ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 अब नॉकआउट स्टेज में पहुंच गया है। आज (4 मार्च) कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पहला सेमीफाइनल मुकाबला खेला जाना है। ए़डन मारक्रम की कप्तानी वाली साउथ अफ्रीकी टीम टूर्नामेंट में अजेय है, वहीं न्यूजीलैंड को सुपर-8 में इंग्लैंड के हाथों करीब हार का सामना करना पड़ा था। कीवी टीम की इस हार के कारण पाकिस्तान के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका बन गया था लेकिन श्रीलंका ने उसे बाहर कर दिया।
212 रन बनाने के बाद पाक टीम श्रीलंका को 147 के नीचे नहीं रोक सकी, जिससे बेहतर नेट रन के आधार पर न्यूजीलैंड को सेमीफाइनल का टिकट मिल गया। अब न्यूजीलैंड की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंच इतिहास रचना चाहेगी। मिचेल सैंटनर की कप्तानी में इस टीम ने अब तक एकजुट प्रदर्शन किया है लेकिन ईडन गार्डंस में साउथ अफ्रीका के खिलाफ एक बार फिर उनकी कठिन परीक्षा होगी। प्रोटियाज टीम ग्रुप स्टेज में कीवियों को हरा चुकी है।
यह भी पढ़ें: RCB फैन्स के लिए गुड न्यूज या बैड न्यूज? बेंगलुरु में सिर्फ 5 मैच होंगे
फॉर्म में है साउथ अफ्रीकी टीम
साउथ अफ्रीका को पिछले एडिशन के फाइनल में भारत से दिल तोड़ने वाली हार मिली थी। इस बार वह खिताब की प्रबल दावेदार नजर आ रही है। उसने ग्रुप स्टेज में अजेय रहने के बाद सुपर-8 में भी अपने तीनों मैच जीते। एडन मारक्रम, क्विंटन डिकॉक और रायन रिकलटन के बल्ले से रन बरस रहे हैं। डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स अपने रोल को बखूबी निभा रहे हैं। वहीं लुंगि एनगिडी, मार्को यानसन और कॉर्बिन बॉश ने गेंद के साथ मोर्चा संभाल रखा है।
कैगिसो रबाडा थोड़े महंगे जा रहे थे लेकिन वेस्टइंडीज के खिलाफ वह अपने पुराने रंग में दिखे। ईडन गार्डंस में केशव महाराज की भूमिका भी अहम होगी। अगर गेंद थोड़ी भी टर्न हुई तो कीवी बल्लेबाजों के लिए मुसीबत बन सकते हैं।
यह भी पढ़ें: वर्ल्ड कप में मेजबान देश कैसे करता है कमाई? सारे तरीके जान लीजिए
न्यूजीलैंड यहां है भारी
कीवी टीम का मैट हेनरी की वापसी से मनोबल बढ़ा होगा। हेनरी पैटरनिटी लीव पर स्वदेश लौट गए थे। वह कल रात कोलकाता पहुंचे और टीम से जुड़े। हेनरी को प्रैक्टिस सेशन में हिस्सा लेने का मौका नहीं मिला लेकिन वह प्लेइंग-XI का हिस्सा होंगे। ईश सोड़ी की जगह जिमी नीशम को खिलाया जा सकता है, क्योंकि ईडन गार्डंस में स्पिन के लिए उतनी मदद नहीं रहेगी। कीवी टीम की बल्लेबाजी में कोई बदलाव की जरूरत नही हैं।
न्यूजीलैंड के पास इस मुकाबले में मनोवैज्ञानिक बढ़त होगी। वह ICC टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबले में साउथ अफ्रीका से कभी नहीं हारी है। कीवी टीम 2011 ODI वर्ल्ड कप क्वार्टर-फाइनल, 2015 ODI वर्ल्ड कप सेमीफाइनल और पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में साउथ अफ्रीका को धूल चटा चुकी है। हालांकि इस बार टी20 फॉर्मेट में ये दोनों टीमें नॉकआउट मुकाबले में आमने-सामने हैं। देखना होगा कि यहां कौन भारी पड़ता है।
SA vs NZ टी20 में हेड टू हेड रिकॉर्ड:
- मैच खेले - 19
- साउथ अफ्रीका जीता - 12
- न्यूजीलैंड जीता - 7
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिशेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोल मैककॉन्ची/जैकब डफी, जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
साउथ अफ्रीका - क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एडन मारक्रम (कप्तान), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी