भारत और इंग्लैंड के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबले में 499 रन बने। टीम इंडिया 253 रन बनाकर भी 7 रन से जीती। भारतीय टीम की इस जीत में अक्षर पटेल का अहम रोल रहा, जिन्होंने फील्डिंग में कमाल करते हुए मैच का रुख मोड़ा। अक्षर ने मैच के दो अलग-अलग लेकिन महत्वपूर्ण फेज में खतरनाक हैरी ब्रूक और विल जैक्स को आउट करने में अहम भूमिका निभाई। इस हाई-स्कोरिंग थ्रीलर में अक्षर की फील्डिंग ने बड़ा अंतर पैदा किया।
टीम इंडिया के फाइनल में पहुंचने के बाद महान सलामी बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने अक्षर की जमकर तारीफ की। उनका मानना है कि अक्षर क्रिकेट के हर विभाग में अपने बेहतरीन स्किल और क्रिकेट की बहुत अच्छी समझ रखने के कारण भारत के महानतम खिलाड़ियों में से एक बनने की राह पर हैं।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप के 2 मैचों में चले संजू सैमसन, अब करेंगे विराट कोहली की बराबरी!
ब्रूक का कैच 'अविश्वसनीय'
अक्षर ने कवर पोजीशन से 24 मीटर पीछे दौड़कर शानदार कैच लपक ब्रूक को पवेलियन भेजा। इसके बाद अर्शदीप सिंह की वाइड फुल टॉस गेंद को जैक्स ने डीप पॉइंट की ओर खेला। अक्षर ने अपनी बाईं ओर दौड़कर गेंद को लपका लेकिन सीमा रेखा पर संतुलन नहीं बना पाने के कारण उन्होंने उसे शिवम दुबे की तरफ उछाल दिया।
गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स पर कहा, 'अक्षर ने ब्रूक का जो कैच लिया वह अविश्वसनीय था। ब्रूक मैच का रुख बदल सकते हैं और उनका विकेट हासिल करने का हर मौका भुनाना चाहिए। अक्षर ने वही किया। वह 24 मीटर दौड़े, गेंद पर नजर रखी, खुद पर नियंत्रण बनाए रखा और कैच लपक लिया। अविश्वसनीय।'
उन्होंने आगे कहा, 'विल जैक्स को आउट करने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई। जैकब बेथेल और जैक्स की साझेदारी मैच को इंग्लैंड के पक्ष में कर रही थी लेकिन अक्षर अपनी बाईं ओर दौड़े, गेंद पकड़ी और चतुराई दिखाकर उसे शिवम दुबे के पास पहुंचा दिया। इससे उनकी क्रिकेट की समझ और अच्छी सूझबूझ का पता चलता है। टॉप लेवल पर आपकी सूझबूझ और जज्बा ही महान खिलाड़ियों को अन्य खिलाड़ियों से अलग करता है। अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के दम पर अक्षर भारत के महान खिलाड़ियों में से एक बनने जा रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: 'मैन ऑफ द मैच तो बुमराह को मिलना चाहिए', खुद संजू सैमसन ने कह दिया
जडेजा की कमी नहीं खलने दे रहे अक्षर
गावस्कर ने कहा कि रवींद्र जडेजा के टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद अक्षर ने उनकी जगह को अच्छी तरह से भर दिया है। उन्होंने कहा, 'उनसे पहले हमारे पास रवींद्र जडेजा थे और अक्षर उनकी कमी को बखूबी पूरा कर रहे हैं। उनकी गेंदबाजी में थोड़ा और निखार की जरूरत है। अनुभव के साथ यह आ जाएगा। उनकी लाइन, लेंथ और गति में निरंतर सुधार हो रहा है।'
गावस्कर ने इसके अलावा जसप्रीत बुमराह की तारीफ करते हुए कहा, 'जसप्रीत बुमराह जैसे तेज गेंदबाज सदियों में एक बार पैदा होते हैं। वह सभी फॉर्मेट में खेलते हैं। इसलिए चाहे टेस्ट मैच हो या वनडे या फिर टी20 आप उन्हें गेंद दे दीजिए और वह अपना काम बखूबी निभाएंगे।'