उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में एक युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। आरोप है कि मजदूरी कर रही युवती को उसकी मां के बुलावे का झांसा देकर सुनसान स्थान पर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद पांच लोगों ने उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने उमर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार 23 वर्षीय युवती अपने पिता के साथ ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रही थी। इसी दौरान उमर ने फोन कर बताया कि उसकी मां पास के खेत में घास काट रही है और उसे बुला रही है। परिजन का आरोप है कि युवती जैसे ही बताए गए स्थान पर पहुंची, वहां पहले से दो बाइकों पर पांच युवक मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: पहले से था घर फिर भी ले लिए PM आवास के पैसे, अब होगी 10.60 करोड़ की रिकवरी
नशीला पदार्थ सुंघाकर खेत में ले गए
आरोप है कि आरोपियों ने युवती को नशीला पदार्थ सुंघाकर अचेत कर दिया। इसके बाद उसे बाइक पर बैठाकर कच्छरोली रेलवे स्टेशन के पास एक खेत में ले जाया गया। शिकायत के मुताबिक वहां उमर और उसके एक साथी ने युवती के साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी आसपास खड़े होकर निगरानी करते रहे। पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे।
यह भी पढ़ें: मिठास कम, खुशबू ज्यादा, 'मोदी मैंगो' बाजार में आने के लिए तैयार
उमर समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर उमर समेत पांच आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।थाना प्रभारी सत्यनारायण ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।