logo

मूड

ट्रेंडिंग:

राधा-बबीता ने पहुंचाई थी पिस्टल, टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 4 और गिरफ्तार

टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने 4 और लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें दो महिलाएं भी हैं जिन पर मुंबई तक बंदूक पहुंचाने का आरोप है। 

टाइगर श्रॉफ केस में 4 और गिरफ्तार

टाइगर श्रॉफ केस में 4 और गिरफ्तार, Photo Credit: Delhi Police

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल ने मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पहले गिरफ्तार किए गए कुल तीन लोगों को मिला लें तो अब तक इस केस में कुल 7 लोगों की गिरफ्तारी हो गई है। अब गिरफ्तार किए गए चार लोगों में दो महिलाएं भी हैं। पुलिस को शक है कि ये आरोपी विदेश में रह रहे एक गैंगस्टर के कहने पर काम कर रहे थे। पुलिस ने बताया है कि इन चारों में से एक शख्स लगातार अनिल पंडित के संपर्क में था और उसी से मिल रहे निर्देशों को बाकी लोगों तक पहुंचा रहा था।

 

पुलिस ने बताया है कि 2 महीने पहले हुई एक मुलाकात के बाद कुणाल और राधा का अफेयर शुरू हुआ था। इतना ही नहीं, कुणाल ने ही राधा को तैयार किया था कि वह हथियार लेकर मुंबई जाए। इस हथियार को अमृतसर से लिया गया था और दिल्ली से होते हुए इसे मुंबई तक पहुंचाया गया था। हमले के बाद राधा और बबीता नाम की ये आरोपी मुंबई से फरार हुई थीं लेकिन दोनों को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया।

कौन हैं चारों अपराधी?

अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के नाम कुणाल (21) और सुमित (19) हैं। दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। राधा (23) और बबीता (23) उत्तर प्रदेश की रहने वाली हैं। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 'चारों आरोपियों को पहले भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(बी) के तहत अदालत में पेश किया गया। इसके बाद मुंबई में महाराष्ट्र पुलिस के CID ने अर्जी दी। विभाग ने आरोपियों से हिरासत में पूछताछ करने और उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार करने की इजाजत मांगी।' अधिकारी ने बताया कि अदालत ने अर्जी मान ली। अदालत ने मुंबई पुलिस की टीम को आरोपियों की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड दे दी।

 

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ पर गोली चलाने वाले लोग कौन हैं, कैसे पकड़े गए? मुंबई पुलिस ने बताया

 

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के मुताबिक, 'कुणाल हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हरसाना गांव के एक दोस्त ने उसे अनिल पंडित से मिलवाया। पंडित पानीपत का रहने वाला 32 साल का गैंगस्टर है। उसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का कथित सहयोगी बताया गया है। उसके इस समय अमेरिका में होने का शक है।' एक अधिकारी ने बताया कि कुणाल ने जल्द ही एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप से अनिल पंडित से बात शुरू कर दी।

 

उन्होंने कहा, 'अनिल पंडित के कहने पर कुणाल और उसके साथी सुमित ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 राउंड कारतूस लिए।' अधिकारी के अनुसार, करीब दो महीने पहले कुणाल की मुलाकात राधा से हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद कुणाल ने अपनी गतिविधियों के बारे में राधा को बताया। उसने राधा को हथियार लेकर मुंबई जाने के लिए मना लिया।

 

यह भी पढ़ें: 'अमीर होंगे तब घर आएंगे', इंस्टाग्राम रील देखकर आगरा के 3 बच्चे घर छोड़कर भागे

मुंबई कैसे पहुंचे थे आरोपी?

पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर को कुणाल ने राधा और उसकी साथी बबीता को कथित तौर पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा। पिस्तौल राधा के बैग में छिपाई गई थी। उन्होंने बताया कि पूरे सफर में कुणाल एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप से राधा के संपर्क में रहा। वह अनिल  पंडित से मिले निर्देश आगे पहुंचाता रहा। उनके मुताबिक, दोनों महिलाएं 17 अक्टूबर को मुंबई पहुंचीं। वे दादर स्टेशन पर उतरीं और एक होटल में रुकीं। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 11 बजे एक नाबालिग लड़के ने होटल के पास राधा से कथित तौर पर बैग ले लिया।

 

यह भी पढ़ें: सलमान से लेकर टाइगर श्रॉफ तक, इन स्टार्स पर चलीं गोलियां

 

अधिकारी ने बताया, 'अगले दिन शाम करीब 7 बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की खबर आई। अनिल पंडित ने कुणाल को बताया कि शूटर मुंबई में फंसे हैं। उसने कुणाल से उनके भागने का इंतजाम करने को कहा। राधा और बबीता 18 अक्टूबर को दादर-हरिद्वार एक्सप्रेस से मुंबई से दिल्ली के लिए निकलीं। मंगलवार को उन्हें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पकड़ लिया गया। कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया था।'

 

पुलिस अधिकारी ने बताया है कि कि कथित नेटवर्क और आरोपियों की भूमिका को लेकर आगे की जांच जारी है।


और पढ़ें