टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 44वां मुकाबला वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेला गया। यह सुपर-8 के ग्रुप-1 का दूसरा मैच था, जो 23 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ। इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने बहुत बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। इतने बड़े लक्ष्य के दबाव में जिम्बाब्वे की टीम टिक नहीं पाई और वेस्टइंडीज ने मुकाबला 107 रन के बड़े अंतर से जीत लिया। जिम्बाब्वे की इस भारी हार से टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गई है, क्योंकि इस ग्रुप की ऊपर वाली दोनों टीमों का नेट रन रेट काफी मजबूत हो गया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026 में खेलेंगे धोनी, CSK फैंस के लिए यह खबर अच्छी है या बुरी?
आपको बता दें कि भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपना पहला सुपर 8 मैच साउथ अफ्रीका से बहुत बड़े अंतर से हार गई थी। इससे टीम इंडिया का नेट रन रेट काफी कम हो गया था। साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ यह मैच 76 रन से जीता था। इसके बाद से इस बात पर काफी बहस चल रही है कि क्या भारतीय टीम सेमीफाइनल में पहुंचेगी।
वेस्टइंडीज की पारी
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। पहले बैटिंग करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही, लेकिन कुछ ही देर में बल्लेबाजों ने पारी संभाल ली। शुरुआती 12 ओवर में टीम ने 2 विकेट खोकर 131 रन बना लिए थे। इसके बाद आखिरी 8 ओवर में वेस्टइंडीज ने तेजी से रन बटोरे। इस दौरान 4 विकेट जरूर गिरे, लेकिन टीम ने 123 रन जोड़ दिए। इसी दमदार बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 254 रन ठोक दिए और जिम्बाब्वे के सामने पहाड़ जैसा लक्ष्य रख दिया।
वेस्टइंडीज के लिए शिमरोन हेटमायर ने सबसे ज्यादा 85 रन बनाए, जबकि रोवमैन पॉवेल ने 59 रन बनाए। जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी और रिचर्ड नगारवा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने एक-एक विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर का मजाकिया अंदाज वायरल, प्रैक्टिस सेशन वीडियो ने जीता फैन्स का दिल
जिम्बाब्वे की पारी
टारगेट का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत खराब रही और टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। पहले 12 ओवर में ही जिम्बाब्वे ने 6 विकेट खोकर 101 रन बना लिए थे। इसके बाद टीम संभल नहीं पाई और अगली 6 ओवर में 4 विकेट खोकर सिर्फ 46 रन ही जोड़ सकी। आखिरकार जिम्बाब्वे 17.4 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गया। इस तरह वेस्टइंडीज ने मैच 107 रन से आसानी से जीत लिया।
ब्रैड इवांस ने आखिरी विकेट गिरने से पहले तेज बल्लेबाजी करते हुए 43 रन बनाए और जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा स्कोर किया। उनके अलावा डायोन मायर्स डायोन मायर्स ने 28 रन की पारी खेली। वहीं वेस्टइंडीज की गेंदबाजी में गुडाकेश मोती सबसे सफल रहे और 4 विकेट झटके। अकील होसेन को 3 विकेट मिले, मैथ्यू फोर्ड ने 2 विकेट लिए, जबकि जेसन होल्डर ने 1 बल्लेबाज को आउट किया।
यह भी पढ़ें: 33 करोड़ घंटे... भारत-पाकिस्तान मैच ने तोड़ डाले व्यूरशिप के सारे रिकॉर्ड
भारतीय टीम की बढ़ी टेंशन
सुपर-8 के ग्रुप-1 में चारों टीमों ने अब तक एक-एक मैच खेल लिया है। वेस्टइंडीज ने अपना पहला मैच जीतकर +5.350 नेट रन रेट के साथ पहले नंबर पर जगह बना ली है। वहीं दक्षिण अफ्रीका भी 1 मैच जीतकर +3.800 नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। दूसरी तरफ भारतीय टीम अपना पहला मैच हार गई, इसलिए -3.800 नेट रन रेट के साथ तीसरे नंबर पर है। जिम्बाब्वे भी पहला मैच हारने के बाद -5.350 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर है।
सुपर-8 ग्रुप-1 में सेमीफाइनल की दौड़ अभी खुली है। अब सेमीफाइनल क्वालीफाई करने के लिए भारत को अपने दोनों बचे मैच जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ हर हाल में जीतने होंगे, ताकि 4 पॉइंट हो जाएं। इसके साथ रनरेट भी बड़ा रखना जरूरी है, क्योंकि दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज पहले से बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चुके हैं। अगर भारत दोनों मैच जीते और अन्य मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका या वेस्टइंडीज में से कोई एक टीम एक मैच हार जाए तो बेहतर नेट रन रेट के दम पर भारत टॉप-2 में पहुंचकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना सकता है।