादुर सप्रु की AI Generated तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर, Photo Credit- ChatGPT

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

26 नवंबर 1949 को भारत का संविधान बनकर तैयार हो गया था। इसी दिन संविधान सभा ने इसे अपनाया था। भारतीय संविधान को अपनाए हुए आज 77 साल हो गए हैं। साल 2015 से हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है। हालांकि, इससे पहले भी इस तारीख को कानून दिवस के रूप में याद किया जाता था। भारत का संविधान तैयार करने में संविधान सभा को 2 साल, 11 महीने और 17 दिन का समय लगा था। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ और भारत एक गणराज्य बना। 

 

लेकिन भारत का संविधान तैयार करने की कोशिश सिर्फ संविधान सभा के गठन के बाद ही शुरू नहीं हुई थी। आजादी की लड़ाई के दौरान भी कई नेताओं और संगठनों ने भारत के लिए संविधान बनाने की कोशिश की थी। अलग-अलग समय पर तैयार किए गए इन दस्तावेजों में सरकार कैसे चलेगी, लोगों को कौन-कौन से अधिकार मिलेंगे और देश का प्रशासन किस तरह काम करेगा, जैसी बातें शामिल थीं। इनमें से कुछ दस्तावेज आजादी से कई दशक पहले तैयार किए गए थे। 

तिलक का स्वराज बिल

भारत के लिए संविधान तैयार करने की शुरुआती कोशिशों में 1895 का Constitution of India Bill महत्वपूर्ण माना जाता है। इसे स्वराज बिल के नाम से भी जाना जाता है। इस दस्तावेज के लेखक का नाम निश्चित रूप से पता नहीं है। हालांकि, एनी बेसेंट ने इसके पीछे बाल गंगाधर तिलक के प्रभाव की संभावना जताई थी।

 

यह भी पढ़ें: संविधान से लेकर बड़े राष्ट्रीय फैसलों तक, इन देशों में जनता देती है सीधी मंजूरी

 

इस दस्तावेज में कुल 110 अनुच्छेद थे। इसमें अभिव्यक्ति की आजादी, संपत्ति का अधिकार, घर की निजता और कानून के सामने समानता जैसे अधिकारों की बात की गई थी। इसके अलावा सरकार कैसे काम करेगी और अलग-अलग सरकारी संस्थाओं के पास कौन से अधिकार होंगे, इसका भी जिक्र था। उस समय भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। इस दस्तावेज में ब्रिटिश साम्राज्य के भीतर रहते हुए भारत को अपना शासन चलाने का अधिकार देने की कल्पना की गई थी।

चित्तरंजन दास की स्वराज योजना

1922 में देशबंधु चित्तरंजन दास और डॉ. भगवान दास ने भारत के स्वशासन के लिए एक योजना तैयार करने की पहल की। इसे Outline Scheme of Swaraj नाम दिया गया। इसका उद्देश्य भारत के लिए ऐसी व्यवस्था तैयार करना था, जिसमें देश के लोग अपना शासन खुद चला सकें।

 

इस योजना में भारत की भावी सरकार और शासन व्यवस्था को लेकर कई सुझाव दिए गए थे। जनवरी 1923 में इस रूपरेखा को सार्वजनिक किया गया। इसके बाद लोगों से इस पर सुझाव और आलोचनाएं मांगी गईं। यह कोशिश इस लिहाज से महत्वपूर्ण थी कि भारतीय नेता अब केवल अंग्रेजों से आजादी की मांग नहीं कर रहे थे, बल्कि आजाद भारत में शासन कैसे चलेगा, इस पर भी विचार कर रहे थे।

 

यह भी पढ़ें: जब नेहरू को चुनकर पछताए थे मौलाना आजाद, आत्मकथा के 30 पन्नों में क्या लिखा था?

