इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 47वां मुकाबला मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के बीच खेला गया, जो हाई-स्कोरिंग रहा। वानखेड़े स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में LSG ने पहले बैटिंग के लिए बुलाए जाने पर बड़ा स्कोर (228/5) खड़ा किया। MI ने रोहित शर्मा और रायन रिकलटन की आतिशी पारियों की बदौलत इस टारगेट को 18.4 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
IPL में MI का यह सबसे सफल रन चेज रहा। उसने इस जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जिंदा रखी है। MI 10 मैचों में 6 पॉइंट्स के साथ अभी भी 9वें स्थान पर है। उसे अपने बाकी बचे सभी मुकाबले जीतने के बाद भी दूसरी टीमों के नतीजों पर निर्भर रहना होगा। यही हाल LSG का है। उसने लगातार छठा मुकाबला गंवाया है। वह भी अपने बचे हुए पांचों मैच जीतकर भी 14 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी।
यह भी पढ़ें: रोहित शर्मा ने LSG को धो डाला, 44 गेंद में 84 रन ठोक लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
रोहित-रिकलटन के बीच रिकॉर्ड साझेदारी
विशाल टारगेट का पीछा करने उतरी MI को रोहित शर्मा और रायन रिकलटन ने आतिशी शुरुआत दी। दोनों ने 10.5 ओवर में 143 रन की साझेदारी कर जीत की नींव रखी। रिकलटन ने 32 गेंद में 83 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। उनके आउट होने के बाद रोहित ने मोर्चा संभाला और वह MI को जीत के करीब पहुंचाकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 44 गेंद में 6 चौके और 7 छक्कों की मदद से 84 रन ठोके।
रोहित के आउट होने के बाद तिलक वर्मा (13 गेंद में 11 रन) और हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार यादव (7 गेंद में 12 रन) भी चलते बने। LSG को जीत की हल्की किरण दिखाई देने लगी थी लेकिन नमन धीर (12 गेंद में नाबाद 23) और विल जैक्स (4 गेंद में नाबाद 10 रन) ने MI को 8 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। LSG की ओर से मोहम्मद शमी और आवेश खान ने 50-50 प्लस रन लुटाए। मोहसिन खान और एम सिद्धार्थ भी महंगे रहे और अपने स्पेल में 47-47 रन खर्चे।
यह भी पढ़ें: फंस गई थी LSG, इस अनजान खिलाड़ी ने संभाली पारी, कौन हैं हिम्मत सिंह?
तूफानी शुरुआत के बाद धीमी पड़ी LSG की पारी
इससे पहले पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर LSG ने 8 ओवर में ही 1 विकेट खोकर 123 रन बना लिए थे। निकोलस पूरन (21 गेंद में 63 रन) और मिचेल मार्श (25 गेंद में 44 रन) खतरनाक मूड में लग रहे थे लेकिन कॉर्बिन बॉश ने 9वें ओवर में दोनों के विकेट लेकर बाजी पलट दी। पूरन-मार्श के आउट होने के बाद LSG 11.1 ओवर में 103 रन ही बना पाई, जिसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ा।