logo

मूड

ट्रेंडिंग:

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए बस सेवा शुरू, रूट और किराया सब जानिए

बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू हुई हैं। 18 मार्गों पर 149 सरकारी और 150 PPP मोड की बसें चलेंगी। किन्हें लाभ मिलेगा, रूट क्या होगा, पढ़ें रिपोर्ट।

पटना ट्रांसपोर्ट सर्विस। Photo Credit: PTI

पटना ट्रांसपोर्ट सर्विस। Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार में अंतरराज्यीय परिवहन व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य के 13 जिलों से देश की राजधानी दिल्ली के लिए नियमित बस सेवा शुरू की गई है। ये बसें बिहार के 18 मार्गों से होते हुए दिल्ली पहुंचेंगी। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह और बिहार के परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने संयुक्त रूप से बिहार-दिल्ली अंतरराज्यीय बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डा (ISBT), कश्मीरी गेट पर आयोजित किया गया।

इससे पहले बिहार के परिवहन सचिव राज कामार और दिल्ली की परिवहन सचिव निहारिका राय ने बस परिचालन के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में BSRTC के प्रशासक अतुल कुमार वर्मा, दिल्ली के चांदनी चौक से सांसद प्रवीण खंडेलवाल, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: बिहार: अशोक चौधरी ने असिस्टेंट प्रोफेसर पद से इस्तीफा दिया, नियुक्ति पर था विवाद

149 नई डीलक्स बसें खरीदी गईं, PPP मोड में भी चलेंगी 150 बसें

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) के अनुसार, अंतरराज्यीय मार्गों पर बसों के परिचालन के लिए कुल 149 डीलक्स बसें खरीदी गई हैं। इनमें 75 नॉन-एसी और 74 एसी बसें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड में भी 150 बसें चलाई जाएंगी।

इसके लिए प्रदेश में कुल 18 मार्गों का चयन किया गया है। पटना से सबसे अधिक चार मार्ग निर्धारित किए गए हैं। मुजफ्फरपुर और गयाजी से दो-दो मार्ग हैं, जबकि अररिया, बिहारशरीफ, भागलपुर, बक्सर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, किशनगंज, मधुबनी, नवादा और पूर्णिया से एक-एक मार्ग दिल्ली के लिए चिह्नित किया गया है।

हर मार्ग पर दिल्ली और बिहार, दोनों तरफ से 12-12 परमिट का कोटा निर्धारित किया गया है। यानी दोनों दिशाओं में बसों का नियमित परिचालन होगा। इससे यात्रियों को दिल्ली आने-जाने के लिए परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा।

पहले सिर्फ पर्व-त्योहारों पर चलती थीं बसें, अब पूरे साल सुविधा

परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि पहले बिहार से दूसरे राज्यों के लिए बस सेवा केवल पर्व-त्योहारों के दौरान संचालित होती थी। वर्ष 2025 में पर्व-त्योहारों के दौरान ट्रेनों और परिवहन के अन्य साधनों में भारी भीड़ को देखते हुए बिहार सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए निगम और PPP मोड की कुल 210 बसें चलाई थीं। इसी क्रम में वर्ष 2026 में दीपावली और छठ पर्व के दौरान बिहार से दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और झारखंड के विभिन्न मार्गों पर कुल 155 बसों का परिचालन किया गया।

यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया और बढ़ती मांग को देखते हुए इन सेवाओं को पूरे साल जारी रखने की जरूरत महसूस की गई। इसी उद्देश्य से बिहार सरकार संबंधित राज्यों के साथ पारस्परिक परिवहन समझौते कर रही है। मंत्री ने बताया कि इससे पहले जुलाई में बिहार और हरियाणा के बीच 12 मार्गों पर नियमित बस संचालन के लिए MOU हुआ था। इसके तहत निगम को 36 बसों के परमिट मिल चुके हैं। इन मार्गों पर अधिकांश बसें दिल्ली होकर हरियाणा के विभिन्न गंतव्यों तक जाएंगी। इससे बिहार-हरियाणा के साथ-साथ बिहार-दिल्ली के यात्रियों को भी परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें: बिहार: खगड़िया में टैंकर से चोरी हुआ 11,900 लीटर पेट्रोल, पुलिस ने किया बरामद