एनी बेसेंट की कॉमनवेल्थ बिल

भारत के लिए संविधान बनाने की कोशिश में 1925 का Commonwealth of India Bill भी एक महत्वपूर्ण दस्तावेज था। इसके पीछे एनी बेसेंट की प्रमुख भूमिका थी। इसके शुरुआती मसौदे पर तेज बहादुर सप्रू की अध्यक्षता वाले नेशनल कन्वेंशन में काम हुआ था। बाद में एनी बेसेंट की अध्यक्षता वाली समिति ने इसमें बदलाव किए।

 

इस विधेयक में कुल 127 अनुच्छेद और 10 अध्याय थे। इसमें भारत को ब्रिटिश साम्राज्य के भीतर स्वशासित डोमिनियन बनाने की कल्पना की गई थी। इसमें सरकार की संरचना, विधायिका, कार्यपालिका और नागरिकों के अधिकारों से जुड़े प्रावधान शामिल थे। इसमें गांवों की पंचायत व्यवस्था को भी भविष्य की शासन व्यवस्था का आधार बनाने की बात कही गई थी।

मोतीलाल नेहरू की नेहरू रिपोर्ट

1928 में भारत के लिए संविधान का एक और महत्वपूर्ण मसौदा तैयार हुआ, जिसे नेहरू रिपोर्ट के नाम से जाना जाता है। इसका नेतृत्व मोतीलाल नेहरू ने किया था। साइमन कमीशन में किसी भी भारतीय सदस्य को शामिल नहीं किए जाने के विरोध के बीच भारतीय नेताओं ने खुद देश के लिए संविधान का खाका तैयार करने का फैसला किया था।

 

इसके लिए ऑल पार्टीज कॉन्फ्रेंस की ओर से एक समिति बनाई गई, जिसकी अध्यक्षता मोतीलाल नेहरू ने की। रिपोर्ट में भारत को ब्रिटिश साम्राज्य के भीतर डोमिनियन स्टेटस देने की मांग की गई थी। इसमें संसदीय शासन व्यवस्था, केंद्र और प्रांतों के बीच अधिकारों का बंटवारा और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की बात की गई थी। इसमें संयुक्त निर्वाचन प्रणाली का भी प्रस्ताव था।

 

यह भी पढ़ें: कश्मीर का मामला UN क्यों ले गए थे नेहरू? 1947 के हालात और फैसले की पूरी कहानी

तेज बहादुर की सप्रू कमेटी की रिपोर्ट

भारत के संविधान से जुड़ी आजादी से पहले की आखिरी महत्वपूर्ण कोशिशों में 1945 की सप्रू कमेटी रिपोर्ट शामिल थी। नवंबर 1944 में नॉन-पार्टी कॉन्फ्रेंस ने तेज बहादुर सप्रू की अध्यक्षता में 30 सदस्यों की एक समिति बनाई थी। इसका मुख्य उद्देश्य भारत के संवैधानिक भविष्य और खासकर अल्पसंख्यकों से जुड़े सवालों का समाधान तलाशना था।

 

समिति ने 1945 में अपनी रिपोर्ट पेश की। इसमें भारत के विभाजन के विचार का विरोध किया गया था। साथ ही, देश की राजनीतिक एकता बनाए रखने की बात कही गई थी। रिपोर्ट में संविधान बनाने के लिए एक अलग संविधान निर्माण निकाय गठित करने का प्रस्ताव भी था। अल्पसंख्यकों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व के लिए संयुक्त निर्वाचन प्रणाली के साथ सीटों के आरक्षण की बात कही गई थी। इसमें विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और केंद्र-प्रांतों के बीच अधिकारों के बंटवारे से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल थे।

 

इन पांचों दस्तावेजों से पता चलता है कि भारत के अपने संविधान की कल्पना आजादी मिलने से कई दशक पहले ही शुरू हो चुकी थी। अलग-अलग समय पर तैयार किए गए इन प्रस्तावों में भारत की भावी सरकार, नागरिकों के अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर विचार रखे गए थे। 1946 में गठित संविधान सभा ने इन ऐतिहासिक अनुभवों और लंबे विचार-विमर्श के आधार पर स्वतंत्र भारत का संविधान तैयार किया।

Related Topic:#Constitution#India

और पढ़ें