ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आज (रविवार) भारत-पाकिस्तान की टक्कर होनी है। यह महामुकाबला शाम 7 बजे से कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है। मगर बारिश के आसार ने उनकी धड़कनें बढ़ा रखी हैं। शनिवार को भारत के प्रैक्टिस सेशन के दौरान भी बारिश ने खलल डाला था। इस कारण टीम इंडिया को प्रैक्टिस रोकनी पड़ी और साथ ही ग्राउंड स्टाफ को पूरे आउटफील्ड को कवर करना पड़ा था।
श्रीलंकाई मौसम विभाग ने पहले बताया था कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर सिस्टम बन रहा है, जिससे रविवार को दोपहर में कोलंबो में बारिश हो सकती है। हालांकि फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अपडेट दिया है कि रात में श्रीलंका के पूर्वी और दक्षिणी प्रांतों में भारी बारिश की संभावना है लेकिन कोलंबो पश्चिमी प्रांत में पड़ता है, जहां मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें: Ind vs Pak: 'जंग हो या क्रिकेट का मैदान, जीतेंगे हम,' मैच पर क्या बोल रहे लोग?
मैच से पहले होगी बारिश?
कोलंबो में शाम में बारिश की संभावना जताई गई है। इस कारण टॉस में देरी हो सकती है लेकिन मैच धुलने के आसार कम नजर आ रहे हैं। आर प्रेमदासा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम बेहतरीन है और यहां के ग्राउंड स्टाफ के पास मौसम साफ होते ही मैदान को जल्द से जल्द खेलने लायक तैयार करने का पर्याप्त अनुभव है। यहां सिर्फ पिच ही नहीं बल्कि पूरे आउटफील्ड को कवर किया जाता है, जिससे बारिश छूटते ही 45 से 60 मिनट में मैदान खेलने लायक तैयार हो जाता है। ऐसे में मैच के दौरान भी बारिश खलल डालता है तो कुछ ओवरों का नुकसान हो सकता है लेकिन मैच रद्द होने की संभावना कम है।
यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप में भारत vs पाकिस्तान मैच कहां देखें, क्या होगी प्लेइंग 11
कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी
भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप-A का मैच होना है। ICC ने ग्रुप स्टेज और सुपर-8 स्टेज के लिए कोई रिजर्व-डे नहीं रखा है। नियमों के अनुसार टी20 इंटरनेशनल में मैच का नतीजा निकालने के लिए कम से कम 5-5 ओवर का खेल होना जरूरी है। अगर इतने ओवर भी संभव नहीं हो पाते हैं तो भारत और पाकिस्तान दोनों सुपर-8 में पहुंच जाएंगे। मैच बारिश की भेंट चढ़ने पर दोनों टीमों को 1-1 पॉइंट्स मिलेंगे, जिससे उनके पास 5-5 पॉइंट्स हो जाएंगे और वे आसानी से अगले राउंड में पहुंच जाएंगे।