दिल्ली में काम करने वाले लाखों बिहारियों को होगा फायदा

बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या लाखों में है। रोजगार, पढ़ाई, इलाज और व्यापार के सिलसिले में हर दिन बड़ी संख्या में लोग दिल्ली जाते हैं। अब तक ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों को निजी बस ऑपरेटरों पर निर्भर रहना पड़ता था।

निजी बसों में मनमाना किराया वसूले जाने और सुरक्षा को लेकर भी यात्रियों को परेशानी होती थी। ऐसे में सरकारी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को एक नया विकल्प मिलेगा। खासकर छठ, दीपावली और होली जैसे त्योहारों के दौरान, जब ट्रेनों में भारी भीड़ रहती है, तब यह सेवा यात्रियों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।

बिहार से दिल्ली का बस किराया कितना है?

बिहार से दिल्ली के लिए चलने वाली बसों में चार श्रेणियों के किराये निर्धारित किए गए हैं। इनमें नॉन-एसी सीटर, नॉन-एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर बसें शामिल हैं। अलग-अलग शहरों से दिल्ली जाने का किराया क्या है? देखिए लिस्ट-

  • पटना से दिल्ली (1,198 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,615 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,715 रुपये
    एसी सीटर: 1,980 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,919 रुपये

  • मुजफ्फरपुर से दिल्ली (1,071 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,470 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,570 रुपये
    एसी सीटर: 1,804 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,717 रुपये

  • गयाजी से दिल्ली (1,106 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,555 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,655 रुपये
    एसी सीटर: 1,907 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,784 रुपये
  • दरभंगा से दिल्ली (1,137 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,592 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,692 रुपये
    एसी सीटर: 1,853 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,866 रुपये
  • पूर्णिया से दिल्ली (1,367 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 2,018 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 2,118 रुपये
    एसी सीटर: 2,470 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,383 रुपये
  • भागलपुर से दिल्ली (1,420 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,917 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 2,017 रुपये
    एसी सीटर: 2,347 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,256 रुपये
  • अररिया से दिल्ली (1,319 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,929 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 2,029 रुपये
    एसी सीटर: 2,362 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,275 रुपये
  • किशनगंज से दिल्ली (1,427 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 2,011 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 2,111 रुपये
    एसी सीटर: 2,463 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,375 रुपये
  • मोतिहारी से दिल्ली (1,071 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,429 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,529 रुपये
    एसी सीटर: 1,755 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,694 रुपये
  • सीतामढ़ी से दिल्ली (1,130 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,579 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,679 रुपये
    एसी सीटर: 1,937 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,850 रुपये
  • शिवहर से दिल्ली (1,118 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,559 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,659 रुपये
    एसी सीटर: 1,913 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,821 रुपये
  • सीवान से दिल्ली (962 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,276 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,376 रुपये
    एसी सीटर: 1,568 रुपये
    एसी स्लीपर: 2,467 रुपये
  • सुपौल से दिल्ली (1,285 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,774 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,874 रुपये
    एसी सीटर: 2,175 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,114 रुपये
  • लौकहा से दिल्ली (1,322 किमी)
    नॉन-एसी सीटर: 1,844 रुपये
    नॉन-एसी स्लीपर: 1,944 रुपये
    एसी सीटर: 2,257 रुपये
    एसी स्लीपर: 3,176 रुपये

बसों की जानकारी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग कहां करें?

बिहार से दिल्ली जाने वाली बसों के अन्य मार्गों के किराये, समय-सारणी और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की जानकारी बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध होगी। यात्री वेबसाइट  पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, टोल फ्री नंबर 1800-345-7251 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

निगम के अनुसार, जल्द ही मोबाइल ऐप के जरिए भी टिकट बुकिंग की सुविधा शुरू की जाएगी। इससे यात्रियों को टिकट के लिए बस काउंटर पर लंबी कतारों में लगने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकारी बस सेवा के नियमित संचालन से बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को एक अतिरिक्त परिवहन विकल्प मिलेगा।

Related Topic:#bihar news

और पढ़ें