उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पैर दबाने से मना करने पर एक अनुसूचित जाति के युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान 33 वर्षीय राजकुमार उर्फ छन्नू के तौर पर हुई है।
आरोपियों ने राजकुमार को बेल्ट और रॉड से पीटा। बेरहमी से पीटने के बाद राजकुमार को सड़क पर फेंक दिया, ताकि सड़क हादसे की मौत दिखाई जा सके। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शराब पार्टी के बाद वारदात को अंजाम दिया था। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र के सिद्धनाथ मंदिर से लौट रही पिकअप वैन कुएं में गिरी, 8 की मौत
ललितपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालू सिंह ने बताया कि रविवार सुबह कोतवाली पुलिस को वर्णी जैन कॉलेज के पीछे और गुरुनानक धर्मशाला के नजदीक सड़क पर बेसुध पड़े एक व्यक्ति की सूचना मिली। मौके पर पुलिस टीम पहुंची। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। उसकी पहचान 33 वर्षीय राजकुमार उर्फ छन्नू के तौर पर हुई है।
शराब पार्टी में जाना राजकुमार को पड़ा भारी
पुलिस ने जब घटना की जांच शुरू की तो एक शराब पार्टी का खुलासा हुआ। शनिवार की रात सिविल लाइन्स में सम्यक राजनायक उर्फ राही जैन के आवास पर पार्टी का आयोजन किया गया था। इसमें अनुसूचित जाति से आने वाले राजकुमार भी शामिल हुए थे। उनके अलावा गजेंद्र नरवरिया उर्फ गजेंद्र सिंह राजपूत और गौरव रायकवार भी थे।
पैर दबाने को कहा, मना करने पर हत्या
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कालू सिंह के मुताबिक शराब के नशे में धुत होने के बाद तीनों आरोपियों ने राजकुमार से पैर दबाने को कहा। हालांकि राजकुमार ने इनकार कर दिया। इसके बाद तीनों ने रॉड और बेल्ट से राजकुमार की बेरहमी से पिटाई की। उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। आरोपियों ने रात में शव को सड़क पर फेंक दिया, ताकि हादसे का रूप दिया जा सके।
यह भी पढ़ें: ट्रंप की डील से पहले इजरायल का भीषण हमला, हिजबुल्लाह का हेडक्वार्टर उड़ाया
मां की शिकायत पर मुकदमा हुआ दर्ज
एएसपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम की खातिर भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतक युवक की मां की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।