कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को आशा कार्यकर्ताओं के आंदोलन पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता राज्य सरकार को ब्लैकमेल नहीं कर सकतीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार कोई न कोई रास्ता जरूर निकालेगी।
डीके शिवकुमार ने मैसूरु में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदर्शनकारियों को अपनी मांगें सिर्फ राज्य सरकार के सामने नहीं, केंद्र सरकार के सामने भी रखनी चाहिए। उनके मुताबिक आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति केंद्र ने ही की है।
यह भी पढ़ें: कर्नाटक में धर्मांतरण कानून पर फिर छिड़ी जंग? BJP ने कांग्रेस को दी धमकी
आशा कार्यकर्ताओं की नहीं सुनेंगे CM?
आशा कार्यकर्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल बृहस्पतिवार को 10वें दिन में पहुंच गई। यह हड़ताल बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में चल रही है। कार्यकर्ताओं की मांगों में मासिक मानदेय बढ़ाकर 15,000 रुपये करना शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आशा कार्यकर्ताओं से एक बार फिर विनम्र अपील करते हैं कि काम पर लौट आएं। उन्होंने कहा कि सरकार उन्हें बुलाकर बातचीत करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी सरकार को ब्लैकमेल नहीं कर सकता, चाहे सरकार उनकी हो या किसी और की।
क्या चाहती हैं आशा कार्यकर्ता?
आशा कार्यकर्ताओं ने जल्द समाधान के लिए मुख्यमंत्री से लिखित आश्वासन मांगा। इस पर शिवकुमार ने कहा कि वे उन लोगों के लिए कुछ नहीं कर सकते, जिन्हें मुख्यमंत्री के आश्वासन पर भरोसा नहीं है। उन्होंने कहा कि हर मामले में लिखित आश्वासन देने लगे तो यह पूरे राज्य में चलन बन जाएगा। उनके मुताबिक सरकार की अपनी सीमाएं और कानूनी बाध्यताएं होती हैं।
शिवकुमार ने सवाल उठाया कि जब आशा कार्यकर्ताओं को केंद्र ने नियुक्त किया है, तो वह केंद्र से लिखित आश्वासन क्यों नहीं मांग रहीं। उन्होंने पूछा कि केंद्र से यह क्यों नहीं पूछा जा रहा कि अब तक मानदेय क्यों नहीं बढ़ाया गया।
यह भी पढ़ें: 'कैमरे वाले चश्मे से स्टिंग ऑपरेशन', DK, सिद्धा, सतीशन सब चर्चा में क्यों आए?
क्यों सरकार नहीं चाहती है हो प्रदर्शन?
आशा कार्यकर्ताओं के मुद्दे पर कैबिनेट और विधानसभा सत्र के दौरान चर्चा होगी। इससे पहले बेंगलुरु में उन्होंने कहा था कि कार्यकर्ताओं को इस मुद्दे को सरकार से टकराव में नहीं बदलना चाहिए। उन्होंने प्रदर्शन वापस लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने बताया कि वह अधिकारियों से इस मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं और वित्त विभाग से आगे विचार-विमर्श करेंगे। उनके मुताबिक इस मुद्दे पर पहले पांच से छह दौर की बातचीत हो चुकी है।
'हर कोई प्रदर्शन करेगा तो काम कौन करेगा'
डीके शिवकुमार ने कहा कि इस मुद्दे के गंभीर वित्तीय असर हैं, क्योंकि अलग-अलग सरकारी विभागों के कई अन्य कर्मचारी भी ऐसी ही मांगें उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर हर कोई सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने लगे तो जिम्मेदारी कौन लेगा। उन्होंने यह योजना तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली UPA सरकार के दौरान शुरू होने का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वित्तीय जिम्मेदारी का बड़ा हिस्सा उठा रही है। उन्होंने यह सुझाव भी खारिज किया कि सरकार आशा कार्यकर्ताओं के बिना काम कर सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार को सभी की जरूरत है।