ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 39वां मुकाबला अफगानिस्तान और कनाडा के बीच खेला गया। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान ने 82 रन से जीत दर्ज कर अपने अभियान का सुखद अंत किया। सुपर-8 की रेस से बाहर हो चुकी अफगानी टीम ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 4 विकेट के नुकसान पर 200 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसके जवाब में कनाडा की टीम 20 ओवर खेलकर 118 रन ही बना सकी।
जादरान ने बनाए नाबाद 95 रन
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी अफगानिस्तान की टीम को रहमानुल्लाह गुरबाज और इब्राहिम जादरान की ओपनिंग जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। गुरबाज 20 गेंद में 30 रन बनाकर पावरप्ले के आखिरी ओवर में आउट हुए। इसी ओवर में नए बल्लेबाज गुलबदीन नईब (1) भी चलते बने। जादरान ने 49/2 स्कोर होने के बाद सेदिकुल्लाह अटल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी कर डाली।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे ने भारत से कितने मैच जीते हैं, चेपॉक में खेला करेगी सिकंदर 'सेना'?
सेदिकुल्ला (32 गेंद में 44 रन) 16वें ओवर में आउट हो गए लेकिन जादरान एक छोर पर डटे रहे और 56 गेंद में 7 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 95 रन की पारी खेल अफगानिस्तान को 200 रन तक पहुंचा दिया, जो कनाडा के लिए नामुमिकन सा दिखने वाला टारगेट साबित हुआ। कनाडा की टीम ने रन चेज में अच्छी शुरुआत की लेकिन 25 रन पर ओपनिंग जोड़ी के टूटने के बाद उसके हौसले पस्त हो गए और वह मुश्किल से 100 के पार पहुंच पाई। उसके लिए हर्ष ठाकेर ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए। अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद नबी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 7 रन देकर 4 विकेट झटके। कप्तान राशिद खान को 2 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे से बचकर टीम इंडिया... टी20 वर्ल्ड कप में गदर मचा रही सिकंदर की 'सेना'
जोनाथन ट्रॉट की भावुक विदाई
अफगानिस्तान को अपने पहले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद उसने साउथ अफ्रीका के खिलाफ 'करो या मरो' वाले मुकाबले में गजब का जज्बा दिखाया लेकिन वह डबल सुपर ओवर में हार गया, जिससे टूर्नामेंट से उसकी रवानगी तय हो गई। अफगानिस्तान टूर्नामेंट में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाया लेकिन उसने अपने आखिरी दोनों मुकाबले जीत हेड कोच जोनाथन ट्रॉट को सुखद विदाई दी। 2022 में अफगानिस्तान की टीम से जुड़े जोनाथन ट्रॉट के कार्यकाल में इस टीम ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप, 2024 टी20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन किया।