संजय सिंह, पटना। बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की बढ़ती सख्ती के बीच भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक आनंद मिश्रा ने बड़ा बयान दिया है। सिवान में हाल ही में हुए एनकाउंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने साफ कर दिया कि राज्य में अब कानून का राज चलेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग अपराध का रास्ता चुनेंगे, उनके लिए अब बिहार में कोई जगह नहीं बची है।
आनंद मिश्रा ने दो टूक शब्दों में कहा कि NDA सरकार में अगर कोई अपराध करेगा, तो उसे अंजाम भुगतना ही पड़ेगा। कानून से टकराने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उनका यह बयान सिवान के कुख्यात अपराधी सोनू यादव के एनकाउंटर के बाद आया है, जिसने पूरे राज्य में अपराधियों के भीतर डर पैदा कर दिया है।
यह भी पढ़ें: 3 महीने पहले शादी, अब मौत; रेवाड़ी में बेड पर पड़ी मिली विवाहिता की लाश
आनंद मिश्रा ने कहा कि अपराधी की न तो कोई जाति होती है और न ही कोई धर्म। उसकी एकमात्र पहचान यह है कि वह एक अपराधी है। उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया जो पुलिस की कार्रवाई को जाति या धर्म के चश्मे से देखते हैं। विधायक ने साफ किया कि अपराधी सिर्फ अपने फायदे के लिए किसी की भी जान ले सकते हैं, इसलिए समाज की सुरक्षा के लिए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई बहुत जरूरी है।
पुलिस पर हमला किया तो मिलेगा मुंहतोड़ जवाब
आनंद मिश्रा ने सोनू यादव, छोटू यादव और कुंदन ठाकुर जैसे कई बड़े अपराधियों का नाम लेते हुए कहा कि इन पर हत्या और रंगदारी जैसे दर्जनों गंभीर मामले दर्ज थे। जब इन अपराधियों ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की तो पुलिस को अपनी और जनता की रक्षा के लिए जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने बिहार पुलिस के साहस की तारीफ करते हुए कहा कि अपनी जान पर खेलकर समाज को सुरक्षित रखने वाले पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है।
यह भी पढ़ें: शराब के लिए पानी नहीं लाया बच्चा, गुस्से में मासूम को मार दी गोली
आनंद मिश्रा ने कहा कि बिहार महान ज्ञानियों और अनुशासन की धरती रही है। अब उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में सरकार उसी पुराने गौरव को वापस लाने के लिए अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि सख्त फैसलों और मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर बिहार को पूरी तरह अपराध मुक्त बनाया जाएगा।