ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साउथ अफ्रीका ने जीत की हैट्रिक लगा दी है। एडन मारक्रम की 44 गेंद में नाबाद 88 रन की कप्तानी पारी की बदौलत साउथ अफ्रीकी टीम ने न्यूजीलैंड को 7 विकेट रौंदकर सुपर-8 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। शनिवार (14 फरवरी) को अहमदाबाद में खेले गए ग्रुप-D के मुकाबले में प्रोटियाज टीम ने कीवियों को 175/7 के स्कोर पर रोका और फिर 17 गेंद बाकी रहते जीत दर्ज कर ली।
मारक्रम के अलावा क्विंटन डिकॉक (20), रायन रिकलटन (21), डेवाल्ड ब्रेविस (21) और डेविड मिलर ( नाबाद 24) ने उपयोगी योगदान दिया। न्यूजीलैंड के लिए जैकब डफी काफी महंगे रहे। उन्होंने 3 ओवर में 50 रन लुटा दिए। मैट हेनरी ने 4 ओवर में 38 रन खर्चे। दोनों स्ट्राइक गेंदबाज खाली रहे, जिससे कीवी टीम को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: '24 घंटे का इंतजार...' पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले ऐसा क्यों बोले सूर्या?
मार्को यानसन के आगे ढेर हुआ न्यूजीलैंड
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने शुरुआत अच्छी की थी लेकिन मार्को यानसन के तिहरे झटके ने उसे बैकफुट पर भेज दिया। यानसन ने चौथे ओवर में टिम साइफर्ट (13) का विकेट लेने के बाद पावरप्ले के आखिरी ओवर में फिन एलन (32) और रचिन रवींद्र (13) को चलता किया। न्यूजीलैंड की टीम इन झटकों से उबरी भी नहीं थी कि केशव महाराज ने ग्लेन फिलिप्स (1) को क्लीन बोल्ड कर दिया।
64 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद मार्क चैपमैन और डेरिल मिचेल ने अर्धशतकीय साझेदारी कर न्यूजीलैंड को उबारा लेकिन यानसन एक बार फिर कीवी टीम पर कहर बनकर टूटे। यानसन ने 14वें ओवर की आखिरी गेंद पर चैपमैन (48) का विकेट लेकर न्यूजीलैंड की पारी पटरी से उतार दी। इसके बाद कीवी टीम आखिरी 6 ओवर में सिर्फ 37 रन ही बना सकी।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ सूर्या का ट्रंप कार्ड साबित होंगे वॉशिंगटन सुंदर, आंकड़े गवाह
सैंटनर ने 10 गेंद में 4 रन बनाए
मिचेल सैंटनर ने 10 गेंद खेलकर सिर्फ 4 रन बनाए। आठवें नंबर पर उतरे जिमी नीशन ने 15 गेंद में नाबाद 23 रन बनाकर न्यूजीलैंड को 170 के पार पहुंचाया लेकिन यह नाकाफी था।
यानसन ने 4 ओवर के अपने स्पैल में 40 रन दिए और 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया। लुंगि एनगिडी, केशव महाराज और कॉर्बिन बॉश को एक-एक सफलता मिली।