टी20 वर्ल्ड कप 2026 जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, टूर्नामेंट का रोमांच भी बढ़ता जा रहा है। इस बार कई बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं। 2021 की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गई, जबकि जिम्बाब्वे जैसी टीम ने शानदार प्रदर्शन कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया। छोटी टीमों के खिलाड़ियों ने भी बल्ले और गेंद से दमदार खेल दिखाकर सुर्खियां बटोरीं। हालांकि इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा भारत-पाकिस्तान मुकाबले की ही रही।
भारत ने अपने ग्रुप ए मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हराकर टूर्नामेंट की जबरदस्त शुरुआत की। मैच से पहले पाकिस्तान के बॉयकॉट की बातें हो रही थीं, जिससे विवाद हुआ। लेकिन बाद में टीम मैदान पर उतरी और मैच खेला गया। मैदान पर भारत का दबदबा साफ दिख रहा था और मैच एकतरफा था। फिर भी दोनों देशों के बीच पारंपरिक प्रतिद्वंद्विता ने दर्शकों का जोश बनाए रखा।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे ने भारत से कितने मैच जीते हैं, चेपॉक में खेला करेगी सिकंदर 'सेना'?
भारत ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी मैच जीतकर पहला पोजीशन हासिल किया। जबकि पाकिस्तान ने अपने चार में से तीन मैच जीतकर दूसरा नंबर हासिल किया और सुपर 8 में आगे बढ़ा। सुपर 8 स्टेज के लिए दोनों टीमों को अलग-अलग ग्रुप में रखा गया है। भारत ग्रुप 1 में है, जबकि पाकिस्तान ग्रुप 2 में है। इसलिए इस स्टेज में दोनों टीमों के बीच आमना-सामना नहीं हो सकता है। भारत बनाम पाकिस्तान का मैच अब सिर्फ सेमीफाइनल या फाइनल में ही हो सकता है। तो अगर भारत और पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में फिर से मिलते हैं उसका समीकरण क्या हो सकता है।
सेमीफाइनल में IND vs PAK मैच का समीकरण
सेमीफाइनल का फॉर्मेट क्रॉसओवर सिस्टम पर आधारित है। ग्रुप-1 की टॉप टीम ग्रुप-2 की दूसरे नंबर की टीम से खेलेगी, जबकि ग्रुप-2 की टॉप टीम ग्रुप-1 की दूसरे नंबर की टीम से भिड़ेगी। ऐसे में अगर भारत अपने ग्रुप में पहले और पाकिस्तान दूसरे स्थान पर रहता है, या पाकिस्तान पहले और भारत दूसरे नंबर पर आता है, तो सेमीफाइनल में हाई-वोल्टेज मुकाबला तय हो जाएगा। लेकिन अगर दोनों टीमें अपने-अपने ग्रुप में समान स्थान (दोनों पहले या दोनों दूसरे) पर रहती हैं, तो भिड़ंत नहीं होगी।
यह भी पढ़ें: बर्तन धोने की बात कहने वाले पाकिस्तानी कप्तान पर बैन लगाकर खुद दे दिया इस्तीफा
अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच जाती हैं और वहां उनका आमना-सामना नहीं होता, साथ ही वे अपने-अपने ग्रुप में टॉप पर रहती हैं, तो फिर टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत दोबारा देखने को मिल सकती है।