पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान ने भारत के खिलाफ मुकाबले से बड़बोलापन दिखाया था। फरहान ने अमेरिका के खिलाफ 41 गेंद में 73 रन की मैच विजयी पारी खेलने के बाद कहा था कि हम भारत के सामने उसी माइंडसेट के साथ उतरेंगे जैसा हमने एशिया कप में खेल दिखाया था। एशिया कप में पाकिस्तानी टीम भारत से तीनों मैच हारी थी लेकिन फरहान का बयान अपने प्रदर्शन को लेकर था, जिसका काफी मजाक बना।
फरहान ने एशिया कप में भारत के खिलाफ 3 मैच में 155 रन बनाए थे। मगर उनका स्ट्राइक रेट कुछ खास नहीं था। इस बल्लेबाज को सबसे ज्यादा खुशी थी कि उसने जसप्रीत बुमराह को छक्के मारे थे। फरहान ने बुमराह की गेंद पर छक्के लगाने के बाद एक 'डॉक्यूमेंट्री' जैसे विज्ञापन में इसका जिक्र भी किया।
इस काम पर उन्हें अपने देश के लोगों से ही लानत मलामत मिली कि जो प्रदर्शन टीम को जीत नहीं दिला सका, उस पर इतना घमंड क्यों करना? मगर फरहान ने इस पर कभी सफाई नहीं दी लेकिन जब टी20 वर्ल्ड कप में उनका हार्दिक पंड्या से सामना हुआ तो भारतीय ऑलराउंडर ने उन्हें असली औकात दिखा दी।
यह भी पढ़ें: ईशान किशन ने PAK के खिलाफ बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, गंभीर और कोहली को छोड़ा पीछे
आउट कर फरहान को घूरते रहे हार्दिक
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 175 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद पहला ओवर लेकर आए हार्दिक पंड्या ने पहली 3 गेंद पर फरहान को कोई रन नहीं बनाने दिए। हार्दिक ने चौथी गेंद पटकी हुई की, जिस पर फरहान ने बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर मिड ऑन की ओर खड़ी हो गई।
हार्दिक जानते थे वहीं रिंकू खड़े हैं और उन्होंने पीछे मुड़कर भी नहीं देखा कि रिंकू ने कैच लिया या नहीं, वह बस फरहान को घूरते रहे... मानों कह रहे हों कि अब बनाना डॉक्यूमेंट्री! सोशल मीडिया पर टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर के इस स्वैग की चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें: सलमान से No hanshake, हाथ मिलाना तो दूर सूर्या ने पाक कप्तान को भाव तक नहीं दिया
भारत ने 61 रन से जीता मुकाबला
ईशान किशन की 40 गेंद में 77 रन की पारी धमाकेदार पारी के बाद हार्दिक और जसप्रीत बुमराह ने पहले दो ओवर में ही भारत की जीत तय कर दी। हार्दिक ने पहला ओवर विकेट मेडन निकाला। इसके बाद अगला ओवर लेकर आए बुमराह ने सईम अयूब और पाक कप्तान सलमान अली आगा के विकेट लेकर मुकाबला भारत की झोली में डाल दिया। पाक टीम इन झटकों से कभी उबर नहीं पाई और 114 रन पर ही ऑलआउट हो गई। भारत ने 61 रन से मुकाबला जीत सुपर-8 में एंट्री ले ली है। वहीं पाकिस्तान इस बड़ी हार के बाद करो या मरो वाली स्थिति में आ गया है। अब उसे अगले राउंड में पहुंचने के लिए नामीबिया के खिलाफ अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में हर हाल में जीत दर्ज करना होगा।